नई दिल्ली। Stock Market Update 9:51 AM: मिले-जुले वैश्विक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को हल्की बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में Nifty50 और Sensex दोनों मामूली तेजी के साथ खुले।
9 बजकर 51 मिनट पर सेंसेक्स में जहां गिरावट दिखी, वहीं निफ्टी उछाल के साथ कारोबार कर रहा था।इस दौरान सेंसेक्स 0.03 फीसदी यानी कि 24.25 अंक गिरकर लाल निशान में 77,448.69 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी की बात करें तो यह 0.02 फीसदी यानी 4.90 अंक उछलकर हरे निशान में 24,212.65 पर कारोबार कर रहा था।
शेयर बाजार खुलते ही सेंसेक्स के शीर्ष 30 शेयरों में से 21 शेयरों में तेजी दिखी। इनमें सबसे अधिक उछाल कोटक महिंद्रा बैंक में दिखा। यह 1.15 फीसदी की तेजी के साथ हरे निशान में 421 के लेवल पर कारोबार कर रहा था। दूसरे स्थान पर इटरनल रहा, जो 0.89 फीसदी के उछाल के साथ 329.90 पर ट्रेड कर रहा था।
इनके अलावा बजाज फाइनेंस में 0.68 फीसदी, भारत इलेट्रॉनिक्स लिमिटेड में 0.58 फीसदी, टेक महिंद्रा में 0.49 फीसदी, आईसीआईसीआई बैंक में 0.46 फीसदी, अडानी पोर्ट्स में 0.45 फीसदी, सन फार्मा में 0.41 फीसदी, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 0.40 फीसदी, इन्फोसिस में 0.37 फीसदी, टाटा स्टील में 0.34 फीसदी और महिंद्रा एंड महिंद्रा में 0.32 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।
वहीं, गिरावट वाले शेयरों में हिंदुस्तान यूनिलीवर (0.49%) , पावरग्रिड (0.24%), एचडीएफसी बैंक (0.21%), टाइटन (0.20%), आईटीसी (0.17%), एचसीएल टेक (0.08%) और भारती एयरटेल (0.05%) शामिल रहे। ये आंकड़े सुबह 9 बजकर 16 मिनट के हैं।
जानकार बताते हैं कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव को खत्म करने की अनिश्चितता और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव ने घरेलू शेयर बाजार में तेजी और गिरावट को लेकर अनिश्चितता बना रखी है। इसकी वजह से मार्केट में कभी उतार तो कभी चढ़ाव देखे जा रहे हैं।
बाजार में निवेशकों की नजर Nvidia के तिमाही नतीजों और अमेरिका के महंगाई आंकड़ों पर है। इन संकेतकों से अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति और आगे ब्याज दरों को लेकर नए संकेत मिल सकते हैं। इसके अलावा, निवेशक पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक घटनाक्रम पर भी नजर बनाए हुए हैं।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेजी
ब्रॉडर मार्केट में भी शुरुआती कारोबार में खरीदारी देखने को मिली। Nifty MidCap इंडेक्स 0.36 फीसदी और Nifty SmallCap इंडेक्स 0.31 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
ग्लोबल मार्केट के संकेत
एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार
एशिया-प्रशांत क्षेत्र के बाजारों में शुरुआती बढ़त के बाद अब मिला-जुला कारोबार देखने को मिल रहा है। इससे पहले Nvidia के मजबूत बिक्री अनुमान से निवेशकों का भरोसा बढ़ा था। जापान का Nikkei 225 करीब 0.13 फीसदी गिरा, जबकि दक्षिण कोरिया का Kospi 1.37 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था।
अमेरिकी बाजार दबाव में बंद
अमेरिकी शेयर बाजार भी बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुए। अमेरिका में महंगाई से जुड़े एक प्रमुख संकेतक के फेडरल रिजर्व के लक्ष्य से ऊपर बने रहने के बाद इस साल ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका बढ़ी है। इसका असर निवेशकों के सेंटीमेंट पर पड़ा। Dow Jones Industrial Average 0.21 फीसदी और S&P 500 0.02 फीसदी नीचे बंद हुआ। वहीं, Nasdaq Composite में 0.08 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

