नई दिल्ली। भारतीय मार्केट के मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट में हुंडई क्रेटा ने अपना एकछत्र राज कायम रखा है। बता दें कि जुलाई, 2015 में पहली बार भारतीय सड़कों पर उतरने के बाद से अब तक इस पॉपुलर एसयूवी की 20 लाख से भी ज्यादा यूनिट्स बिक चुकी हैं।
वर्तमान में मार्केट में बिक रही क्रेटा इसका सेकंड-जनरेशन मॉडल है। अगर आप भी नई क्रेटा खरीदने का मन बना रहे हैं, तो आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी है। बता दें कि कंपनी अब क्रेटा के नेक्स्ट-जनरेशन (थर्ड-जनरेशन) मॉडल को भारतीय मार्केट में उतारने की पूरी तैयारी कर रही है। आइए जानते हैं इस नई क्रेटा में क्या-क्या खास देखने को मिलेगा।
बिल्कुल नए प्लेटफॉर्म पर होगी तैयार
नेक्स्ट-जनरेशन हुंडई क्रेटा अपनी पुरानी दोनों जनरेशंस के मुकाबले डिजाइन और इंजीनियरिंग के मामले में बिल्कुल अलग और काफी एडवांस्ड होने वाली है। यह कार बिल्कुल नए ‘K3’ प्लेटफॉर्म पर तैयार की जाएगी। नया प्लेटफॉर्म मिलने से यह एसयूवी हर डायमेंशन में पहले से बड़ी होगी, जिससे कार के अंदर यात्रियों के लिए ज्यादा स्पेस, बेहतर कम्फर्ट और ज्यादा प्रैक्टिकैलिटी मिलेगी। इसके अलावा, नए मॉडल की बॉडी को ज्यादा मजबूत बनाने के लिए हाई-स्ट्रेंथ स्टील का ज्यादा इस्तेमाल किया जाएगा।
फ्यूचरिस्टिक एक्सटीरियर डिजाइन
सामने आई स्पाई शॉट्स की तस्वीरों से पता चलता है कि नई क्रेटा की लंबाई में बड़ा इजाफा किया गया है। इसका एक्सटीरियर लुक साल 2025 के एलए ऑटो शो में पेश किए गए ‘हुंडई क्रेटर कॉन्सेप्ट’ से प्रेरित होगा, जो इसे बेहद एग्रेसिव और फ्यूचरिस्टिक लुक देता है। कार में पहले से पतली स्लीक लाइट्स, ऊंचा और फ्लैट बोनट, मस्कुलर व्हील आर्चेस और बॉडी पर शार्प कैरेक्टर लाइंस देखने को मिलेंगी। ये सभी बदलाव मिलकर इस एसयूवी को सड़कों पर एक मजबूत और दमदार रोड प्रेजेंस देंगे।
हाई-टेक केबिन और मॉडर्न फीचर्स
कंपनी नई क्रेटा के इंटीरियर को भी पूरी तरह से नया रूप देने जा रही है। यह हुंडई के ग्लोबल मॉडल्स आयोनिक 3 और नई एलांट्रा जैसा दिखेगा। केबिन में 9.9-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और एंड्रॉइड ऑटोमोटिव ओएस पर चलने वाला 12.9-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा। फीचर्स की बात करें तो इसमें फ्लश-फिटेड डोर हैंडल्स, स्मार्ट टेलगेट, मेमोरी और वेंटिलेशन फंक्शन वाली पावरफुल सीट्स और वन-टच जीरो-ग्रेविटी सीटिंग मिलेगी।
कुछ ऐसी होगा पावरट्रेन
दूसरी ओर सेफ्टी के लिए इसमें लेवल-2 एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) भी दिया जाएगा। पावरट्रेन की बात करें तो नेक्स्ट-जनरेशन क्रेटा को 1.5-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड 4-सिलेंडर इंजन के साथ पेट्रोल, सीएनजी और हाइब्रिड ऑप्शंस में पेश किया जाएगा। साथ ही इसका एक ऑल-इलेक्ट्रिक (EV) मॉडल भी लाया जाएगा। हालांकि, सख्त होते एमिशन नॉर्म्स के चलते इसमें मौजूदा डीजल इंजन मिलने की संभावना न के बराबर है। कंपनी इस नई क्रेटा को भारत में साल 2027 के मध्य तक लॉन्च कर सकती है।

