कोटा। कोटा नगर निगम निकाय चुनाव 2026 में वार्ड नंबर 75 से कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन के 921 मतों से विजयी होने पर कोटा के व्यापार एवं उद्योग जगत में हर्ष की लहर है । उनकी शानदार जीत पर कोटा व्यापार महासंघ की 170 सदस्य संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि जैसे ही क्रांति जैन की विजय का समाचार प्राप्त हुआ, व्यापार एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों का उन्हें बधाईया देने का सिलसिला शुरू हो गया। महासंघ से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों ने उनके निवास पर पहुंचकर पुष्पगुच्छ भेंट कर विजय की बधाई दी तथा उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

इस अवसर पर कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन एवं महासचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा कि नगर निगम मे व्यापार जगत का प्रतिनिधित्व होने से कोटा के व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं को समक्ष प्रभावी ढंग से उठाकर उनके शीघ्र निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि हम सभी के साथ मिलकर कोटा शहर को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ, सुंदर, हरियाली युक्त एवं सुव्यवस्थित बनाने के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से शहर के समग्र विकास को प्राथमिकता देने का कार्य करेगे एवं शहर के बाजारों एवं व्यापारिक क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं के विकास तथा व्यापारियों और आम नागरिकों के हित में सकारात्मक प्रयास करेंगें।
क्रांति जैन ने अपने विजय होने पर कोटा के समस्त व्यापारियों, उद्यमियों, तथा शहरवासियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह विजय व्यापार एवं उद्योग जगत के सहयोग और विश्वास की जीत है तथा वे इस विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

