ब्रेंट क्रूड दो महीने के निचले स्तर पर, कीमतें 10% गिरकर 93.22 डॉलर प्रति बैरल रही

0
17

नई दिल्ली। अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन में ट्रंप की पार्टी की हार से ऑयल मार्केट में हाहाकार मचा हुआ है। इस चुनाव के नतीजों से ईरान युद्ध जल्द खत्म होने की उम्मीद बढ़ी है, जिससे कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव बना है। ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 10% तक गिर गई।

कारोबार के दौरान ब्रेंट क्रूड 93.22 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया, जो दो महीने का निचला स्तर है। वहीं अमेरिकी कच्चा तेल WTI भी 90 डॉलर प्रति बैरल से नीचे फिसल गया। कच्चे तेल में हुई इस गिरावट से पेट्रोल-डीजल के दाम और बढ़ने का खतरा फिलहाल टलता नजर आ रहा है। भारत के लिए यह सबसे बड़ी राहत की खबर है।

ब्लूमबर्ग के मुताबिक अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि ईरान युद्ध और अमेरिका-इजरायल संबंधों को लेकर मतदाताओं की नाराजगी ने चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को नुकसान पहुंचाया है। वहीं, सीनेट में डेमोक्रेटिक नेता चक शूमर ने संघर्ष खत्म करने का वादा किया है। ईरान युद्ध अब नौवें महीने में पहुंच चुका है।

अक्टूबर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान पर नए हमलों की धमकी के बाद ब्रेंट क्रूड 6 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि, मिडटर्म चुनाव के दौरान ट्रंप ने फाइनेंशियल टाइम्स से कहा कि फिलहाल ईरान पर हमले तेज करने की उनकी कोई योजना नहीं है। उन्होंने यह भी माना कि युद्ध को लेकर नाराजगी की वजह से रिपब्लिकन पार्टी को चुनाव में नुकसान हुआ है।

मिडिल ईस्ट से बढ़ा कच्चे तेल का निर्यात
अमेरिका-ईरान युद्ध के बावजूद फारस की खाड़ी से कच्चे तेल का निर्यात फिर बढ़ा है। इससे मिडिल ईस्ट के बाजार में तेल की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। हालांकि, पेट्रोल और डीजल जैसे रिफाइंड उत्पादों की सप्लाई अभी भी प्रभावित है। इसके अलावा रूस की रिफाइनरियों पर यूक्रेन के बढ़ते हमलों से भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तेजी आई है।