Crude Oil: होर्मुज से तनाव घटने से कच्चे तेल के दाम 82 डॉलर प्रति बैरल के नीचे

0
3

नई दिल्ली। Crude Oil Price: कच्चे तेल की कीमतों में गुरुवार को हल्की नरमी देखने को मिल रही है। होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव कम होने के संकेतों से कीमतों पर दबाव बना है। हालांकि रूस और यूक्रेन के बीच बढ़ते तनाव और रूसी तेल सप्लाई पर खतरे की वजह से बड़ी गिरावट फिलहाल कम देखने को मिली है।

गुरुवार सुबह WTI क्रूड करीब 0.5 फीसदी की गिरावट के साथ 82 डॉलर प्रति बैरल के नीचे कारोबार कर रहा था। वहीं ब्रेंट क्रूड करीब 86.60 डॉलर प्रति बैरल के आसपास था। इस हफ्ते अब तक WTI की कीमत करीब 6 फीसदी नीचे आ चुकी है।

कच्चे तेल की कीमतों पर सबसे बड़ा असर होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़ी खबरों का पड़ रहा है। ईरान और ओमान के बीच होर्मुज से जहाजों की आवाजाही को लेकर प्रगति के संकेत मिले हैं। इससे बाजार में उम्मीद बढ़ी है कि इस अहम समुद्री रास्ते से तेल की सप्लाई धीरे-धीरे बेहतर हो सकती है।

ईरान की सेना के मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ओमान के साथ रेवेन्यू शेयरिंग यानी कमाई बांटने का समझौता हुआ है। हालांकि ईरान ने साफ किया है कि इस समझौते का मतलब यह नहीं है कि होर्मुज तुरंत पूरी तरह खुल जाएगा। इसके बावजूद बाजार इसे तनाव कम होने की दिशा में अहम संकेत मान रहा है।

होर्मुज दुनिया में तेल की आवाजाही के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रास्ता है। ऐसे में यहां स्थिति सामान्य होने की उम्मीद बढ़ती है तो बाजार में सप्लाई की चिंता कम होती है और इसका असर कच्चे तेल की कीमतों पर दिखाई देता है।

ट्रंप के बयान से भी बढ़ी उम्मीद
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि मंगलवार को करीब 1 करोड़ बैरल तेल होर्मुज से बाहर निकला। इस बयान से भी उम्मीद बढ़ी है कि इस रास्ते से तेल की आवाजाही धीरे-धीरे बढ़ रही है। सैटेलाइट तस्वीरों से ऐसे संकेत भी मिले हैं कि सऊदी अरब फारस की खाड़ी के भीतर से तेल की लोडिंग बढ़ा सकता है। माना जा रहा है कि दुनिया का सबसे बड़ा कच्चा तेल निर्यातक बदलते हालात के हिसाब से अपने एक्सपोर्ट रूट में बदलाव कर रहा है।