हाड़ौती के पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित करने के लिए विशेष पांडाल लगेगा
कोटा। राजस्थान टेंट किराया व्यवसायी समिति एवं हाड़ौती कोटा टेंट डीलर्स समिति के संयुक्त तत्वावधान में 6 से 8 सितंबर तक होने वाले 16 वें प्रांतीय महाधिवेशन एवं टेंट डेकॉर एक्सपो–2026 में भाग लेने के लिए देश एवं प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से व्यवसायियों का कोटा पहुंचना शुरू हो गया है।
कोटा टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, आयोजन संयोजक दीपक सिंघल, एवं सलाहकार राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि महाधिवेशन में भागीदारी निभाने के लिए देशभर के टेन्ट निर्माता, विक्रेता एवं इनसे जुड़े व्यवसायी कोटा पहुंच रहे हैं। आयोजन स्थल पर बड़े जर्मन डोम लगाए जा चुके हहै।
उन्होंने बताया कि अजमेर, भीलवाड़ा, जयपुर, पुष्कर सहित राजस्थान के विभिन्न संभागों के साथ-साथ गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब, मध्यप्रदेश एवं दिल्ली से भी स्टॉल लगाने वाले व्यवसायियों की टीमें कोटा पहुंचना शुरू हो गई हैं।
कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि आयोजन स्थल पर 100 से अधिक सोलर एवं ईवी से संबंधित स्टॉल लगाए जा रहे हैं, जो इस महाधिवेशन का प्रमुख आकर्षण होंगे।
उन्होंने बताया कि देशभर से आने वाले बाइक राइडर्स द्वारा भी विशेष प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा हाड़ौती पर्यटन विकास को लेकर एक विशाल पांडाल तैयार किया जा रहा है। इसमें हाड़ौती के प्रमुख ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों को एलईडी स्क्रीन एवं चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि देशभर से आने वाले 10 से 15 हजार प्रतिभागियों को हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की जानकारी मिल सके।
राजस्थान टेंट किराया व्यवसायी समिति द्वारा 16वें प्रांतीय महाधिवेशन के लिए राजेंद्र सिंह राजावत को सलाहकार मनोनीत किए जाने पर कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी एवं अजमेर संभाग के अध्यक्ष मोहम्मद अजीम कोषाध्यक्ष अनूप कुमार एवं अध्यक्ष चरणजीत सिंह और कोटा टेंट डीलर्स समिति के समस्त पदाधिकारियों द्वारा उनका हार्दिक अभिनंदन किया गया।

