पीएम मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

0
4

भाजपा की प्रदेश कार्यशाला में ऊर्जा मंत्री सहित कोटा के प्रतिनिधियों ने की सहभागिता

जयपुर /कोटा/ सांगोद। भारतीय जनता पार्टी, राजस्थान द्वारा जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शनिवार को एक दिवसीय प्रदेश कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यशाला में प्रदेश भर के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों और पदाधिकारियों ने भाग लिया।

कोटा से ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के नेतृत्व में देहात जिला महामंत्री विशाल शर्मा तथा पूर्व जिला महामंत्री जगदीश जिंदल ने कार्यशाला में अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। इस दौरान अभियान को धरातल पर सफल बनाने और जन-जन तक पहुँचाने की भावी रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

​ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की आधिकारिक शुरुआत की जा रही है।

उन्होंने कहा कि यह विशेष अभियान प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में देश भर में चलाए जा रहे सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित 25 वर्षों की अभूतपूर्व एवं प्रेरणादायी यात्रा का प्रतीक है। पिछले ढाई दशकों में प्रधानमन्त्री मोदी ने जनसेवा का जो आदर्श स्थापित किया है। यह अभियान उसी मूल भावना को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम बनेगा।

​ऊर्जा मंत्री नागर ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “सेवा संकल्प अभियान” के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के संकल्प को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाया जाएगा।

इस अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और पौधारोपण जैसे विविध सामाजिक व जनकल्याणकारी कार्य आयोजित किए जाएँगे। इन गतिविधियों के जरिए समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से सीधे जोड़कर एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

जयपुर में आयोजित इस महत्वपूर्ण प्रदेश कार्यशाला में भाजपा के कई शीर्ष पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, राष्ट्रीय मंत्री कविता पाटीदार, राष्ट्रीय प्रकोष्ठ संकुल संयोजक वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, अभियान के प्रदेश प्रभारी व प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल तथा प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी विशेष रूप से मौजूद रहे। इनके अलावा राज्य सरकार के अनेक मंत्रीगण, विधायकगण तथा प्रदेशभर से आए पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं निष्ठावान कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।