ऊर्जा मंत्री ने ली विद्युत क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक
जयपुर/ कोटा/सांगोद। राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर की अध्यक्षता में सोमवार को विद्युत क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ईआरपी/जीआईएस, आरडीएसएस योजना, ग्रामीण कृषि कनेक्शन, रबी की फसल के दौरान विद्युत मांग एवं उपलब्धता, वर्चुअल एवं ग्रुप मीटरिंग तथा बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम योजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
ऊर्जा मंत्री ने ईआरपी/जीआईएस की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। आरडीएसएस योजना के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की जानकारी प्राप्त की तथा उनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने ग्रामीण कृषि कनेक्शनों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कृषि कनेक्शन जल्द से जल्द जारी करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को समय पर विद्युत कनेक्शन उपलब्ध हो सकें।
बैठक में रबी की फसल के दौरान विद्युत मांग एवं उपलब्धता की स्थिति की भी समीक्षा की गई। ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रबी सीजन में किसानों को पर्याप्त एवं निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाए तथा इस दौरान विद्युत की किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाए।
इसके साथ ही वर्चुअल एवं ग्रुप मीटरिंग की प्रगति की समीक्षा की गई और बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम योजना के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री ने सभी संबंधित विभागों एवं विद्युत कंपनियों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं और निर्धारित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने तथा किसानों सहित सभी उपभोक्ताओं को सुचारू एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में ऊर्जा सचिव एवं अध्यक्ष डिस्कोम्स एवं सीएमडी, जयपुर डिस्कॉम आरती डोगरा, आरआरईसी के सीएमडी रोहित गुप्ता, आरवीयूएनएल के सीएमडी देवेन्द्र श्रृंगी, ऊर्जा विकास निगम के प्रबंध निदेशक शिव प्रसाद नकाते, ऊर्जा सलाहकार नवीन अरोड़ा तथा विद्युत कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

