कोटा। श्री खड़े गणेशजी मेला एवं उत्सव आयोजन समिति की ओर से दो दिवसीय वार्षिक मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेले का औपचारिक शुभारंभ गणेश चतुर्थी की पूर्व संध्या पर रविवार को सायं 7 बजे किया जाएगा।
आयोजन समिति के संयोजक ओम गुंजल ने बताया कि उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व सरपंच रामलाल गुंजल रहेंगे। उन्होंने बताया कि शुभारंभ से पूर्व धरणीधर सर्किल से गाजे-बाजे के साथ परंपरागत रूप से पांच ध्वजाओं का जुलूस रवाना होगा। जो जयकारों के साथ खड़े गणेश जी मंदिर पहुंचेगा। मंदिर शिखर पर ध्वजा चढ़ाने के बाद आतिशबाजी के साथ मेले का आगाज होगा।
मेले में आए लोगों के मनोरंजन के लिए झूला बाजार, खरीदारी के लिए विविध दुकानें तथा खान-पान प्रेमियों के लिए विशेष फूड जोन तैयार किया गया है। वाहनों के सुगम आवागमन के लिए सुरक्षित पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेला समिति ने सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।
भगवान का विशेष श्रृंगार, महाआरती एवं दर्शन व्यवस्था
मेला आयोजन समिति के संयोजक ओम गुंजल एवं अध्यक्ष रविंद्र चीकारा ने बताया कि गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर मंदिर में विद्युत रोशनी और देशी-विदेशी फूलों से भव्य सजावट की जा रही है। चतुर्थी के दिन सोमवार को भगवान खड़े गणेश जी का विशेष श्रृंगार एवं मनमोहक फूल बंगला सजाया जाएगा। धार्मिक परंपरा अनुसार अर्द्धरात्रि 12 बजे से भगवान का विशेष श्रृंगार प्रारंभ होगा। जिसके पश्चात प्रातः 5:15 बजे भव्य महाआरती आयोजित की जाएगी। महाआरती के बाद श्रद्धालु दिनभर भगवान के दर्शन कर सकेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह पेयजल प्याऊ, सुगम दर्शन लाइन और आपात स्थिति के लिए मेडिकल टीम तैनात की गई है।
राजस्थानी सांस्कृतिक संध्या कल
मेले के दूसरे दिन, 14 सितंबर को सायं 8 बजे मेला परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें राजस्थानी लोक संस्कृति से ओत-प्रोत रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल होंगे।

