औद्योगिक एवं पर्यटन विकास को गति देने की दिशा में एक अच्छी पहल: माहेश्वरी
कोटा। कोटा के औद्योगिक एवं पर्यटन विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से BNI कोटा डिस्ट्रिक्ट द्वारा 18, 19 एवं 20 दिसंबर को इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म समिट 2.0 का आयोजन किया जा रहा है। इस समिट के माध्यम से हाड़ौती क्षेत्र के औद्योगिक उत्पादों, व्यापारिक गतिविधियों, निवेश की संभावनाओं एवं पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमोट करने की पहल की जा रही है।
BNI कोटा डिस्ट्रिक्ट के ईडी पीयूष गुप्ता एवं कार्यक्रम संयोजक आयुष जैन ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों से उद्योगपतियों, उद्यमियों, व्यापारियों एवं टूर ऑपरेटरों को एक मंच पर कोटा में आमंत्रित करना है।
समिट में देशभर से विभिन्न उद्योगों एवं व्यापारों से संबंधित 100 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें विभिन्न उत्पादों के प्रदर्शन के साथ हाड़ौती के औद्योगिक उत्पादन एवं पर्यटन को प्रमोट करने से संबंधित गतिविधियां भी शामिल होंगी।
आज होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष एवं कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी के मुख्य आतिथ्य में इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म समिट 2.0 के पोस्टर का विमोचन किया गया।
इस अवसर पर अशोक माहेश्वरी ने कहा कि इस तरह के आयोजन औद्योगिक, व्यापारिक एवं पर्यटन विकास को एक साथ गति देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इससे स्थानीय उत्पादों एवं उद्योगों को प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।
वहीं हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार एवं प्रमोशन भी होगा। देशभर से आने वाले उद्यमियों को हाड़ौती के औद्योगिक उत्पादन, व्यापारिक गतिविधियों तथा यहां निवेश की संभावनाओं से परिचित कराया जा सकेगा।
उन्होंने आयोजकों से आग्रह किया कि समिट में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले अतिथियों एवं उद्यमियों को हाड़ौती के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी करवाया जाए, जिससे यहां की ऐतिहासिक धरोहरों, प्राकृतिक सुंदरता एवं धार्मिक पर्यटन स्थलों की जानकारी उन्हें प्रत्यक्ष रूप से मिल सके। इससे हाड़ौती पर्यटन को नई पहचान मिलेगी तथा भविष्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी।
BNI कोटा डिस्ट्रिक्ट के ईडी पीयूष गुप्ता एवं कार्यक्रम संयोजक आयुष जैन ने बताया कि समिट में देश के विभिन्न क्षेत्रों से विभिन्न उत्पादों की 100 से अधिक स्टॉल लगाई जा रही हैं। इसके साथ ही देश के कोने-कोने से 500 से अधिक उद्यमी, विशेषज्ञ एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि अपनी भागीदारी निभाएंगे। निश्चित रूप से इस आयोजन से हाड़ौती के औद्योगिक एवं पर्यटन विकास को नई पहचान और गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य स्थानीय व्यवसायियों को राष्ट्रीय स्तर के उद्यमियों से जोड़ना, नए निवेश के अवसर तलाशना, व्यापारिक नेटवर्क मजबूत करना तथा सभी को एक मंच पर लाकर सामूहिक विकास की दिशा में आगे बढ़ाना है। इस समिट में पूरे भारत के उद्यमी, व्यापारी एवं उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि एक मंच पर उपस्थित होंगे।
समिट में विशेष अतिथि एवं सलाहकार के रूप में देश की प्रतिष्ठित हस्तियों को आमंत्रित किया गया है, जिनमें पद्मभूषण डी.आर. मेहता, पूर्व SEBI प्रमुख एवं पूर्व डिप्टी गवर्नर के.एल. जैन, मुख्य सलाहकार एवं अध्यक्ष (RCCI) सुरेश अग्रवाल, सलाहकार एवं अध्यक्ष (FORTI) नरेंद्र जैन, सलाहकार एवं अध्यक्ष, एम्प्लॉयी एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (EAR) तथा सलाहकार एवं उपाध्यक्ष, CREDAI राजस्थान के.सी. परवाल प्रमुख रूप से शामिल हैं।
आयोजकों ने कोटा व्यापार महासंघ एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन द्वारा इस आयोजन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने पर हार्दिक आभार व्यक्त किया और कहा कि यह समिट व्यापार, उद्योग, पर्यटन एवं आमजन के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा तथा कोटा और हाड़ौती के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

