कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट 2 के आयोजन पर पर्यटन मंत्री दिया कुमारी की सहमति

0
6

कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को जनवरी 2027 में प्रस्तावित कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट 2 के आयोजन को लेकर विधायक संदीप शर्मा, होटल फेडरेशन आफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान एवं सचिव रणविजय सिंह के साथ राज्य की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी से भेंट की।

प्रतिनिधिमंडल में मौजूद कोटा संभाग के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि पिछले कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट के बेहद सफल आयोजन के बाद हाड़ोती ने राष्ट्रीय पयर्टन मानचित्र पर अपना स्थान बना लिया है। उदयपुर, जयपुर, जोधपुर, चित्तौड एवं जैसलमेर के साथ कोटा बूंदी की भी आइटनरी बनायी जा रही है। इन दिनों हाड़ोती में भारी मात्रा में पर्यटक आ रहे हैं ।

उन्होंने बताया कि पिछले ट्रेवल मार्ट में 1200 से अधिक 16 राज्यों के टूर ऑपरेटर यूट्यूबर्स, इनफ्लुएंस एवं प्रिंट मीडिया ने अपनी भागीदारी निभाई। हाड़ोती में पर्यटन विकास को निरंतर बनाए रखने के लिए ट्रेवल मार्ट का आयोजन अति आवश्यक है। इस बार हम डेस्टिनेशन मेरिज प्लानर एवं अंतर्राष्ट्रीय टूर एजेंसीयो को भी आमंत्रित करना चाह रहे हैं जिससे विदेशी पर्यटक भी हाडोती आ सके।

उन्होंने उपमुख्यमंत्री एवं पयर्टन मंत्री से कहा कि उनकी संभाग वाइज ट्रेवल मार्ट के आयोजन की पहल के कारण प्रथम ट्रेवल मार्ट का आयोजन कोटा संभाग में हुआ जो ऐतिहासिक सफल रहा था। कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट के नियमित आयोजन हाड़ोती क्षेत्र के पर्यटन उद्योग को नई गति प्रदान करेगा।

पर्यटन मंत्री दिया कुमारी ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि राज्य सरकार राज्य के पर्यटन विकास को लेकर पूरी तरह से कटिबद्ध है। जहां जहां भी पर्यटन के विकास की संभावना है वहां ज्यादा से ज्यादा पर्यटक पहुंचे। नई डेस्टिनेशन विकसित हो। साथ ही पुरानी पर्यटन की डेस्टिनेशन के साथ नई डेस्टिनेशन भी जुड़ने से आने वाले पर्यटकों को नए पर्यटन स्थल देखने का भी मौका मिलेगा।

दिया कुमारी ने जनवरी 2026 में आयोजित कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट के आयोजन को सफल बताते हुए कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट 2 के आयोजन पर अपनी सहमति प्रदान कर दी है।

उन्होंने होटल फेडरेशन आफ राजस्थान के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया की वे पर्यटन सचिव से मिलकर पूरी कार्य योजना और प्रोजेक्ट पेश करेंगी। ताकि कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट 2 के आयोजन की अनुमति प्रदान की जा सके।

इस अवसर पर विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि हाड़ोतीमें पर्यटकों का रुझान बढ़ता जा रहा है। कोटा शहर जो शिक्षा का कोचिंग नगरी के नाम से जाना जाता था अब पर्यटक नगरी के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाता जा रहा है।

आने वाले समय में कोटा में हवाई सेवा शुरू होने वाली है। दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे से भी कोटा जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि निरंतर ट्रैवल मार्ट जैसे आयोजन हाड़ोती में होते रहेंगे तो हाड़ोती में देशी विदेशी पर्यटकों में बढ़ोतरी होगी और यहां की अर्थव्यवस्था और रोजगार को नई दिशा मिलेगी।

होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान, सचिव रणविजय सिंह, कोटा संभाग के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट की सहमति प्रदान करने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी, विधायक संदीप शर्मा का हार्दिक आभार प्रकट किया।

उन्हें विश्वास दिलाया कि जनवरी 2027 में आयोजित ट्रेवल मार्ट और भी भव्य और बहुउपयोगी होगा। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा प्रोजेक्ट रिपोर्ट एवं कार्य योजना तैयार कर ली गई है, जिसे पर्यटन सचिव के समक्ष पेश कर कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट 2 की अनुमति पत्र जल्द से जल्द जारी करने का आग्रह किया जाएगा।

इस अवसर पर होटल फेडरेशन आफ राजस्थान एवं कोटा डिवीजन के पदाधिकारियों द्वारा ट्रेवल मार्ट की सहमति देने पर उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी का हार्दिक अभिनंदन किया गया।