टेन्ट व्यवसायियों के प्रांतीय महाधिवेशन की तैयारियां एवं भूमि पूजन कल

0
10

कोटा। राजस्थान टेन्ट किराया समिति, हाड़ोती टेन्ट डीलर्स समिति एवं कोटा टेन्ट डीलर्स समिति के संयुक्त तत्वावधान में टेन्ट व्यवसायियों के 16वें प्रांतीय महाधिवेशन का आयोजन 6, 7 एवं 8 सितंबर को कोटा में किया जाएगा।

महाधिवेशन की तैयारियों का शुभारंभ एवं भूमि पूजन समारोह का आयोजन 10 अगस्त को दोपहर 2:30 बजे दशहरा ग्राउंड, सीएडी सर्किल, कोटा पर किया जाएगा।

हाड़ोती टेन्ट डीलर्स समिति के अध्यक्ष दीपक सिंघल, कोटा टेन्ट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, महामंत्री गुरमीत सिंह सन्नी एवं कोषाध्यक्ष मोहर मन सिंह ने बताया कि भूमि पूजन समारोह के मुख्य अतिथि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष एवं माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष राजेश बिरला होंगे।

विशिष्ट अतिथि कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी होंगे। समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवि जिंदल एवं प्रदेश अध्यक्ष रास बिहारी शर्मा भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।

हाड़ोती टेन्ट डीलर्स समिति के अध्यक्ष दीपक सिंघल, उपाध्यक्ष रमेश गुप्ता, कोटा टेन्ट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, महामंत्री गुरमीत सिंह सन्नी सहित कई पदाधिकारियों ने रविवार को कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी से भेंट कर उन्हें महाधिवेशन की तैयारियों की समस्त जानकारी दी।

इस अवसर पर अशोक माहेश्वरी ने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन का कोटा की धरती पर होना शहर के व्यापार एवं उद्योग जगत के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है।

उन्होंने कहा कि महाधिवेशन में देशभर से आने वाले 10 से 15 हजार प्रतिभागियों के कारण कोटा के बाजारों के साथ-साथ यहां के पर्यटन स्थलों को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। प्रतिभागी कोटा के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे, जिससे हाड़ोती के पर्यटन का राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार होगा।

अशोक माहेश्वरी ने कहा कि कोटा में महाधिवेशन आयोजित करवाने के पीछे उद्देश्य यह भी है कि देशभर से टेन्ट एवं वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े व्यवसायी कोटा आएं। इससे आने वाले समय में कोटा को पर्यटन के साथ-साथ वेडिंग इंडस्ट्री के बड़े हब के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। ऐसे आयोजनों से कोटा शहर की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।

हाड़ोती टेन्ट डीलर्स समिति के अध्यक्ष दीपक सिंघल, कोटा टेन्ट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, महामंत्री गुरमीत सिंह सन्नी एवं कोषाध्यक्ष मोहर मन सिंह ने बताया कि महाधिवेशन की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। समिति के पदाधिकारियों ने देश के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर टेन्ट व्यवसायियों को महाधिवेशन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।

उन्होंने बताया कि महाधिवेशन में देशभर से बड़ी संख्या में स्टॉल लगाए जाएंगे तथा तीन दिवसीय आयोजन में लगभग 12 से 15 हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। प्रतिभागियों के लिए आवास, भोजन एवं परिवहन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले प्रतिनिधियों को हाड़ोती के पर्यटन स्थलों से परिचित कराने के लिए 9 सितंबर को विशेष पर्यटन भ्रमण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसके तहत कोटा के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करवाया जाएगा।

चंबल सफारी एवं मुकुंदरा हिल्स को बढ़ावा देने पर जोर
इस अवसर पर चंबल सफारी एवं मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में जिप्सी, कैंटर एवं नाव आदि संचालित करने वाले बनवारी शर्मा एवं उर्वशी शर्मा ने चंबल सफारी की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व एवं चंबल सफारी में आवश्यक संसाधनों में वृद्धि की जाए, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक एवं महाधिवेशन में आने वाले प्रतिभागी इन पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सकें।

उन्होंने कहा कि टेन्ट व्यवसायियों के इस महाधिवेशन को हाड़ोती के पर्यटन से जोड़ने से क्षेत्र के पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की पूरी संभावना है। भूमि पूजन समारोह में राजस्थान के 40 जिलों से टेन्ट व्यवसायियों के शामिल होने की संभावना है।