होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन की बूंदी में बैठक आयोजित
कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा डिवीजन की एक महत्वपूर्ण बैठक बूंदी स्थित एक रिसोर्ट में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता कोटा संभाग अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने की। बैठक में हाड़ोती क्षेत्र के पर्यटन विकास एवं प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर अशोक माहेश्वरी ने कहा कि विशेष कार्ययोजना के तहत हाड़ोती के सभी जिलों के माध्यम से क्षेत्र के पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
इसके अंतर्गत सभी जिला इकाइयों द्वारा पर्यटन प्रदर्शनियों के माध्यम से क्षेत्रीय पर्यटन स्थलों, कला, संस्कृति एवं इतिहास को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे स्थानीय पर्यटन स्थलों का प्रभावी प्रचार-प्रसार एवं प्रमोशन हो सके।
साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी क्षेत्रीय आयोजनों और पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाड़ोती के विभिन्न जिलों के पर्यटन स्थलों की जानकारी अन्य जिलों में आयोजित प्रदर्शनियों के माध्यम से भी दी जाएगी।
माहेश्वरी ने बताया कि बारां इकाई इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है तथा बूंदी इकाई द्वारा भी बाहर से आने वाले पर्यटकों को बूंदी के इतिहास एवं संपूर्ण हाड़ोती के पर्यटन स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बूंदी इकाई के अध्यक्ष प्रदीप चांदवानी एवं सचिव लोकेश सुखवाल ने बताया कि कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट के दौरान बूंदी इकाई द्वारा अपने पांडाल में बूंदी के पर्यटन स्थलों का आकर्षक चित्रण एवं प्रदर्शन किया गया था, जिसे देशभर से आए टूर ऑपरेटर्स ने काफी सराहा। इसके बाद से बूंदी में देशी एवं विदेशी पर्यटकों की संख्या में निरंतर बढ़ोतरी देखने को मिली है।
बैठक में उपाध्यक्ष मुकेश श्रृंगी, कोषाध्यक्ष भगवान मंडावरा, मुख्य सलाहकार रोहित पाटौदी एवं नारायण मंडावरा ने बताया कि बूंदी आने वाले पर्यटकों को पूरे हाड़ोती क्षेत्र के पर्यटन स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है तथा उन्हें कोटा, बारां एवं झालावाड़ भ्रमण के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
इस अवसर पर कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट में बूंदी इकाई के पदाधिकारियों द्वारा उत्कृष्ट सहयोग प्रदान करने पर फेडरेशन की ओर से उन्हें दुपट्टा, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
साथ ही बूंदी के प्रसिद्ध फोटोग्राफर नारायण मंडावरा, जो बूंदी के पर्यटन स्थलों के फोटो सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार प्रचारित करते रहते हैं, उन्हें भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
माहेश्वरी ने बताया कि होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के प्रदेश पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आगामी जुलाई-अगस्त माह में हाड़ोती के झालावाड़ अथवा बारां जिले में आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है।
बैठक के स्थान एवं तिथि की घोषणा शीघ्र की जाएगी। इस बैठक में प्रदेश की सभी जिला इकाइयों के पदाधिकारियों के साथ-साथ पर्यटन क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
बैठक का मुख्य उद्देश्य हाड़ोती संभाग के पर्यटन को प्रदेश के विकसित पर्यटन संभागों एवं जिला इकाइयों से जोड़ना तथा राज्य स्तर पर बनाई जाने वाली पर्यटन आइटनरी में हाड़ोती को भी शामिल करवाना है, ताकि आगामी पर्यटन सीजन में हाड़ोती क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके।

