Thursday, July 9, 2026
Home Blog Page 5776

जियो के 4जी फीचर फोन की प्री-बुकिंग ऐसे करें

मुंबई। रिलायंस ने दुनिया का सबसे सस्ता फोन लॉन्च कर दिया है। वैसे तो यह फोन फ्री है, लेकिन सिक्योरिटी के रूप में आपको 1,500 रुपये देने होंगे। यह पैसा आप तीन साल बाद फोन को रिटर्न करके वापस ले सकते हैं। फोन के साथ कंपनी ने कई सारे ऑफर्स भी पेश किए हैं तो आइए जानते हैं कि फोन की बुकिंग का तरीका और ऑफर्स।

 बुकिंग 24 अगस्त से
सबसे पहले बता दें कि इस फोन की बुकिंग 24 अगस्त से शुरू होगी। बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी। अगर आप भी फोन खरीदना चाहते हैं तो 24 अगस्त से माय जियो ऐप या जियो रिटेलर के जरिए फोन को प्री-बुक कर सकते हैं।

प्री-बुकिंग के समय आपको 1,500 रुपये की सिक्योरिटी जमा करानी होगी जो 3 साल बाद वापस मिल जाएंगे। 3 साल बाद अगर आप फोन को रखना चाहते हैं तो रख सकते हैं। बता दें कि फोन वापस करने पर ही सिक्योरिटी वाले पैसे मिलेंगे।

जियो फोन के साथ मिलने वाले ऑफर्स और स्पेसिफिकेशन
इसमें 2.4-इंच की QVGA डिस्प्ले, सिंगल सिम सपोर्ट, माइक्रो एसडी कार्ड स्लॉट, टॉर्च लाइट, FM रेडियो, पैनिक बटन और 22 भाषाओं का सपोर्ट दिया गया है। रियर में 2 मेगापिक्सल कैमरा, फ्रंट में VGA कैमरा, 4GB स्टोरेज और 512MB रैम दिया जाएगा।

फोन में आपको अल्फान्यूमेरिकल की-पैड मिलता है। इसके साथ ही माइक्रोफोन स्पीकर और 4-वे नेविगेशन दिया गया है। फोन को एक कॉम्पैक्ट डिजाइन दिया गया है। साथ ही फोन में एफएम रेडियो, टॉर्च, जैसे फीचर भी दिए गए हैं। फोन में सिर्फ जियो का सिम होगा। यानी दूसरी कंपनी का सिम इस फोन में यूज नहीं किया जा सकता है।

153 रुपये का ऑफर
इस फोन के साथ 153 रुपये का ऑफर पेश किया गया है जिसके तहत ग्राहकों को एक महीने तक अनलिमिटेड डाटा, कॉलिंग और मैसेज मिलेंगे। प्रतिदिन हाईस्पीड डाटा यूज की सीमा 500 एमबी होगी। इसके बाद स्पीड 128kbps हो जाएगी। इस 153 रुपये में जियो ऐप का एक्सेस भी मिलेगा।

इसके अलावा कंपनी ने 24 रुपये का 2 दिन की वैधता वाला और 54 रुपये का 7 दिन की वैधता वाला प्लान भी लॉन्च किया है। इन दोनों प्लान में 153 रुपये वाले प्लान जैसी सुविधाएं मिलेंगी। वहीं इस फोन के यूजर्स 309 रुपये के धन धना धन प्लान के तहत जियो फोन टीवी-केबल एक्सेसरी का आनंद ले सकेंगे। इसके जरिए कोई भी यूजर्स किसी भी तरह के टीवी से कनेक्ट हो सकेगा।

सेंसेक्स 125 अंक चढ़कर 32,028 पर बंद, एयरटेल व आइडिया औंधें मुंह गिरे

नई दिल्ली। शुक्रवार के कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर बंद हुआ है। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 125 अंक चढ़कर 32,028 के स्तर पर और निफ्टी 42 अंक की तेजी के साथ 9915 के स्तर पर कारोबार कर बंद हुआ है। उधर रिलायंस जियो फोन की लॉन्चिंग के दौरान एयरटेल और आइडिया के शेयर औंधे मुंह गिर गए।

आईटी शेयर्स में खरीदारी
सेक्टोरियल इंडेक्स की बात करें तो ऑटो, फार्मा और रियल्टी छोड़ सभी सूचकांक हरे निशान में कारोबार कर बंद हुए हैं। बैंक (0.18 फीसद), फाइनेंशियल सर्विस (0.72 फीसद), एफएमसीजी (0.13 फीसद), आईटी (2.10 फीसद) और मेटल (0.21 फीसद) की बढ़त देखने को मिली है।

रिलायंस टॉप गेनर
दिग्गज शेयर्स की बात करें तो निफ्टी में शुमार शेयर्स में से 26 हरे निशान में और 25 गिरावट के साथ कारोबार कर बंद हुए हैं। सबसे ज्यादा तेजी विप्रो, रिलायंस, जील, कोल इंडिया और कोटक बैंक के शेयर्स में हुई है।

वहीं, गिरावट भारती एयरटेल, इंडिया बुल्स हाउसिंग फाइनेंस, पावर ग्रिड, ल्यूपिन और हीरो मोटो कॉर्प के शेयर्स में हुई है। एक्सचेंज पर मिडकैप में 0.24 फीसद और स्मॉलकैप में 0.48 फीसद की बढ़त देखने को मिल रही है।

विप्रो टॉप गेनर
दिग्गज शेयर्स की बात करें तो निफ्टी में शुमार शेयर्स में से 21 हरे निशान में और 30 गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। सबसे ज्यादा तेजी विप्रो, रिलायंस, एचसीएलटेक, टेक महिंद्रा और जील के शेयर्स में है। वहीं, गिरावट ल्यूपिन, सिप्ला, पावरग्रिड और बीपीसीएल के शेयर्स में है।

जियो की लॉन्चिंग से औंधें मुंह गिरे एयरटेल, आइडिया के शेयर
मुकेश अंबानी एक तरफ सालाना आम बैठक में भाषण दे रहे थे, वहीं प्रतिद्वंद्वी कंपनियों भारती एयरटेल, आइडिया सेल्युलर और उनके भाई अनिल भाई की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस के शेयर औंधे मुंह गिरते जा रहे थे।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर एयरटेल के शेयर में साढ़े तीन फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई, जबकि आइडिया का शेयर साढ़े छह फीसदी तक लुढक गया। रिलायंस कम्युनिकेशंस के शेयर में भी करीब तीन फीसदी तक की गिरावट रही।

12 साल बाद दिया रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बोनस शेयर

मुंबई। रिलायंस इंडस्ट्रीज लि. अपने शेयरधारकों को प्रत्‍येक शेयर के बदले एक बोनस शेयर जारी करेगी। कंपनी ने बारह साल बाद बोनस शेयर जारी करने की घोषणा की है। इसके साथ ही कंपनी 13 रुपये प्रति शेयर लाभांश भी देगी।

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने  एक अनुपात एक में बोनस शेयर देने की घोषणा करते हुए कहा कि यह देश का सबसे बड़ा बोनस इश्यू होगा। देश में निजी क्षेत्र की इस सबसे बड़ी कंपनी ने पिछली बार 12 साल पहले अपने ग्राहकों को बोनस शेयर दिया था।

इस साल 39 कंपनियों ने बोनस शेयर की घोषणा की है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) ने पिछले महीने ही एक शेयर के बदले एक बोनस शेयर देने की घोषणा की है।

टीडीएस कटौती के बाद रिटर्न नहीं भरने वालों की होगी जांच

ऐसे पेशेवरों को पहचानने के लिए सबसे पहले उनके बैंक खातों और लेनदेन के ब्योरे को जोड़ा गया है।

मुंबई। आयकर विभाग ने बड़ी कंपनियों से उन कर्मचारियों का ब्योरा मांगा है, जो सीधे उनके कर्मचारी नहीं हैं यानी ठेके पर काम कर रहे हैं।

विभाग यह जांचना चाहता है कि ये कर्मचारी स्रोत पर कर कटौती (टीडीएस) के बाद कर रिटर्न दाखिल कर रहे हैं या नहीं। विभाग ने बहुराष्ट्रीय कंपनियों से भी यह ब्योरा तलब किया है।

आयकर अधिकारियों के मुताबिक कई बार देखा गया है कि वकील, सीए, सलाहकार, डिजाइनर जैसे पेशेवर सीधे कंपनी के कर्मचारी नहीं होते हैं और आयकर रिटर्न भी दाखिल नहीं करते हैं क्योंकि उन्हें डर होता है कि रिटर्न भरने पर उन्हें पूरी आय बतानी होगी।

सरकार करदाताओं की संख्या में इजाफा चाहती है और आयकर विभाग उन लोगों पर शिकंजा कसना चाहता है, जिन पर कर चोरी का खटका है। इस वर्ष आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 जुलाई है। ऐसे पेशेवरों को पहचानने के लिए सबसे पहले उनके बैंक खातों और लेनदेन के ब्योरे को जोड़ा गया है।

कर विभाग ने संभावित कर देनदारी वाले करीब 1.37 करोड़ लोगों को छांटा है, जो रिटर्न दाखिल नहीं करते हैं। इनमें अलग-अलग कर दायरों में आने वाले और ठेके पर काम करने वाले ऐसे हजारों लोग शामिल हैं, जो रिटर्न दाखिल नहीं करते। कई लोग ऐसे हैं, जो नियमित रूप से रिटर्न नहीं भरते।

केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के एक वरिष्ठï अधिकारी ने बताया, ‘कर चोरों पर नकेल कसने की यह पहल कर विभाग के ‘ऑपरेशन क्लीन मनी’ का हिस्सा है। इसके तहत ऐसे लोगों को कर देनदारी की जद में लाने के उपाय हो रहे हैं, जिन्होंने नोटबंदी के बाद अघोषित नकदी और जमा रकम का खुलासा किया है।’

सूत्रों ने कहा कि  सीबीडीटी ने चालू वित्त वर्ष में 1 करोड़ करदाताओं को जोडऩे का लक्ष्य रखा है। कर विभाग की मुस्तैदी पर खेतान ऐंड कंपनी के संजय सांघवी कहते हैं, ‘करदाताओं की संख्या में इजाफा करने की कर विभाग की मुहिम समझी जा सकती है और इसके लिए टीडीएस का पता लगाना महत्त्वपूर्ण है।

सिक्योरिटी देने पर फ्री में मिलेगा जियो 4जी फीचर फोन

नई दिल्ली । रिलायंस इंडस्ट्री की सालाना आम बैठक (एजीएम) में मुकेश अंबानी ने देश के सबसे सस्ते 4जी फीचर फोन से पर्दा उठाया। इसका नाम जियोफोन रख गया है जिसको मुकेश अंबनी ने सबसे इंटेलिजेंट मोबाइल बताया है। लॉन्च हुए इस नए फोन का डेमो मुकेश अंबनी के बेटे आकाश अंबानी और बेटी ईशा अंबनी ने दिया।

इनके साथ कंपनी के एक अधिकारी किरण मैथ्यू भी मौजूद थे। इस फोन को पूरी तरह से मेड इन डंडिया बताया गया है। इस फोन को फ्री में लॉन्च किया गया है। हालांकि, इसके लिए ग्राहकों को 1,500 रुपये की सिक्योरिटी राशि देनी होगी जो 3 साल बाद यूजर्स को वापस दे दी जाएगी।

इस फोन को 24 अगस्त से प्री-ऑर्डर किया जा सकता है। इसके लिए यूजर्स को जियो रिटेलर के पास जाना होगा। इसके बाद सिंतबर से फोन मिलने शुरु हो जाएंगे।

मिल रही लाइफटाइम वॉयस कॉलिंग फ्री
अगर ग्राहक इस फोन को खरीदते हैं तो उन्हें लाइफटाइम वॉयस कॉलिंग फ्री मिलेगा। यूजर्स को सिर्फ डाटा के ही पैसे देने होंगे। इस फोन के साथ 153 रुपये का धन धना धन प्लान भी पेश किया है जिसमें कॉल, मैसेज और डाटा फ्री दिया जा रहा है। साथ ही कंपनी ने बताया कि हर हफ्ते 50 लाख फोन दिए जाएंगे।

आकाश बोले भाषा अनेक देश एक
इस फोन में कई भाषाओं का सपोर्ट दिया गया है। डेमो देते हुए आकाश ने बताया कि फोन से कॉल और मैसेज करके दिखाया। जियोफोन में सबसे पहले वंदे मातरम गाना बजा। इस पर आकाश ने वॉयस कमांड देकर कॉल और मैसेज का डेमो दिखाया। 

वॉयस कमांड पर चलता है फोन
यह फोन वॉयस कमांड पर चलता है। इसमें वॉयस कमांड के जरिए कोई भी काम आसानी से कर सकते हैं। यह फीचर वैसे ही काम करता है जैसे एप्पल का सिरी सॉफ्टवेयर। इस फीचर के जरिए आप एप्स, मैसेज, कॉल्स और सेटिगं को आसानी से कंट्रोल कर सकते हैं। इस फीचर फोन के जरिए डिजिटल पेयमेंट का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

 

वित्त वर्ष को जनवरी से दिसंबर करने पर विचार – अरुण जेटली

0

वित्त वर्ष में परिवर्तन करने से वर्किंग सीजन का पूरा इस्तेमाल हो सकेगा

नई दिल्ली । केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने शुक्रवार को बताया कि सरकार देश के वित्त वर्ष को अप्रैल-मार्च से बदलकर जनवरी-दिसंबर करने पर विचार कर रही है।

जेटली ने संसद में एक लिखित उत्तर के जरिए बताया, “वित्त वर्ष बदले जाने का मदुदा विचाराधीन है।”

हालांकि जब उनसे पूछा गया कि क्या बजट को भी फरवरी की बजाए नवंबर-दिसंबर में पेश किए जाने पर विचार चल रहा है, इस पर उन्होंने विस्तार से कोई भी जानकारी देने से मना कर दिया।

मौजूदा समय में देश भर में वित्त वर्ष 1 अप्रैल से 31 मार्च तक चलता है। आपको बता दें कि इस व्यवस्था को साल 1867 में अपनाया गया था।

वहीं नीति आयोग ने भी अपने एक नोट में कहा था कि वित्त वर्ष में परिवर्तन करने से वर्किंग सीजन का पूरा इस्तेमाल हो सकेगा और साल की शुरुआत के साथ ही विकास कार्य शुरू किए जा सकेंगे।

साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से वित्त वर्ष को कैलेंडर इयर के साथ जोड़ने की इच्छा जताए जाने के बाद ही बीते साल केंद्र सरकार ने इसकी संभावना तलाशने के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया था।

इस समिति ने दिसंबर में वित्त मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट सौंप दी थी, जिसकी सिफारिशों पर सरकार विचार कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले सरकार बजट का समय बदलने के साथ ही रेल बजट को आम बजट में भी मिला चुका है।

 

बैंक कर्मियों को नवंबर से मिले बढ़ी सैलरी!

नई दिल्ली। सरकार केंद्रीय कर्मचारियों के बाद अब बैंक कर्मचारियों को सैलरी में बढ़त का तोहफा देने जा रही है। सरकार की कोशिश है कि बैंक कर्मचारियों को बढ़ा वेतन 1 नवंबर 2017 से मिले। वेतन में बढ़ोतरी कितनी की जाए, इसके लिए इंडियन बैंक्स असोसिएशन (आईबीए) और बैंक कर्मचारी यूनियन के साथ गुरुवार को पहली बैठक हुई।

वित्त मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि सरकार चाहती है कि वेतन बढ़ोतरी को लेकर बैंक यूनियन और आईबीए के बीच जल्द सहमति बन जाए, जिससे नवंबर 2017 से वेतन में बढ़त लागू हो सके।

इस बार देरी नहीं
हर पांच साल में बैंक कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी की जाती है। पिछली बार वेतन बढ़ोतरी में काफी देरी हुई थी। बढ़त 2012 में होनी थी, लेकिन यह मई 2015 में की गई। तय नियमों के तहत इस साल बैंक कर्मचारियों को बढ़ा वेतन मिलना चाहिए। यही कारण है कि सरकार ने इस दिशा में कदम बढ़ा दिया है।

नैशनल ऑर्गनाइजेशन ऑफ बैंक वर्कर्स के वाइस प्रेजिडेंट अश्विनी राणा ने LEN-DEN NEWS से कहा कि आईबीए के सामने हमने पांच सूत्री डिमांड रखी है।

आईबीए ने सब कमेटी बनाई है ताकि इन मांगों पर विचार कर ठोस कदम उठाया जा सके। हम भी चाहते हैं कि इस बार बैंक कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी सही समय पर हो। सरकार भी इस बार वेतन बढ़ोतरी को ज्यादा समय तक टालना नहीं चाहती।

अब रिटायरमेंट के दिन ही मिल जाएगा कर्मचारियों को PF और पेंशन का पैसा

नियोक्ता किसी कर्मचारी को ग्रैच्युटी का भुगतान उसकी पेमेंट नियत होने के 30 दिनों के भीतर करेगा।

नई दिल्ली। अब कर्मचारियों को उनके रिटायरमेंट वाले दिन ही प्रोविडेंट फंड (पीएफ) और पेंशन का पैसा मिल जाएगा।

इस बात की जानकारी केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री बंडारू दत्तात्रेय ने संसद के उच्च सदन राज्यसभा में दी। कर्मचारी भविष्य निधि कार्यालय ने सभी क्षेत्रीयों कार्यलयों को निर्देश दिया है कि वे कर्मचारियों को रिटायरमेंट के दिन ही उनकी पीएफ और पेंशन की रकम दें। 

दत्तात्रेय के मुताबिक, ईपीएफओ की तरफ से उसके सभी फील्ड ऑफिसेज को एंप्लॉयी प्रॉविडेंट फंड्स (EPF) स्कीम 1952 और इंप्लॉयी पेंशन स्कीम (ईपीएस) 1995 के मेंबर्स को उनके रिटायरमेंट के दिन ही प्रविडेंट फंड और पेंशन की पेमेंट करने को कहा गया है।

श्रम मंत्री से जब कर्मचारियों को रिटायरमेंट वाले दिन पीएफ और ग्रैच्यूटी देने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने सदन में जवाब दिया कि ‘जहां तक ग्रैच्युटी के सेटलमेंट का सवाल है तो पेमेंट ऑफ ग्रैच्युटी ऐक्ट 1972 के मुताबिक, नियोक्ता किसी कर्मचारी को ग्रैच्युटी का भुगतान उसकी पेमेंट नियत होने के 30 दिनों के भीतर करेगा। देश में इस समय करीब 48.85 लाख केंद्रीय कमर्चारी और 55.51 लाख पेंशनधारी हैं।

जानकारी के मुताबिक सरकार ने जून, 2014 में कर्मचारी के रिटायरमेंट के दिन ही उनकी पेंशन का ऑर्डर जारी करने के प्रस्ताव पर हामी भर दी थी। इसमें सरकार का कहना है कि इससे पेंशनधारियों का सम्मान बरकरार रहेगा और उन्हें बार-बार पीएफ और पेंश की रकम के लिए सरकारी दफ्तरों में भटकना नहीं पडे़गा।

इंटरनेट डाटा इस्तेमाल के मामले में भारत ने चीन और अमेरिका को पछाड़ा-मुकेश अंबानी

कंपनी की कुल एसेट्स भी 33 करोड़ से 7 लाख करोड़ हो गई। यह करीब 20,000 गुना का इजाफा है।

नई दिल्ली। मुकेश अंबानी के स्वामित्व वाली कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) की शेयरधारकों के साथ शुक्रवार को 40वीं एजीएम (एनुअल जनरल मीटिंग) शुरू हो गई है। कंपनी ने इस दौरान अपनी पहला 4जी फीचर फोन लॉन्च किया।

 मुकेश अंबानी ने कंपनी पर भरोसा करने के लिए शेयर धारकों का शुक्रिया अदा किया। यह एजीएम मुंबई के बिड़ला मातोश्री सभागार में हो रही है।

अंबानी ने इस बैठक में 1970 से लेकर अब तक के सफर की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने बताया कि साल 1970 में कंपनी का टर्नओवर 70 करोड़ था वो आज 3 लाख 30,000 करोड़ तक पहुंच गया है।

वहीं कंपनी की कुल एसेट्स भी 33 करोड़ से 7 लाख करोड़ हो गई। यह करीब 20,000 गुना का इजाफा है। मुकेश अंबानी ने कहा कि कंपनी बीते 40 सालों में सबसे बड़ी कंपनी बन गई है।

40 सालों में कंपनी ने हासिल की बड़ी ग्रोथ
मुकेश अंबानी ने कहा कि कंपनी ने बीते 40 सालों में बड़ी ग्रोथ हासिल की। उन्होंने कहा कि कंपनी की ग्रोथ इस दौरान 4700 गुना बढ़ी। इस दौरान कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 10 करोड़ से 5 लाख करोड़ रुपए हो गया।

यह करीब 50,000 गुना का इजाफा है। वहीं बीते 40 साल में कंपनी का नेट मुनाफा 10,000 गुना बढ़ा है। अंबानी ने बताया कि इस दौरान कंपनी की नेट आय 3.66 लाख करोड़ हो गई।

निवेशकों के पैसे हुए दोगुने
अंबानी ने कंपनी पर भरोसा जताने के लिए अपने निवेशकों का शुक्रिया अदा किया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बीते 2.5 सालों मे निवेशकों के पैसे दोगुने हो गए। अंबानी ने बीते 40 सालों का जिक्र करते हुए कहा कि कंपनी ने टेक्सटाइल कंपनी से कई सेक्टर में अपना विस्तार किया है।

रिलायंस ने लॉन्च किया जियो 4जी फीचर फोन
रिलायंस की 40वीं सालाना बैठक में शुक्रवार को कंपनी ने अपनी पहला 4जी फीचर फोन पेश किया। मुकेश अंबानी ने इस दौरान जियो फीचर फोन की घोषणा करते हुए इसे इंडिया का इंटेलीजेंट फोन करार दिया। यह फीचर फोन मेक इन इंडिया के तहत भारत में ही बनाया गया है।

यूजर्स वॉइस कमांड के माध्यम से भी चला सकेंगे
इसके बाद मुकेश अंबानी ने कहा कि यह फोन देश के 50 करोड़ फीचर फोन यूज करने वालों की जरूरतों को पूरा करेगा। इस फीचर फोन के लिए टेरिफ प्लान्स की घोषणा करते हुए कहा कि इसमें वॉइस कॉलिंग हमेशा मुफ्त रहेगी। इसके अलावा अनलिमिटेड डेटा मिलेगा। यूजर्स को सिर्फ 153 रुपए डेटा मिलेगा।

खाद्य सचिव ने मंत्री के सामने डीएसओ को लगाई फटकार

0

जहां कार्रवाई में देरी हो रही वहां समझो मोलभाव हो रहा है-खाद्य सचिव

जयपुर। निलंबित उचित मूल्य की दुकानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने में लापरवाही बरतने को लेकर गुरुवार को खाद्य सचिव राजीव सिंह ठाकुर ने सभी जिला रसद अधिकारियों को जोरदार फटकार लगाई।

योजना भवन में हुई समीक्षा बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बाबूलाल वर्मा के सामने ही ठाकुर ने निलंबित राशन दुकानों के खिलाफ एफआईआर नहीं कराने और मामले को लटकाए रखने को लेकर डीएसओ पर मोलभाव करने का आरोप लगा दिया।

ठाकुर ने कहा कि जहां कार्रवाई में देरी हो रही वहां समझो मोलभाव हो रहा है। बीच में कुछ डीएसओ ने सफाई देने की कोशिश की तो ठाकुर ने फिर लताड़ लगाते हुए कहा कि सुन लो खान खोलकर। सब डेढ़ होशियार बन रहे हो। बकवास करते हो।

एक डीएसओ ने एफआईआर पर एफआर लगाने की बात कही तो ठाकुर ने कहा कि एफआर लगाने से पहले परिवादी को पूछा जाता है। मेरा ज्यादा मुंह मत खुलवाओ।

प्राधिकार पत्र निरस्त करने का प्रावधान 
उचित मूल्य दुकानदार के विरुद्ध अनियमितता पर कलेक्टर अथवा सरकार द्वारा प्राधिकृत अधिकारी ने राजस्थान खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक पदार्थ (वितरण का विनियमन) आदेश,1976 के खण्ड 8 9 के अन्तर्गत प्राधिकार पत्र निलम्बित/निरस्त करने का प्रावधान है।

यदि बिना सुनवाई का अवसर दिए निलम्बित किया जाता है, तो उसकी अवधि 90 दिन से अधिक नहीं होती। डीएसओ निलंबित दुकानों के खिलाफ ना तो जांच करते हैं और ना ही एफआईआर कराते हैं। वे मामलो को 90 दिन से अधिक तक लटकाए रखते हैं। इस कारण वे बहाल हो जाती है।

 

कोटा समेत 12 जिलों के डीएसओ को रोका 
बूंदी, भरतपुर, भीलवाड़ा, सिरोही, बीकानेर, सीकर, डूंगरपुर, दौसा, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, कोटा और नागौर जिलों के डीएसओ को बैठक के बाद रोक लिया गया। इनकी निर्देश दिए गए कि जब तक मांगी गई पूरी सूचना नहीं देते जयपुर से नहीं जाओगे।