कोटा। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं और सुविधा को ध्यान में रखते हुए महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने कोटा से रडी–चडी गांव तक संचालित होने वाली पीएम ई-बसों को कोडक्या बालाजी मंदिर तक चलाने के निर्देश दिए हैं।
इसके तहत बुधवार से नवरात्र की समाप्ति तक बसें रडी–चडी गांव के स्थान पर कोडक्या बालाजी मंदिर तक जाएंगी। इससे मंदिर में दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल सकेगी।
महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने बताया कि भारतीय संस्कृति में नवरात्र का विशेष महत्व है और कोडक्या बालाजी मंदिर के प्रति आमजन की गहरी आस्था है। नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन करने पहुंचते हैं। लेकिन मंदिर तक सार्वजनिक परिवहन की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में श्रद्धालुओं की ओर से आग्रह प्राप्त होने पर उन्होंने पहल करते हुए संबंधित अधिकारियों को नयापुरा चौराहे से रडी–चडी गांव तक संचालित पीएम ई-बसों का संचालन नवरात्र की अवधि में कोडक्या बालाजी मंदिर तक बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। बुधवार से बसें सीधे मंदिर तक जाएंगी, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
हर 45 मिनट में मिलेगी बस की सुविधा
महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने बताया कि यात्रियों को हर 45 मिनट में कोटा और कोडक्या बालाजी के बीच बस की सुविधा मिलेगी। नयापुरा से पहली बस सुबह 6:30 बजे और अंतिम बस शाम करीब 6:30 बजे रवाना होगी। प्रत्येक बस करीब एक घंटा दस मिनट में नयापुरा चौराहे से कोडक्या बालाजी मंदिर पहुंचेगी और वहां 5 मिनट रुकने के बाद वापस नयापुरा चौराहे के लिए रवाना हो जाएगी।

