कोटा। नगर निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर विधानसभा क्षेत्र सांगोद स्थित काशीपुरी धर्मशाला में भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण एवं व्यापक संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने की।
कार्यक्रम के दौरान निकाय चुनावों की रणनीति, बूथ प्रबंधन और संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि नगर निकाय चुनाव लोकतंत्र की प्राथमिक सीढ़ी हैं और इनमें सफलता हासिल करने के लिए संगठन का बूथ स्तर तक मजबूत होना बेहद आवश्यक है।
उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाएं। मंत्री नागर ने इस बात पर विशेष बल दिया कि बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाकर प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
सांगठनिक मंथन में निकाय चुनाव प्रभारी ललित शर्मा, प्रधान जयवीर सिंह अमृतकुआं, उप प्रधान ओम नागर अडूसा, क्रय-विक्रय सहकारी समिति के अध्यक्ष ओम मेहता तथा मण्डल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सोनी सहित स्थानीय संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जन-प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान भाजपा देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ता के बल पर ही भारतीय जनता पार्टी हर चुनाव में सफलता का परचम लहराती है। आगामी निकाय चुनावों में भी बूथ स्तर का सुदृढ़ प्रबंधन ही हमारी ऐतिहासिक जीत की राह आसान करेगा।
सुबह निजी आवास पर मंत्री नागर ने की जनसुनवाई
संगठनात्मक बैठक से पूर्व, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सुबह सांगोद स्थित अपने निजी आवास पर कार्यकर्ताओं और आमजन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जनसुनवाई की। जहाँ क्षेत्रवासियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं से मंत्री नागर को अवगत कराया। ऊर्जा मंत्री ने मौके पर ही मौजूद संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।

