PMI: नवंबर में सर्विस सेक्टर की ग्रोथ धीमी, मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों की रफ्तार तेज

0
2

नई दिल्ली। India PMI : घरेलू प्राइवेट सेक्टर के कारोबारी गतिविधियों में नवंबर 2026 के दौरान मामूली बढ़ोतरी देखने को मिली। खासकर मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का प्रदर्शन मजबूत रहा। दरअसल, फैक्ट्रियों में उत्पादन बढ़ने और नए ऑर्डर मिलने से मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों की रफ्तार तेज हुई। लेकिन सर्विस सेक्टर की ग्रोथ थोड़ी धीमी पड़ गई।

सोमवार (23 नवंबर) को जारी HDBC के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, भारत का कंपोजिट परचेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स (PMI) अक्टूबर के 56.2 से बढ़कर नवंबर में 56.3 पर पहुंच गया। यह इंडेक्स मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर की कारोबारी गतिविधियों की स्थिति बताता है।

मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का प्रदर्शन नवंबर में बेहतर रहा। HSBC का शुरुआती मैन्युफैक्चरिंग PMI अक्टूबर के 54.7 से बढ़कर नवंबर में 56.0 पर पहुंच गया, जो पिछले नौ महीनों का सबसे ऊंचा स्तर भी है।

वहीं, मैन्युफैक्चरिंग उत्पादन से जुड़ा इंडेक्स अक्टूबर के 57.0 से बढ़कर नवंबर में 58.3 हो गया। ध्यान रहे PMI में 50 से ऊपर का स्तर कारोबारी गतिविधियों में बढ़ोतरी का संकेत देता है, जबकि 50 से नीचे का स्तर गिरावट दिखाता है।

सर्विस सेक्टर की रफ्तार धीमी
मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के मुकाबले नवंबर में सर्विस सेक्टर की रफ्तार कुछ धीमी रही। सर्विस सेक्टर का बिजनेस एक्टिविटी इंडेक्स अक्टूबर के 55.8 से घटकर नवंबर में 55.3 पर आ गया।

नए ऑर्डर में तेजी
नवंबर में कंपनियों को नए ऑर्डर मिलने की रफ्तार भी बढ़ी। निजी क्षेत्र में नए कारोबार की बढ़ोतरी जून के बाद सबसे तेज रही। इसमें मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों की मजबूत मांग का बड़ा योगदान रहा। हालांकि, सर्विस सेक्टर में मांग बढ़ने की रफ्तार पिछले महीने जैसी ही रही। सर्वे में शामिल कंपनियों ने बताया कि बाजार में बेहतर मांग और नए ग्राहकों के जुड़ने से उनकी बिक्री बढ़ी है।विदेश से मिलने वाले नए ऑर्डर में भी सुधार हुआ। नए एक्सपोर्ट ऑर्डर पिछले चार महीनों की सबसे तेज रफ्तार से बढ़े। हालांकि, सामान बनाने वाली कंपनियों के एक्सपोर्ट ऑर्डर की बढ़ोतरी की रफ्तार कुछ धीमी पड़ी, जबकि सर्विस सेक्टर में एक्सपोर्ट कारोबार तेजी से बढ़ा।

फैक्ट्रियों में बढ़ी नौकरियां
नवंबर में निजी क्षेत्र में कुल रोजगार में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों ने पिछले सात महीनों की सबसे तेज रफ्तार से नए कर्मचारियों की भर्ती की। हालांकि, सर्विस सेक्टर की तस्वीर अलग रही। यहां करीब एक साल में पहली बार कर्मचारियों की संख्या में कमी देखने को मिली। हालांकि, यह गिरावट मामूली थी।इस बीच कंपनियों के पास अधूरे काम की मात्रा लगातार दूसरे महीने घटी। इसकी मुख्य वजह सर्विस सेक्टर में लंबित काम कम होना रही। दूसरी तरफ मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों में लंबित ऑर्डर में मामूली बढ़ोतरी हुई।