कथक नृत्यांजलि कार्यक्रम सिंगापुर में कोटा की कथक कलाकर बरखा जोशी देंगी प्रस्तुति

0
4

कोटा। भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध गुरु-शिष्य परंपरा और कथक के दो महान आचार्यों की स्मृति को समर्पित विशेष समारोह ‘पुष्पांजलि: ए कथक नृत्यांजलि’ का आयोजन 16 सितंबर को सिंगापुर में किया जाएगा। जिसमें कोटा की कथक कलाकर बरखा जोशी भी प्रस्तुति देंगी।

वहीं इंडियन इंटरनेशनल ट्रेनिंग एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स सेंटर की ओर से आयोजित इस समारोह में नृत्याचार्य पं. नारायण प्रसाद को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। पं. कुंदन लाल गंगानी के शताब्दी समारोह के अवसर पर उनकी कला साधना को नमन किया जाएगा।

‘पुष्पांजलि: ए कथक नृत्यांजलि’ का आयोजन 16 सितंबर को शाम 7 बजे पीजीपी हॉल, श्रीनिवास पेरुमल मंदिर, सिंगापुर में होगा। समारोह में भारत और सिंगापुर के कलाकार एक मंच पर आकर कथक की गुरु परंपरा, साधना और सौंदर्य को नृत्य के माध्यम से नमन करेंगे।

मंच पर दिखेगा कथक का वैभव
‘पुष्पांजलि’ में भारत के प्रतिष्ठित कथक कलाकारों के साथ सिंगापुर के कथक गुरुओं की भी सहभागिता रहेगी। समारोह में पं. चरण गिरधर चांद, विदुषी शोभा कोसर और पं. राजेंद्र कुमार गंगानी अपनी कथक प्रस्तुतियों से दर्शकों को भारतीय शास्त्रीय नृत्य की विविध रंग-छटाओं से परिचित कराएंगे। उनकी शिष्या बरखा जोशी भी अपनी प्रस्तुति देंगी।

पं. फतेहसिंह गंगानी कथक की लयकारी को अपनी तबला संगत से समृद्ध करेंगे। इसके अलावा प्रख्यात गायक उस्ताद शमिउल्लाह खान की गायन प्रस्तुति समारोह में संगीत का प्रभावशाली आयाम जोड़ेगी।