नई दिल्ली। Gold Silver Price Today: सोने और चांदी की कीमत में आज शुरुआती कारोबार में तेजी आई है। रक्षाबंधन से एक दिन पहले MCX पर सोना आज करीब 1,200 रुपये प्रति 10 ग्राम उछल गया जबकि चांदी की कीमत में 3,300 रुपये प्रति किलो से ज्यादा तेजी आई।
कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट के बाद यह उम्मीद जगी है कि अमेरिका का फेड रिजर्व ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करेगा। इसके अलावा, डॉलर में गिरावट से कीमती धातुओं को सहारा मिला। निवेशकों की नजरें इस हफ्ते के आखिर में फेड के चेयरमैन केविन वॉर्श के बहु-प्रतीक्षित बयानों पर टिकी हैं।
5 अक्तूबर की डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,59,663 रुपये पर बंद हुआ था और आज यह 1,60,499 रुपये पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह 1,195 रुपये की तेजी के साथ 1,60,898 रुपये तक उछला। सुबह 9.15 बजे यह 753 रुपये की तेजी के साथ 1,60,416 रुपये पर ट्रेड कर रहा था
इसी तरह 4 सितंबर की डिलीवरी वाली चांदी 2,39,638 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी और आज यह 3,361 रुपये की तेजी के साथ 2,42,999 रुपये पर खुली। सुबह 9.18 बजे यह 1852 रुपये की तेजी के साथ 2,41,490 रुपये पर ट्रेड कर रही थी।
इस बीच फिजिकल मार्केट में सोने और चांदी फ्लैट कारोबार कर रहे हैं। गुड रिटर्न्स के मुताबिक 24 कैरेट वाला सोना 10 रुपये की गिरावट के साथ 1,63,740 रुपये पर ट्रेड कर रहा है। इसी तरह 22 कैरेट वाला सोना भी 10 रुपये की गिरावट के साथ 1,50,090 रुपये पर है जबकि 18 कैरेट वाला सोना 10 रुपये नीचे 1,22,800 रुपये पर ट्रेड कर रहा है। चांदी भी 100 रुपये की गिरावट के साथ 2,59,900 रुपये पर है।

