मुम्बई। Black Pepper Price: आमतौर पर वियतनाम की कालीमिर्च सबसे सस्ते दाम पर उपलब्ध रहती है मगर फिलहाल ब्राजील की कालीमिर्च का भाव उससे भी नीचे आ गया है। वर्तमान समय में वियतनामी कालीमिर्च का निर्यात ऑफर मूल्य 6000 डॉलर प्रति टन चल रहा है, जबकि ब्राजील की कालीमिर्च का दाम 6000 डॉलर प्रति टन से नीचे आ गया है।
इंडोनेशिया में निर्यात ऑफर मूल्य 6500 डॉलर प्रति टन तथा श्रीलंका में 6800 डॉलर प्रति टन बताया जा रहा है। इसके मुकाबले भारतीय कालीमिर्च का निर्यात ऑफर मूल्य काफी ऊंचा 7825 डॉलर प्रति टन चल रहा है। भारतीय मसाले की क्वालिटी अच्छी होती है।
इंडोनेशिया में कालीमिर्च की नई फसल की तुड़ाई-तैयारी पहले ही आरंभ हो चुकी है जबकि ब्राजील में इसकी प्रक्रिया अगले सप्ताह से शुरू होने की संभावना है। श्रीलंका से भारत में कालीमिर्च का आयात बढ़ता जा रहा है जबकि आगामी समय में ब्राजील तथा इंडोनेशिया से भी आयात बढ़ने की संभावना है। भारत में दिसम्बर-जनवरी में तथा वियतनाम में जनवरी-फरवरी में नई फसल की तुड़ाई-तैयारी की गति तेज रहती है।
घरेलू बाजार भाव में तेजी-मजबूती के माहौल को देखते हुए उत्पादकों एवं स्टॉकिस्टों ने कालीमिर्च का स्टॉक रोकना शुरू कर दिया है। उसे आगामी समय में इसका दाम और भी ऊंचा होने की उम्मीद है। 21 अक्टूबर को कोच्चि के टर्मिनल मार्केट में 36 टन कालीमिर्च की आवक हुई।
व्यापार विश्लेषकों के अनुसार जैसे-जैसे भारत में कालीमिर्च का भाव बढ़ रहा है वैसे-वैसे निर्यातक देशों और खासकर श्रीलंका में भी कीमत बढ़ रही है। निर्यातक देशों का ध्यान भारत पर केन्द्रित हो गया है। भारत में कालीमिर्च की घरेलू मांग एवं खपत तेजी से बढ़ती जा रही है लेकिन इसके अनुरूप उत्पादन में वृद्धि नहीं हो रही है। इसके फलस्वरूप विदेशों से आयात पर निर्भरता में वृद्धि होने के संकेत मिल रहे हैं।

