उद्यमियों की समस्याओं के समाधान एवं संगठन को सशक्त बनाने पर हुआ मंथन

0
27

लघु उद्योग भारती कोटा की कार्यकारिणी बैठक

कोटा। लघु उद्योग भारती की कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल एवं चित्तौड़ प्रांत अध्यक्ष महेश हुरकट के सानिध्य में आयोजित की गई।

कोटा इकाई अध्यक्ष अंकुर गुप्ता ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि लघु उद्योग भारती केवल एक संगठन नहीं, बल्कि देश के लघु एवं मध्यम उद्यमियों की सामूहिक शक्ति और उनकी आवाज है।

उन्होंने कहा कि कोटा की औद्योगिक इकाइयों से जुड़े उद्यमियों की समस्याओं को चिन्हित कर उनके समाधान के लिए संगठनात्मक स्तर पर निरंतर प्रयास किए जाएंगे। बैठक के दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों, सदस्य संख्या में वृद्धि, इकाइयों को और अधिक सक्रिय बनाने, उद्यमियों की विभागीय समस्याओं को एकजुट होकर उठाने तथा उद्यमी हित सर्वोपरि की भावना के साथ कार्य करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

वरिष्ठ सलाहकार गोविंदराम मित्तल ने रीको एवं अन्य विभागों से संबंधित उद्यमियों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने तथा विभागीय कार्यवाहियों में आ रही अड़चनों के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष महेश गुप्ता ने संगठन की संख्यात्मक शक्ति एवं सामूहिक प्रभाव की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने सदस्यों को संगठन से मिलने वाले लाभों का अधिकतम उपयोग करने तथा अन्य उद्यमियों को भी संगठन से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व द्वारा उद्यमियों के हित में किए जा रहे प्रयासों एवं विभिन्न स्तरों पर उठाए जा रहे मुद्दों की जानकारी दी। उन्होंने संगठन की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

चित्तौड़ प्रांत अध्यक्ष महेश हुरकट ने प्रत्येक इकाई में नियमित मासिक बैठक आयोजित करने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि नियमित संवाद से सदस्यों की समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को समझने में सहायता मिलती है। उन्होंने प्रदेश द्वारा आयोजित आगामी कार्यक्रमों में कोटा इकाई की सक्रिय एवं अधिकाधिक भागीदारी का आह्वान किया।

प्रदेश उपाध्यक्ष अचल पोद्दार ने उद्यमियों की रीको, विद्युत विभाग, तहसीलदार एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया तथा इनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रभावी रूप से विषय रखने का आग्रह किया।

बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्वेता जैन, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य शशि मित्तल, प्रांत उपाध्यक्ष यशपाल भाटिया, पूर्व अध्यक्ष विपिन सूद, कोषाध्यक्ष संदीप बाकलीवाल, सह सचिव कपिल बाहेती, महिला इकाई अध्यक्ष चांदनी पोद्दार, सचिव निहारिका गुप्ता, उत्तर इकाई अध्यक्ष संजय शर्मा, सचिव पुष्कल जैन, कोषाध्यक्ष हिमांशु सुवालका, रानपुर इकाई अध्यक्ष मनोज अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

संगठन की एकजुटता, उद्यमियों की समस्याओं का समाधान और औद्योगिक विकास के लिए निरंतर प्रयास के संकल्प के साथ बैठक का समापन हुआ।