उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे: माहेश्वरी
कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के प्रतिनिधिमंडल ने आज लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भेंट कर कोटा में 11 -12 -13 जनवरी 2027 को कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट-2 के आयोजन की राज्य सरकार से स्वीकृति दिलवाने पर उनका आभार व्यक्त किया। साथ ही ट्रैवल मार्ट के 11 जनवरी 2027 के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह किया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राजस्थान पर्यटन विभाग एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के संयुक्त तत्वावधान में 11 से 13 जनवरी को आयोजित होने वाले कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट-2 के आयोजन पर सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि पिछले वर्ष जनवरी में आयोजित ट्रैवल मार्ट से निश्चित रूप से हाड़ौती क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है। इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट-2 का आयोजन व्यापक स्तर पर किया जाए, जिसमें देशभर के टूर ऑपरेटरों एवं वेडिंग प्लानरों को आमंत्रित किया जाए, ताकि हाड़ौती पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिले। ऐसे आयोजनों से क्षेत्र के पर्यटन स्थलों की जानकारी व्यापक स्तर पर पहुंचती है तथा पर्यटन को नई पहचान मिलती है।
राजस्थान पर्यटन विभाग के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार होने से हाड़ौती पर्यटन आने वाले समय में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। ओम बिरला ने फेडरेशन के पदाधिकारियों को देश के प्रमुख महानगरों में रोड शो आयोजित करने के साथ-साथ दिल्ली स्थित संसद परिसर में भी रोड शो करने की सहमति प्रदान की।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष ट्रैवल मार्ट से पूर्व संसद में आयोजित रोड शो के माध्यम से हाड़ौती पर्यटन का व्यापक प्रचार हुआ था। देशभर से आए टूर ऑपरेटरों ने ट्रैवल मार्ट में भाग लेकर हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की जानकारी प्राप्त की और अपने स्तर पर उनके प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इससे क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या निरंतर बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि कोटा में वर्तमान में विकास की अनेक योजनाएं संचालित हो रही हैं। भारतमाला एक्सप्रेसवे के पूर्ण रूप से चालू होने तथा हवाई सेवा शीघ्र प्रारंभ होने से कोटा की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। देश के विभिन्न हिस्सों से कोटा जुड़ने पर औद्योगिक एवं पर्यटन विकास को गति मिलेगी, स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
इस अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने लोकसभा अध्यक्ष को बताया कि पिछले कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट के आयोजन के बाद देश के विभिन्न हिस्सों से हाड़ौती आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हुई है।
होटल फेडरेशन द्वारा ट्रैवल मार्ट के माध्यम से हाड़ौती पर्यटन को आगे बढ़ाने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र के पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार हो रहा है।
माहेश्वरी ने बताया कि होटल फेडरेशन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हाड़ौती पर्यटन को प्रमोट करने के लिए लंदन में आयोजित वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट में भागीदारी निभाई तथा वहां क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों का प्रचार किया।
इसके परिणामस्वरूप वर्तमान में जर्मनी, लंदन एवं फ्रांस सहित विभिन्न देशों के टूर ऑपरेटर दल हाड़ौती भ्रमण के लिए आ रहे हैं। वे यहां के पर्यटन स्थलों को देखकर हाड़ौती को एक बेहतरीन एवं नए पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में सराह रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग से आयोजन की स्वीकृति मिलने में कुछ विलंब जरूर हुआ, लेकिन होटल फेडरेशन ट्रैवल मार्ट को भव्य, व्यवस्थित एवं बहुउपयोगी बनाने में कोई कमी नहीं रखेगा। आयोजन की सभी तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।
प्रतिनिधिमंडल में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, महासचिव संदीप पाडिया, कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता एवं मुख्य सलाहकार अनिल मूंदड़ा शामिल थे।

