LPG Cylinder Price: घरेलू एवं कमर्शियल दोनों गैस सिलेंडर के दाम बढ़े

0
11

नई दिल्ली। इजरायल और ईरान (Iran-Israel) युद्ध के चलते कच्चे तेल (Crude Oil) की आवाजाही ठहर सी गई है। ऐसे में भारत की सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों (Govt Oil Companies) ने सभी तरह के गैस सिलेंडरों के दाम में वृद्धि की घोषणा की है।

आज यानी 7 मार्च 2026 से 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वहीं 19 किलो वाले कॉमर्शियल या हलवाई सिलेंडर के दाम में तो 115.50 रुपये की तगड़ी बढ़ोतरी कर दी गई है।

सिलेंडर का नया दाम
देश की सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (IOC, HPCL, BPCL) ने एलपीजी या Liquified Petroleum Gas के सिलेंडरों के दाम में जो बढ़ोतरी की है, वह आज से प्रभावी हो गई है। अब दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों (14.2 KG) की कीमत पहले के 853 रुपये से 60 रुपये बढ़ कर 913 रुपये जबकि कॉमर्शियल गैस सिलेंडर (19 KG) की कीमत पहले के 1768.50 रुपये से 115.50 रुपये बढ़ कर 1883 रुपये हो गई है।

तीन महीने में 303.50 रुपये महंगा
कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम तो छह दिन पहले यानी एक मार्च को ही 28 रुपये बढ़ाए गए थे। इससे एक महीने पहले यानी पहली फरवरी से इसके दाम में 49 रुपये और पहली जनवरी से इसके दाम में 111 रुपये की भारी बढ़ोतरी की गई थी। मतलब कि तीन ही महीने में यह 303.50 रुपये महंगा हो गया है।

देश के चार महानगरों में दाम
सरकारी कंपनी इंडियन ऑयल (IOC) की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली में अब 19 किलो वाले हलवाई या कामर्शियल सिलेंडर का दाम 1883.00 रुपये का हो गया है। कोलकाता में आज से 19 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1990.00 रुपये हो गई है। मुंबई में यह 1835.00 रुपये में मिलेगा। दक्षिण भारत के चेन्नई में इसका रेट बढ़ा कर 2043.50 रुपये किया गया है। यदि घरेलू गैस सिलेंडर की बात करें तो अब दिल्ली में इसका नया दाम 913 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये, मुंबई में 912.50 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये किया गया है।