कोटा के पर्यटन एवं औद्योगिक विकास को गति देने के लिए विभिन्न संगठनों की बैठक
कोटा। कोटा के पर्यटन एवं औद्योगिक विकास को गति देने तथा हाड़ौती क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से विभिन्न संगठनों की एक बैठक निजी होटल में आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि कोटा व्यापार महासंघ, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन एवं दी एस एस आई एसोसियेशन कोटा के पर्यटन और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
माहेश्वरी ने बताया कि कोटा के औद्योगिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से दी एस एस आई एसोसियेशन के नेतृत्व में लगभग 70 सदस्यों का एक दल चीन एवं हांगकांग के दौरे पर जा रहा है। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य वहां की आधुनिक तकनीकों, औद्योगिक व्यवस्थाओं एवं नवीन तकनीकी नवाचारों का अध्ययन करना तथा उन्हें कोटा के औद्योगिक विकास से जोड़ने की संभावनाओं पर विचार करना है।
अशोक माहेश्वरी ने बताया कि हाड़ौती के पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान का एक प्रतिनिधिमंडल 3 से 5 नवंबर तक लंदन के एक्सेल सेंटर में आयोजित वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट में भाग लेकर क्षेत्र के पर्यटन का प्रचार-प्रसार करेगा।
इस अंतरराष्ट्रीय पर्यटन आयोजन में विभिन्न देशों के पर्यटन संगठनों, होटल व्यवसायियों, टूर ऑपरेटरों एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों की भागीदारी रहती है। ऐसे आयोजन पर्यटन स्थलों को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने तथा अंतरराष्ट्रीय पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के साथ संपर्क स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि हाड़ौती क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यहां के प्राकृतिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आधुनिक पर्यटन स्थलों का योजनाबद्ध तरीके से प्रचार-प्रसार किया जाए तो बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकता है। इससे कोटा के होटल व्यवसाय, परिवहन, रेस्टोरेंट, स्थानीय व्यापार एवं रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान देश-विदेश में आयोजित होने वाले विभिन्न पर्यटन मेलों एवं ट्रैवल मार्ट में हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का निरंतर प्रचार-प्रसार करेगा। इसके माध्यम से कोटा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने, पर्यटकों के ठहराव की अवधि बढ़ाने तथा पर्यटन आधारित आर्थिक गतिविधियों को गति देने के प्रयास किए जाएंगे।
माहेश्वरी ने कहा कि कोटा में पर्यटन और उद्योग के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। विभिन्न व्यापारिक, औद्योगिक एवं पर्यटन संगठनों के समन्वित प्रयासों से कोटा को शिक्षा नगरी के साथ-साथ एक प्रमुख पर्यटन एवं औद्योगिक केंद्र के रूप में भी विकसित किया जा सकता है।

