नई दिल्ली। यामाहा ने भारत में अपनी फ्लेक्स फ्यूल बाइक को लॉन्च कर दिया है। इसका नाम Yamaha FZ Blue Flex है। यह कंपनी की पहली फ्लेक्स-फ्यूल (Flex Fuel) मोटरसाइकिल है, जो E20 से लेकर E85 तक एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल पर चल सकती है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1.24 लाख रुपये रखी है। बाइक मेटैलिक ब्लैक कलर में आती है। इसके इंजन में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
यामाहा से पहले सुजुकी ने अपनी Gixxer SF 250 के फ्लेक्स फ्यूल और Hero MotoCorp ने अपनी Splendor और HF Deluxe के फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल की मार्केट में एंट्री करा दी है। आइए जानते हैं कि यामाहा की पहली फ्लेक्स फ्यूल बाइक में क्या कुछ है खास।
149cc इंजन
नई यामाहा FZ ब्लू फ्लेक्स में वही 149cc, एयर-कूल्ड, फ्यूल-इंजेक्टेड, सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है, जो स्टैंडर्ड FZ में मिलता है। हालांकि, इसे इस तरह अपडेट किया गया है कि यह E20 से लेकर E85 तक के एथेनॉल ब्लेंड वाले फ्यूल पर आसानी से चल सके। इस इंजन की मैक्सिमम पावर 11.7 hp (7,250 rpm) और 12.8 Nm टॉर्क (6,000 rpm) है। यह स्टैंडर्ड FZ के मुकाबले 0.7 hp कम पावर और 0.5 Nm कम टॉर्क पैदा करता है। फ्लेक्स-फ्यूल इंजन्स में ऐसा होना नॉर्मल है क्योंकि एथेनॉल की एनर्जी डेंसिटी नॉर्मल पेट्रोल से थोड़ी कम होती है।
डिजाइन
नई FZ ब्लू फ्लेक्स का डिजाइन काफी हद तक मौजूदा FZ जैसा ही है। इसमें वही LED हेडलाइट दी गई है, जो पिछले साल लॉन्च हुई FZ Rave में देखने को मिली थी। इसके अलावा फ्यूल टैंक, फॉक्स एयर वेंट्स और सिंगल-पीस सीट भी पहले जैसे ही हैं। बाइक में 5-स्पीड गियरबॉक्स, टेलीस्कोपिक फ्रंट फोर्क, रियर मोनोशॉक सस्पेंशन और सिंगल-चैनल ABS भी पहले की तरह मिलता है। इस बाइक में सबसे बड़ा बदलाव इसके ग्राउंड क्लीयरेंस में किया गया है। FZ ब्लू फ्लेक्स का ग्राउंड क्लीयरेंस 135 मिमी है, जबकि अन्य FZ वेरिएंट्स में यह 165 मिमी मिलता है। इसके अलावा बाइक का कर्ब वेट 139 किलोग्राम है, जो FZ Rave के मुकाबले 3 किलोग्राम ज्यादा है।
कीमत और उपलब्धता
FZ ब्लू फ्लेक्स को फिलहाल मेटैलिक ब्लैक कलर में लॉन्च किया गया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1.24 लाख रुपये रखी है। यह कीमत यामाहा की FZ सीरीज के कुल नौ मॉडलों के बीच के प्राइस सेगमेंट में आती है। शुरुआत में इस बाइक की सेल कंपनी के ब्लू स्क्वेयर प्रीमियम डीलरशिप्स के जरिए दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और तमिलनाडु में की जाएगी।

