शेयर बाजार में अगले सप्ताह भी जारी रहेगी तेजी या लगेगा ब्रेक, जानिए एक्सपर्ट की राय

0
1

नई दिल्ली। Stock Market This Week: भारतीय शेयर बाजार में पिछले चार हफ्तों से जारी तेजी के बाद अब निवेशकों की नजर अगले हफ्ते की चाल पर है। विदेशी निवेशकों की जोरदार खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और बैंकिंग शेयरों में तेजी से बाजार को लगातार सहारा मिल रहा है।

हालांकि, इतनी तेज बढ़त के बाद ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली का खतरा भी बढ़ गया है। मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अगले हफ्ते बाजार की दिशा विदेशी निवेशकों के रुख, ग्लोबल मार्केट के संकेतों, कच्चे तेल की कीमतों और रुपये की चाल पर निर्भर करेगी। मंगलवार, 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के मौके पर शेयर बाजार बंद रहेगा। ऐसे में इस बार केवल चार दिन कारोबार होगा।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के वेल्थ मैनेजमेंट विभाग के रिसर्च हेड सिद्धार्थ खेमका के मुताबिक, भारतीय शेयर बाजार में अगले हफ्ते भी धीरे-धीरे तेजी जारी रह सकती है। विदेशी संस्थागत निवेशकों की रिकॉर्ड खरीदारी, कमोडिटी की कीमतों में नरमी और उम्मीद से बेहतर सितंबर तिमाही के नतीजे बाजार को सहारा दे रहे हैं।

हालांकि, अमेरिका में ब्याज दरों को लेकर बदलती उम्मीदों और डॉलर की मजबूती पर भी निवेशकों की नजर रहेगी। वैश्विक स्तर पर अमेरिका के जीडीपी, महंगाई और रोजगार से जुड़े आंकड़े बाजार की दिशा को प्रभावित कर सकते हैं।

एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर के मुताबिक, भारतीय शेयर बाजार फिलहाल मजबूत स्थिति में है। विदेशी निवेशकों की खरीदारी, रुपये में सुधार, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और बैंकिंग शेयरों की मजबूती से बाजार को फायदा मिल रहा है।

हालांकि, हाल के दिनों में आई तेज बढ़त के कारण वैल्यूएशन भी बढ़ा है। ऐसे में निवेशक ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली कर सकते हैं, जिससे बाजार में कुछ समय के लिए उतार-चढ़ाव या सीमित दायरे में कारोबार देखने को मिल सकता है। अमेरिकी टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े शेयरों में बिकवाली भी निवेशकों की चिंता बढ़ा रही है।

विदेशी निवेशकों पर रहेगी नजर
भारतीय बाजार में विदेशी निवेशकों ने जोरदार वापसी की है। नवंबर में अब तक विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) का शुद्ध निवेश करीब 1.22 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है, जो अब तक का सबसे बड़ा मासिक निवेश है। इससे पहले अक्टूबर में विदेशी निवेशकों ने 34,843 करोड़ रुपये और सितंबर में 35,861 करोड़ रुपये निकाले थे। बाजार के जानकारों के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, बड़ी कंपनियों के शेयरों का आकर्षक वैल्यूएशन और ग्लोबल टेक्नोलॉजी शेयरों में बिकवाली के बीच भारतीय बाजार की मजबूती विदेशी निवेशकों को आकर्षित कर रही है।

किन आंकड़ों से तय होगी चाल?
रेलिगेयर ब्रोकिंग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च) अजीत मिश्रा के मुताबिक, छुट्टी के कारण छोटे कारोबारी हफ्ते में ग्लोबल आर्थिक आंकड़ों, विदेशी निवेशकों की खरीदारी, कच्चे तेल और रुपये की चाल का असर रहेगा। घरेलू स्तर पर सोमवार, 23 नवंबर को नवंबर का एचएसबीसी फ्लैश इंडिया पीएमआई जारी होगा। इससे मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर की गतिविधियों की शुरुआती तस्वीर मिलेगी। वहीं, अमेरिका के जीडीपी, कंज्यूमर कॉन्फिडेंस और महंगाई से जुड़े आंकड़ों पर भी नजर रहेगी। पिछले हफ्ते सेंसेक्स 2,327.26 अंक यानी 2.85 फीसदी चढ़ा, जबकि निफ्टी 656.3 अंक यानी 2.61 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। ऐसे में आने वाले दिनों में विदेशी निवेशकों की खरीदारी जारी रहना बाजार के लिए महत्वपूर्ण होगा।