नई दिल्ली। बीजिंग ऑटो शो 2026 में हुंडई ने अपनी नई इलेक्ट्रिक कार Ioniq V को पेश कर दिया है। हुंडई ने न केवल अपनी नई कार दिखाई, बल्कि चीन के मार्केट के लिए एक बेहद आक्रामक ‘रोडमैप’ भी तैयार किया है।
कंपनी ने साफ कर दिया है कि अगले पांच सालों में वह चीन में 20 नए मॉडल लॉन्च करेगी। इसके लिए हुंडई और उसकी पार्टनर कंपनी BAIC ग्रुप मिलकर करीब 8 बिलियन युआन का बड़ा निवेश करने जा रहे हैं। कंपनी का लक्ष्य सालाना 5 लाख यूनिट्स की बिक्री के आंकड़े को पार करना है। आइए जानते हैं हुंडई Ioniq V के बारे में विस्तार से।
कुछ ऐसा है डाइमेंशन
हुंडई Ioniq V को किसी ग्लोबल प्लेटफॉर्म से उठाने के बजाय खास तौर पर चीन के ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह कार हुंडई के ‘वीनस कॉन्सेप्ट’ पर बेस्ड है। अगर साइज की बात करें तो इसकी लंबाई 4,900 mm, चौड़ाई 1,890 mm जबकि इसका व्हीलबेस 2,900 mm रखा गया है। इसका लुक काफी स्मूथ है। इसमें फ्रेमलेस दरवाजे और फ्लोटिंग साइड मिरर्स दिए गए हैं जो इसे प्रीमियम लुक देते हैं।
धांसू फीचर्स
कार के केबिन में 27-इंच का अल्ट्रा-थिन 4K पैनोरमिक डिस्प्ले दिया गया है जो डैशबोर्ड की शोभा बढ़ाता है। साथ ही ड्राइवर के लिए हेड-अप डिस्प्ले की सुविधा भी है। इंटरटेनमेंट के लिए इसमें डॉल्बी एटमॉस वाला 8-स्पीकर का ऑडियो सिस्टम दिया गया है। कंपनी ने इसमें क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 8295 चिपसेट वाला AI असिस्टेंट भी दिया है, जिससे आप बोलकर कार के कई फीचर्स कंट्रोल कर सकते हैं।
600 किमी है रेंज
हुंडई Ioniq V का लॉन्ग रेंज वैरिएंट एक बार फुल चार्ज होने पर 600 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय कर सकता है। सेफ्टी के लिए इस कार में 9-एयरबैग्स, एक बेहद मजबूत बॉडी स्ट्रक्चर और एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) दिया गया है। एक खास फीचर ‘पेडल मिसएप्लीकेशन सेफ्टी असिस्ट’ भी शामिल है, जो गलती से अचानक एक्सीलेटर दब जाने पर इमरजेंसी ब्रेक लगाकर दुर्घटना को रोकने में मदद करता है।
कंपनी की प्लानिंग
कंपनी ने माना है कि चीन दुनिया का सबसे कॉम्पिटेटिव मार्केट है। यहां टिके रहने के लिए रफ्तार और समझदारी दोनों की जरूरत है। कंपनी की प्लानिंग 2027 की पहली छमाही तक एक नई SUV लाने की भी है। आने वाले सालों में हुंडई मिड-साइज से लेकर बड़े सेगमेंट तक कई बैटरी इलेक्ट्रिक और एक्सटेंडेड-रेंज इलेक्ट्रिक गाड़ियां पेश करने वाली है। साफ है कि हुंडई अब चीनी मार्केट में ‘बैकफुट’ के बजाय ‘फ्रंटफुट’ पर खेलने की तैयारी में है।

