नई दिल्ली। Stock Market Update : भारतीय शेयर बाजार ने मंगलवार को हल्की गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत की। सेंसेक्स 9 बजकर 52 मिनट पर 0.18 फीसदी गिरकर कारोबार कर रहा था। इसमें 140.14 अंकों की गिरावट दिखी और यह लाल निशान में 76,817.11 पर ट्रेड करते हुए दिखा। वहीं, इस दौरान निफ्टी में 0.21 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। यह 51.30 अंक गिरकर लाल निशान में 24,029.10 पर कारोबार कर रहा था।
सुबह 9:15 बजे बीएसई सेंसेक्स 31.51 अंक यानी 0.04 फीसदी गिरकर 76,925.76 पर था। सेंसेक्स ने 76,994.11 पर शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में इसने 77,083.49 का ऊपरी और 76,872.67 का निचला स्तर छुआ।
वहीं एनएसई निफ्टी ने 24,077.55 पर शुरुआत की। सुबह करीब 9:16 बजे निफ्टी 24,036.20 पर था, जो पिछले बंद के मुकाबले 44.20 अंक यानी 0.18 फीसदी नीचे है। शुरुआती कारोबार में निफ्टी ने 24,082.60 का ऊपरी और 24,032.45 का निचला स्तर बनाया।
पश्चिम एशिया में तनाव और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच बाजार पर दबाव दिख रहा है। हालांकि एफएमसीजी शेयरों में खरीदारी ने कुछ सहारा दिया है। ब्रॉडर मार्केट भी शुरुआती कारोबार में कमजोर नजर आया। एनएसई के आंकड़ों के मुताबिक निफ्टी 50 के 21 शेयर बढ़त में थे, जबकि 29 शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे थे।
बात करें टॉप गेनर की तो एशियन पेंट्स सबसे ज्यादा करीब 2.76 फीसदी चढ़ा। इसके बाद आईटीसी 1.91 फीसदी, एचसीएल टेक 1.67 फीसदी, एमएंडएम 1.48 फीसदी और भारती एयरटेल 1.09 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
दूसरी तरफ इंडिगो करीब 1.82 फीसदी की गिरावट के साथ सबसे कमजोर शेयर रहा। इटरनल 1.13 फीसदी, बजाज फाइनेंस 0.91 फीसदी, एसबीआई 0.85 फीसदी और अडाणी पोर्ट्स 0.66 फीसदी नीचे कारोबार कर रहे थे।
बैंक-आईटी पर दबाव
सेक्टर के हिसाब से देखें तो शुरुआती कारोबार में निफ्टी एफएमसीजी 1.21 फीसदी चढ़कर 46,583.90 पर था। बाजार की कमजोरी के बीच यह सेक्टर सबसे मजबूत नजर आ रहा है। इसके उलट निफ्टी बैंक 0.98 फीसदी गिरकर 57,458.40 पर था। निफ्टी आईटी में भी 0.79 फीसदी की गिरावट थी और यह 30,944.05 पर कारोबार कर रहा था।
निफ्टी मिडकैप 100 करीब 0.69 फीसदी, निफ्टी नेक्स्ट 50 करीब 0.71 फीसदी और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज करीब 0.58 फीसदी नीचे था। निफ्टी ऑटो में मामूली 0.04 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.06 फीसदी की कमजोरी थी।
आईटीसी समेत इन शेयरों में उछाल
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से मार्केट की शुरुआत में 11 में तेजी दिखी। इनमें आईटीसी में सबसे अधिक 3.36 फीसदी का उछाल आया और यह हरे निशान में 264.85 के लेवल पर कारोबार कर रहा था। इसके अलावा भारतीय एयरटेल में 1.68 फीसदी, एशियन पेंट्स में 1.66 फीसदी, कोटक महिंद्रा बैंक में 1.37 फीसदी, एचसीएल टेक में 0.87 फीसदी, ट्रेंट में 0.74 फीसदी, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 0.34 फीसदी, इन्फोसिस में 0.28 फीसदी, अल्ट्राटेक सीमेंट में 0.24 फीसदी, हिंदुस्तान यूनिलीवर में 0.17 फीसदी और अडानी पोर्ट्स में 0.13 फीसदी की तेजी दिखी।

