792 km रेंज वाली मर्सिडीज की CLA इलेक्ट्रिक कार लॉन्च, जानिए कीमत

0
1

नई दिल्ली। मर्सिडीज-बेंज ने भारतीय मार्केट में अपनी मोस्ट-अवेटेड CLA इलेक्ट्रिक कार को लॉन्च कर दिया है। इस शानदार लग्जरी इलेक्ट्रिक कार की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 55 लाख रुपये रखी गई है।

कंपनी ने इसे तीन वैरिएंट्स स्टैंडर्ड रेंज, लॉन्ग रेंज और एक खास ‘लॉन्च एडिशन’ में पेश किया है। खास बात यह है कि कीमतों के ऐलान से पहले ही 400 से ज्यादा ग्राहकों ने इसे बुक कर लिया था। यह भारत में मर्सिडीज की पहली ऐसी कार है जो नए ‘MMA’ प्लेटफॉर्म पर बनी है। आइए जानते हैं लॉन्च हुई इस कार के फीचर्स, ड्राइविंग रेंज और कीमत के बारे में विस्तार से।

परफॉर्मेंस
अगर परफॉर्मेंस की बात करें तो CLA इलेक्ट्रिक के टॉप मॉडल (CLA 250+) में लगी मोटर 268bhp की पावर और 335Nm का टॉर्क जेनरेट करती है। इससे यह कार महज 6.7 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है। वहीं, इसका बेस मॉडल भी काफी दमदार है जो 221bhp की पावर देता है। रफ्तार के शौकीनों के लिए इसकी टॉप स्पीड 210 किमी/घंटा तय की गई है। मर्सिडीज ने भारतीय सड़कों के हिसाब से इसके सस्पेंशन को खास तौर पर ट्यून किया है।

रेंज
कंपनी का दावा है कि लॉन्ग रेंज वैरिएंट एक बार फुल चार्ज होने पर 792 किलोमीटर (WLTP) तक चल सकता है। वहीं, चार्जिंग के मामले में यह सुपरफास्ट है। बता दें कि इसे 240 kW के DC फास्ट चार्जर से सिर्फ 20 मिनट चार्ज करके आप 400 किलोमीटर तक का सफर तय कर सकते हैं। मर्सिडीज ने भारत में अपना चार्जिंग नेटवर्क भी काफी मजबूत किया है। इसके तहत अब ग्राहकों को देशभर में 9,000 से ज्यादा चार्जिंग पॉइंट्स की सुविधा मिलेगी।

कार के फीचर्स
डिजाइन के मामले में नई CLA बेहद स्पोर्टी और मॉडर्न दिखती है। इसकी ढलान वाली छत और शार्क जैसी दिखने वाली नोज इसे एक अनोखा लुक देती है। कार के फ्रंट ग्रिल पर 142 छोटे-छोटे चमकते हुए स्टार्स दिए गए हैं। अंदर की तरफ, आपको ‘सुपरस्क्रीन’ वाला डैशबोर्ड मिलता है जिसमें ChatGPT-4 और Gemini बेस्ड इंटेलिजेंट वर्चुअल असिस्टेंट दिया गया है। इसके अलावा, इसमें लेवल-2 ADAS जैसे सेफ्टी फीचर्स भी शामिल हैं।

कब शुरू होगी डिलीवरी
मर्सिडीज ने इसे खरीदने को आसान बनाने के लिए कई अट्रैक्टिव स्कीम भी निकाली हैं। ग्राहक इसे 62,000 रुपये की शुरुआती EMI पर घर ले जा सकते हैं। साथ ही इसमें 59 पर्सेंट की ‘बायबैक’ गारंटी भी दी जा रही है। कंपनी ने भारत में पहली बार ‘हाई-वोल्टेज बैटरी रिपोर्ट’ की शुरुआत की है। इससे ग्राहकों को अपनी कार की बैटरी हेल्थ की सटीक जानकारी मिलेगी। बता दें कि CLA 250+ लॉन्ग रेंज की डिलीवरी अप्रैल 2026 के अंत से शुरू हो जाएगी। जबकि स्टैंडर्ड मॉडल जून से मिलना शुरू होगा।