नई दिल्ली। Gold Silver Price Today 13 May: सोने-चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने की खबर के बाद आज दोनों धातुओं के भाव में भारी तेजी दर्ज की जा रही है। एमसीएक्स पर आज 10 ग्राम सोना 6 प्रतिशत यानी 9231 रुपये उछलकर 162648 रुपये पर पहुंच गया। जबकि, चांदी 16675 रुपये प्रति किलो महंगी होकर 295805 रुपये पर खुली।
बता दें मोदी सरकार ने सोने और चांदी के इंपोर्ट पर रातोंरात 10% बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5% एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) लगा दिया है।इससे प्रभावी इंपोर्ट टैक्स 6% से बढ़कर 15% हो गया है। पीएम मोदी की एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील के बाद केंद्र सरकार कीमती धातुओं की विदेशी खरीद पर अंकुश लगाना चाहती है और विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करना चाहता है।
भारत का सोने का आयात 24% बढ़ा
भारत अपनी सोने की खपत की जरूरतें ज्यादातर आयात से पूरी करता है। पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में भारत का सोने का आयात 24% बढ़कर 71.98 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। पिछले एक साल में सोने की कीमतों में तेजी और शेयर बाजार के कमजोर रिटर्न के चलते निवेश वाली मांग बढ़ी है।
इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने से आयात पर क्या पड़ेगा असर
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के अनुसार, मार्च तिमाही में भारत के गोल्ड ईटीएफ में सालाना आधार पर 186% की बढ़ोतरी हुई और कुल निवेश 20 मीट्रिक टन के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया। उद्योग के अनुमानों के मुताबिक, इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने से सोने के आयात में करीब 10-12% की गिरावट आ सकती है। गौरतलब है कि भारत के आभूषणों की मांग का करीब 50% हिस्सा पुराने सोने के आदान-प्रदान और रिसाइक्लिंग से पूरा होता है। यह नए आयात से हटकर फिर से इस्तेमाल की ओर बदलाव दिखाता है।
सरकार ने रातोंरात बढ़ा दी इंपोर्ट ड्यूटी
दूसरी ओर इंटरनेशनल मार्केट में सोने की कीमतें कम हो गईं। यहां सोने की हाजिर कीमत 0.4% गिरकर 4,695.99 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि जून डिलीवरी के लिए अमेरिकी सोना वायदा 0.4% बढ़कर 4,705.30 डॉलर हो गया। हाजिर चांदी 0.2% बढ़कर 86.71 डॉलर प्रति औंस हो गई।

