नई दिल्ली। Gold Silver Price Today 13 May: सोने-चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने की खबर के बाद आज दोनों धातुओं के भाव में भारी तेजी दर्ज की जा रही है। सोने-चांदी पर कस्टम ड्यूटी बढ़ने का असर आज सर्राफा मार्केट में देखने को मिल रहा है। एक झटके में 24 कैरेट सोना 8779 रुपये, 22 कैरेट गोल्ड 8042 रुपये और 18 कैरेट गोल्ड 6584 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हो गया।
जबकि, चांदी एक झटके में 21983 रुपये महंगी हो गई। अब एक किलो चांदी की कीमत जीएसटी संग 295455 रुपये पर पहुंच गई। दूसरी ओर 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1.65 लाख रुपये का हो गया है।
पीएम नरेंद्र मोदी की एक साल तक सोना न खरीदने की अपील के बाद 3 दिन में सोने के भाव में 9333 रुपये प्रति 10 ग्राम का उछाल आया है। जबकि, चांदी इस अवधि में किलो पीछे 31250 रुपये उछली है।
मोदी की अपील से पहले सोना शुक्रवार को बिना जीएसटी 151078 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 255600 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। आईबीजेए शनिवार और रविवार को रेट जारी नहीं करता है।
एमसीएक्स पर आज 10 ग्राम सोना 6 प्रतिशत यानी 9231 रुपये उछलकर 162648 रुपये पर पहुंच गया। जबकि, चांदी 16675 रुपये प्रति किलो महंगी होकर 295805 रुपये पर खुली।
भारत का सोने का आयात 24% बढ़ा
भारत अपनी सोने की खपत की जरूरतें ज्यादातर आयात से पूरी करता है। पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में भारत का सोने का आयात 24% बढ़कर 71.98 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। पिछले एक साल में सोने की कीमतों में तेजी और शेयर बाजार के कमजोर रिटर्न के चलते निवेश वाली मांग बढ़ी है।
इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने से आयात पर क्या पड़ेगा असर
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के अनुसार, मार्च तिमाही में भारत के गोल्ड ईटीएफ में सालाना आधार पर 186% की बढ़ोतरी हुई और कुल निवेश 20 मीट्रिक टन के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया। उद्योग के अनुमानों के मुताबिक, इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने से सोने के आयात में करीब 10-12% की गिरावट आ सकती है। गौरतलब है कि भारत के आभूषणों की मांग का करीब 50% हिस्सा पुराने सोने के आदान-प्रदान और रिसाइक्लिंग से पूरा होता है। यह नए आयात से हटकर फिर से इस्तेमाल की ओर बदलाव दिखाता है।
सरकार ने रातोंरात बढ़ा दी इंपोर्ट ड्यूटी
दूसरी ओर इंटरनेशनल मार्केट में सोने की कीमतें कम हो गईं। यहां सोने की हाजिर कीमत 0.4% गिरकर 4,695.99 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि जून डिलीवरी के लिए अमेरिकी सोना वायदा 0.4% बढ़कर 4,705.30 डॉलर हो गया। हाजिर चांदी 0.2% बढ़कर 86.71 डॉलर प्रति औंस हो गई।

