कोटा। श्री गिरधर गोपाल राजमल सर्राफ चैरिटेबल ट्रस्ट एवं होप मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में निकटवर्ती गांव शंभूपुरा में एक दिवसीय निशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त किया। शिविर के दौरान मेडिकल टीम द्वारा मरीजों की गहन जांच की गई और आवश्यकतानुसार नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। इस जनहितैषी पहल से गांव के 100 से अधिक रोगियों को सीधा लाभ पहुंचा।
यह नि:शुल्क शिविर शंभूपुरा में अनौपचारिक शिक्षा केंद्र ‘किरण की पाठशाला’ संचालित कर रहीं किरन प्रजापति के विशेष आग्रह पर आयोजित किया गया था।
सामाजिक सरोकारों से जुड़ी इस पहल को साकार करने में समाजसेवी संजय गोयल और डॉ. महेंद्र माहेश्वरी ने मुख्य भूमिका निभाई। जिनके समन्वय से होप मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. मोहम्मद आरिफ और डॉ. मनाल शेख की टीम ने ग्रामीणों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं।
कार्यक्रम के दौरान श्री गिरधर गोपाल सर्राफ चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से समाजसेवी संजय गोयल ने सेवाएं दे रहे चिकित्सकों एवं मेडिकल टीम के सदस्यों को माल्यार्पण कर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर संजय गोयल ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी गांव में आवश्यकता पड़ने पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा ‘किरण की पाठशाला’ में अध्ययनरत बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार पाठ्य सामग्री दी जाएगी।
शिविर में कोटा से समाजसेवी सुमन लता माहेश्वरी, अनिल माहेश्वरी और संतोष गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। गांव के वरिष्ठ नागरिक जोधराज ने ग्रामीणों की ओर से सभी अतिथियों एवं चिकित्सकों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक व चिकित्सकीय सहयोग का आग्रह किया।

