दीगोद के 36 गांव हुए ऑनलाइन, किसानों को मिलेगा अब डिजिटल योजनाओं का लाभ

0
9

कोटा/ दीगोद। 36 villages online: राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के प्रयासों से दीगोद तहसील के किसानों को बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र के 36 ‘ऑफलाइन’ गांवों को अब तकनीकी रूप से ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर दिया गया है।

इन गांवों के अब तक डिजिटल रिकॉर्ड में शामिल न होने के कारण हजारों किसान आधिकारिक ‘फार्मर आईडी’ से वंचित थे। जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई होती थी।

अब डेटा डिजिटल होने से नयागाँव अहीरान, फतेहपुर, सुल्तानपुर और दीगोद सहित इन 36 गांवों के किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, खाद-बीज सब्सिडी और न्यूनतम समर्थन मूल्य जैसी सुविधाओं का लाभ घर बैठे उठा सकेंगे। इस प्रक्रिया को पूर्णता देने के लिए अब गांव-गांव में विशेष ‘फार्मर रजिस्ट्रेशन’ शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जहाँ किसानों की ‘फार्मर रजिस्ट्री’ तैयार की जा रही है।

ऊर्जा मंत्री कार्यालय ने सभी प्रभावित किसान भाइयों से अपील की है कि वे तुरंत अपने क्षेत्र के पटवारी से संपर्क कर शिविरों में अपनी रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से बनवा लें।

उल्लेखनीय है कि भविष्य में किसी भी सरकारी सहायता के लिए यह पंजीकरण अनिवार्य होगा। ऊर्जा मंत्री ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य अंतिम छोर पर खड़े किसान को तकनीक से जोड़कर विकास की मुख्यधारा में लाना है।