अमेरिका-ईरान तनाव व कच्चे तेल की कीमतों से तय होगी इस सप्ताह बाजार की चाल

0
6

नई दिल्ली। Stock Market This Week: अमेरिका-ईरान के बीच चल रहा भू-राजनीतिक तनाव, कंपनियों के तिमाही नतीजे और कच्चे तेल की कीमतों में होने वाला उतार-चढ़ाव इस हफ्ते निवेशकों के मूड को तय करेगा। इसके अलावा, मानसून की रफ्तार, महंगाई के आंकड़े और विदेशी निवेशकों (FPIs) का रुख भी बाजार के लिए काफी अहम साबित होने वाला है।

बाजार के जानकारों का कहना है कि घरेलू स्तर पर इस हफ्ते निवेशक मुख्य रूप से जून महीने के लिए आने वाले उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) यानी खुदरा महंगाई और थोक मूल्य सूचकांक (WPI) यानी थोक महंगाई के आंकड़ों पर करीबी नजर रखेंगे।

साथ ही, देश के विदेशी मुद्रा भंडार के ताजा आंकड़े भी देखे जाएंगे। इस दौरान पहली तिमाही के नतीजों का सीजन भी रफ्तार पकड़ेगा। कंपनियों के मैनेजमेंट की कमेंट्री (भविष्य को लेकर उनकी राय) से यह तय होगा कि बाजार की दिशा क्या होगी और अलग-अलग सेक्टर कैसा प्रदर्शन करेंगे।

इस हफ्ते कॉर्पोरेट जगत में हलचल तेज रहने वाली है क्योंकि HCL टेक्नोलॉजीज, टेक महिंद्रा, यूनियन बैंक और फेडरल बैंक समेत कई बड़ी कंपनियां अपने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के नतीजे घोषित करने जा रही हैं।

इसके साथ ही, व्यापक आर्थिक मोर्चे (मैक्रोइकॉनॉमिक फ्रंट) पर सोमवार को खुदरा महंगाई और मंगलवार को थोक महंगाई के आंकड़े जारी होंगे, जो बाजार के लिए एक बड़ा ट्रिगर बन सकते हैं। इसके अलावा मानसून पर भी नजर रहेगी, क्योंकि इसका सीधा असर ग्रामीण इलाकों में मांग और महंगाई पर पड़ता है।

वैश्विक मोर्चे की बात करें तो अमेरिका और ईरान के बीच की स्थिति पर नजर रखना जरूरी होगा क्योंकि इसका सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ता है। साथ ही, अमेरिका में मंगलवार को आने वाले खुदरा महंगाई (CPI) और बुधवार को आने वाले उत्पादक मूल्य सूचकांक (PPI) के आंकड़े भी बहुत महत्वपूर्ण होंगे, क्योंकि इन्हीं से तय होगा कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक (फेडरल रिजर्व) ब्याज दरों को लेकर आगे क्या फैसला ले सकता है।