हाड़ौती के चारों जिलों से जुटे 15 हजार से अधिक समाजबंधु
कोटा। धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण के अनूठे संगम के साथ समस्त अग्रवाल समाज कोटा एवं कोटा संभाग का अग्र महाकुंभ तथा अन्नकूट महोत्सव शनिवार को विजय श्री रंगमंच, दशहरा मैदान में भव्य रूप से संपन्न हुआ। आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता इसकी ‘डिस्पोजल फ्री’ व्यवस्था रही, जिसके माध्यम से समाजजनों ने अन्न संरक्षण के साथ पर्यावरण सुरक्षा का व्यावहारिक संदेश दिया।
पूरे हाड़ौती अंचल कोटा, बारां, बूंदी और झालावाड़ से 15,000 से अधिक समाजबंधुओं ने सहभागिता कर भक्ति के सुरों के बीच अन्नकूट की महाप्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों व पदाधिकारियों द्वारा महाराजा श्री अग्रसेन जी की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। संयोजक रमेश चंद गोयल तथा युवा संयोजक सुमित जैन व लोकेश गुप्ता ने बताया कि आयोजन को लेकर समाज के युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों में खासा उत्साह देखा गया।
मीडिया प्रभारी परमानंद गोयल व संजय गोयल ने बताया कि इस अवसर पर विधायक संदीप शर्मा, महापौर अनसूईया गोस्वामी, विशिष्ट अतिथि नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश बिरला, उपमहापौर विवेक राजवंशी, भाजपा नेता जगदीश जिंदल, जिला अध्यक्ष राकेश जैन, पार्षद लव शर्मा, पार्षद लोकेश गुप्ता व हरिप्रसाद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और समाज के पदाधिकारी मौजूद रहे।
शिक्षा, स्वास्थ्य और देहदान का संकल्प
मुख्य सूत्रधार एवं अखिल भारतीय युवा अग्रवाल सम्मेलन के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमराज जिंदल ने अपने संबोधन में कहा कि यह महोत्सव केवल धार्मिक परंपरा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंदों के उत्थान का संकल्प भी है। उन्होंने घोषणा की कि समाज में जरूरतमंदों की शिक्षा और सेहत का जिम्मा उठाया जाएगा, ताकि कोई भी प्रतिभा संसाधनों के अभाव में पीछे न रहे। वहीं, इस अवसर पर टीकम खंडवाला ने देहदान की घोषणा कर उपस्थित जनसमूह को मानव सेवा की नई प्रेरणा दी।
मुख्य समन्वयक महेश गुप्ता व चंद्रप्रकाश सिंघल के अनुसार, संदीप शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि अग्रवाल समाज अपनी प्रतिभा, उद्यमशीलता और सेवाभाव के बल पर देश सेवा तथा राष्ट्र की समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
अनुसुइया गोस्वामी ने कहा कि महाराजा श्री अग्रसेन जी का जीवन चरित्र और उनके सिद्धांत आज भी समाज को मानवता की सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। राजेश बिरला ने कहा कि अग्रवाल समाज सेवा के लिए जाना जाता है। विवेक राजवंशी ने कहा कि महराजा अग्रसेन का सिद्धांत आज भी प्रासंगिक है।
11 अग्र रत्न, 101 भामाशाह का सम्मान
महिला संयोजिका क्षमा गुप्ता, उमा सिंघल, गायत्री मित्तल, स्वाति गर्ग और हेमलता गुप्ता ने बताया कि महोत्सव के दौरान मुख्य अतिथियों द्वारा समाज के 11 समाजसेवियों को ‘अग्र रत्न’ सम्मान से विभूषित किया गया तथा 101 भामाशाहों और कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। साथ ही समस्त 25 इकाइयों के अध्यक्ष एवं महामंत्रियों का भी स्वागत किया गया। मुख्य संयोजक गोविंद नारायण अग्रवाल व स्वागत अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल ने आयोजन की सफलता के लिए सभी समाजबंधुओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
छप्पन भोग के दर्शन
संयोजक ललित ऐरण ने बताया कि महोत्सव में गिरिराज धरण का आकर्षक दरबार सजाया गया और ठाकुर जी का मनोहारी श्रृंगार किया गया। छप्पन भोग के दर्शनों के लिए पूरे दिन श्रद्धालुओं व समाजजनों का तांता लगा रहा।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में डॉ. आर के राजवंशी, कमल अग्रवाल, जगदीश अग्रवाल प्रॉपर्टी, जगदीश अग्रवाल चूना वाले, वासुदेव अग्रवाल, ज्ञानेश अग्रवाल, राजेश मित्तल, मोहनलाल अग्रवाल, जयंत अग्रवाल (टोनू), युवा समन्वयक पी.पी. गुप्ता, शंकर अग्रवाल, शैल अग्रवाल, संगठन महामंत्री हितेश मित्तल, सुरेंद्र गोयल, सुरेश बंसल, कैलाश जैन, विजय गोयल, आशीष गोयल, लक्की बंसल, आशीष गुप्ता, अमित रामुका, चैतन्य गोयल, चंद्र प्रकाश अग्रवाल, यश गोयल, नीलेश गोयल, रोहित जैन, आशीष जैन, महेश गर्ग, ब्रह्मानंद गर्ग, धीरज गोयल, मयंक अग्रवाल, वर्षा गुप्ता, नैना गर्ग, प्रतिमा गुप्ता, आरती गुप्ता और निरुपमा अग्रवाल सहित अनेक समाजबंधुओं की उपस्थिति रही।

