शीर्ष आठ कंपनियों की मार्केट कैप 1.87 लाख करोड़ बढ़ी, टॉप गेनर बना एयरटेल

0
8

नई दिल्ली। Market Cap: बीते हफ्ते शेयर बाजार में मजबूती का रुख देखने को मिला, जिसका सीधा असर देश की टॉप 10 सबसे बड़ी कंपनियों के बाजार मूल्यांकन पर भी पड़ा। छुट्टियों से छोटे रहे इस हफ्ते में इन आठ कंपनियों की संयुक्त वैल्यू में कुल 1,87,497.45 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ।

बीएसई का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 943.29 अंक यानी 1.21 प्रतिशत चढ़ा, जबकि एनएसई निफ्टी में 302.95 अंक यानी 1.25 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।

रिलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के एसवीपी रिसर्च अजित मिश्रा ने कहा कि पिछले सप्ताह बाजार लगातार दूसरे हफ्ते बढ़त के साथ बंद हुआ। उनके अनुसार वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनावों में नरमी और निवेशकों की बेहतर होती धारणा ने बाजार को सपोर्ट दिया।

साथ ही अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते की उम्मीदों ने भी निवेशकों का भरोसा बढ़ाया। घरेलू आर्थिक स्थिति स्थिर रहने से भी बाजार को मजबूती मिली।

टॉप कंपनियों में भारती एयरटेल सबसे बड़ा लाभ पाने वाली कंपनी रही। इसका बाजार मूल्यांकन 58,831.52 करोड़ रुपये बढ़कर 11,25,125.21 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वहीं भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) का मार्केट कैप 27,608.62 करोड़ रुपये बढ़कर 5,32,691.31 करोड़ रुपये हो गया।

आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज की और इसका बाजार मूल्य 20,731.64 करोड़ रुपये बढ़कर 9,34,063.56 करोड़ रुपये हो गया।

रिलायंस इंडस्ट्रीज भी पीछे नहीं रही। कंपनी का मार्केट कैप 20,231.05 करोड़ रुपये बढ़कर 18,47,317.84 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं लार्सन एंड टूब्रो, (L&T) का मूल्यांकन 18,577.91 करोड़ रुपये बढ़कर 5,63,314.50 करोड़ रुपये हो गया।

बैंकिंग सेक्टर में भी तेजी देखने को मिली। आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 18,266.82 करोड़ रुपये बढ़कर 9,65,008.67 करोड़ रुपये हो गया। भारतीय स्टेट बैंकI (SBI) का मूल्यांकन 12,599.79 करोड़ रुपये बढ़कर 9,97,229.77 करोड़ रुपये पहुंच गया। आईटी कंपनी इंफोसिस का मार्केट कैप भी 10,650.1 करोड़ रुपये बढ़कर 5,34,774.50 करोड़ रुपये हो गया।

हालांकि, हर कंपनी के लिए यह हफ्ता सकारात्मक नहीं रहा। एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 16,163.04 करोड़ रुपये घटकर 12,31,315.53 करोड़ रुपये रह गया। इसके अलावा Bajaj Finance का मूल्यांकन भी 9,769.3 करोड़ रुपये घटकर 5,65,437.17 करोड़ रुपये पर आ गया।

अगर सबसे ज्यादा वैल्यू वाली कंपनियों की बात करें तो रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर बनी रही। इसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टूब्रो, इंफोसिस और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का नाम शामिल रहा।