15 दिनों से अधिक का स्टॉक नहीं रख सकेंगे चीनी विक्रेता, सरकार ने दिखाई सख्ती

0
9

नई दिल्ली। भारत में अचानक चीनी के दाम खूब बढ़ गए हैं। दिल्ली के बाजारों में एक ही पखवाड़े में इसका रिटेल दाम 17 से 20 रुपये प्रति किलो बढ़ गया। इसके बाद सरकार सक्रिय हुई और चीनी के स्टॉक पर लिमिट को और कड़ा कर दिया। हालांकि, यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू नहीं हुआ है।

यह ऑर्डर आगामी एक सितंबर से लागू होगा ओर 30 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा। भारत सरकार के आदेश के अनुसार चीनी के जो भी विक्रेता हर महीने 10 टन से ज्यादा चीनी बेचते हैं, अब वे 15 दिनों से अधिक का स्टॉक नहीं रख सकेंगे। इस बारे में बुधवार को ही सरकारी आदेश निकाल दिया गया है। इससे पहले सरकार ने आदेश दिया था कि वे 30 दिन से अधिक का स्टॉक नहीं रखें।

आदेश कब से लागू होगा
सरकारी नोटिफिकेशन में बताया गया है कि यह आदेश 1 सितंबर से लागू होगा और 30 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा। इससे पहले खबर आई थी कि भारत सरकार चीनी की सप्लाई बढ़ाने और इसकी कीमतों को नियंत्रित करने के उपायों पर विचार कर रही है। इनमें सीमित मात्रा में शुल्‍क-मुक्त आयात और थोक व्यापारियों के लिए स्टॉक लिमिट लगाना शामिल हैं।

त्योहारी मौसम शुरू हो रहा है
भारत में अगस्त से नवंबर तक चीनी की मांग खूब बढ़ती है। इस दौरान त्योहारी मौसम होता है। अगस्त में रक्षा बंधन होगा। इसके बाद गणेश चतुर्थी, दशहरा और दीवाली जैसे बड़े त्योहार आते हैं। सांस्कृतिक उत्साह के कारण मिठाई और अन्य मीठे पकवान खूब बनते हैं। इसलिए बाजार में चीनी का स्टॉक एडवांस में बना कर रखा जाता है।

चीनी 70 रुपये के पार
इस समय दिल्ली के बाजारों में खुली चीनी की कीमत 70 से 72 रुपये प्रति किलो हो गई है। यदि ब्रांडेड और बड़े दाने की चीनी लेंगे तो और कीमत चुकानी होगी। इसी तरह गुड़ का भाव भी प्रति किलो 100 रुपये तक चला गया है। उल्लेखनीय है कि दुनिया भर में भारत चीनी का सबसे बड़ा उपभोक्ता है। यह चीनी का उत्पादन करने में दुनिया में दूसरा स्थान रखता है।