नई दिल्ली। Gold Silver Price Today: सोने और चांदी की कीमतों में मंगलवार को अलग-अलग रुख देखने को मिल रहा है। घरेलू वायदा बाजार MCX पर सोना हल्की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है, जबकि चांदी में तेजी है।
विदेशी बाजार में भी कुछ ऐसा ही हाल है। COMEX पर सोना लाल निशान में है, जबकि चांदी बढ़त के साथ कारोबार कर रही है। सोने पर अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर बनी चिंता का दबाव है, लेकिन कमजोर डॉलर और पश्चिम एशिया में तनाव बड़ी गिरावट को रोक रहे हैं।
MCX पर 5 अक्टूबर एक्सपायरी वाला सोना करीब 269 रुपये की गिरावट के साथ 1,54,191 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। आज इसका भाव 1,54,100 रुपये से 1,54,783 रुपये के बीच रहा।
वहीं चांदी में हल्की तेजी है। 4 दिसंबर एक्सपायरी वाली चांदी करीब 270 रुपये चढ़कर 2,40,391 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही है। आज चांदी ने 2,40,338 रुपये का निचला और 2,41,800 रुपये का ऊपरी स्तर छुआ है।
विदेशी बाजार में COMEX Gold करीब 4,479 डॉलर प्रति औंस पर है और इसमें 0.05 फीसदी की गिरावट है। वहीं COMEX Silver करीब 66.37 डॉलर प्रति औंस पर 0.23 फीसदी मजबूत है।
सोना सस्ता होने के कारण
सोने पर सबसे बड़ा दबाव अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका से आ रहा है। फेडरल रिजर्व के सख्त रुख के बाद बाजार मान रहा है कि ब्याज दरें बढ़ाई जा सकती हैं। ब्याज दरें बढ़ने की उम्मीद आमतौर पर सोने के लिए अच्छी खबर नहीं होती। इसकी वजह यह है कि सोने पर कोई ब्याज नहीं मिलता। ऐसे में निवेशक बॉन्ड जैसे ब्याज देने वाले विकल्पों की तरफ जा सकते हैं।
हालांकि सोने को दो तरफ से सहारा भी मिल रहा है। पहला, अमेरिकी डॉलर में कमजोरी आई है। डॉलर सस्ता होने पर दूसरे देशों के खरीदारों के लिए सोना खरीदना थोड़ा आसान हो जाता है। दूसरा, पश्चिम एशिया में तनाव बना हुआ है। ऐसे माहौल में निवेशक सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की तरफ लौट सकते हैं।
चांदी में तेजी के कारण
चांदी को कमजोर डॉलर का फायदा मिल रहा है। इसके अलावा चांदी की सप्लाई को लेकर बनी चिंता भी भाव को सहारा दे रही है। चांदी का इस्तेमाल सिर्फ गहनों और निवेश में नहीं, बल्कि सोलर पैनल, इलेक्ट्रॉनिक्स और कई औद्योगिक कामों में भी होता है। ऐसे में इसकी औद्योगिक मांग भी कीमतों के लिए अहम रहती है।

