Thursday, July 9, 2026
Home Blog Page 5672

एमबीएस अस्पताल में निःशुल्क डिजिटल हैल्थ प्रोफाइल सुविधा आज से

0
  • स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने का लक्ष्य।
  • डेंगू, स्वाइन फ्लू, स्क्रब टाइफस जैसी संक्रामक बीमारियों में डॉक्टर के पर्चे व जांच मेडकॉर्ड्स पर सुरक्षित मिलने से रोगियों व नागरिकों को मिलेगी राहत।

कोटा। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर के सभी नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए एमबीएस अस्पताल में रविवार को सुबह 11 बजे निःशुल्क डिजिटल हैल्थ प्रोफाइल सुविधा का शुभारंभ किया जाएगा।

अस्पताल परिसर में ओपीडी विभाग के सामने आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि विधायक प्रहलाद गुंजल इसका उद्घाटन करेंगे।  समारोह में महापौर महेश विजय, नगर विकास न्यास अध्यक्ष रामकुमार मेहता, मेडिकल कॉलेज, कोटा के प्रिंसिपल डॉ.गिरीश वर्मा तथा अस्पताल अधीक्षक डॉ. प्रमोद तिवारी विशिष्ट अतिथी होंगे।

स्मार्ट सिटी के वाइस चेयरमैन महापौर महेश विजय ने बताया कि इन दिनों शहर में डेंगू, स्वाइन फ्लू, स्क्रब टाइफस जैसी संक्रामक बीमारियों का प्रकोप होने से हजारों रोगियों को समय पर सही इलाज लेने में सुविधा मिलेगी।

मेडकॉर्ड्स के सीईओ श्रेयांस मेहता तथा निखिल बाहेती ने बताया कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में हुए एमओयू के तहत एमबीएस अस्पताल में सभी रोगियों तथा आम नागरिकों के मेडिकल रिकॉर्ड्स सुरक्षित रखने तथा उपयोगी बनाने के लिए यह डिजिटल सुविधा को व्यापक स्तर पर प्रारंभ किया जा रहा है।

इसके लिए अस्पताल परिसर में मेडकॉर्ड्स केंद्र बनाया गया है, जहां कोई भी नागरिक निशुल्क हैल्थ प्रोफाइल के लिए पंजीयन करा सकते हैं। यह सुविधा प्रतिदिन अस्पताल समय में चालू रहेगी।

वे डॉक्टर्स के पर्चे व जांच रिपोर्ट के फोटो मोबाइल से खींचकर मेडकॉर्ड्स एप में आजीवन सुरक्षित रख सकते हैं, उन्हें मेडिकल रिपोर्ट की फाइल नहीं पडे़गी।

इससे पहले स्वायत्त शासन व नगरीय विकास के प्रमुख शासन सचिव एवं स्मार्ट सिटी चेयरमैन डॉ.मंजीत सिंह ने पिछले माह मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में यह सुविधा प्रारंभ की।

डिजिटल इंडिया मिशन के तहत राज्य में कोटा पहला शहर है, जहां सभी नागरिकों को अगले एक वर्ष में डिजिटल तकनीक से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का लक्ष्य है। पहले चरण में मेडिकल कॉलेज, रामपुरा सेटेलाइट, भीमगंजमंडी, दादाबाड़ी डिस्पेंसरी में हजारों रोगियों व नागरिकों को इसका लाभ मिल रहा है।

कमजोर उठाव से उड़द बढ़िया 200 रुपये प्रति क्विंटल मंदा बिका

कोटा। भामाशाह अनाज मंडी में शनिवार को लहसुन की आवक 15000 हजार कट्टे की रही । माल की कुल आवक 50 हजार बोरी की रहीं । कमजोर उठाव से उड़द बढ़िया 200 रुपये प्रति क्विंटल मंदा रहा।

गेहूं मिल 1500 से 1541 लोकवान 1600 से 1700 पीडी 1650 से 1700 टुकडी 1600 से 1700 रुपये प्रति क्विंटल। धान सुगंधा 1800 से 2050 पूसा 1 2000 से 2100 पूसा4 (1121) 2000 से 2400 धान (1509) 2000 से 2200 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 2200 से 2831 सरसो 3200 से 3475 तिल्ली 5000 से 6500 रुपये प्रति क्विंटल। मैथी 2000 से 2400 धनिया बादामी 3400 से 3800 ईगल 3600 से 3900 रंगदार 4000 से 5000 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंग 3500 से 4100 उडद 2400 से 4000 चना 4500 से 5000 रुपये प्रति क्विंटल। चना काबुली 7000 से 10500 चना पेपसी 4800 से 5000 चना मौसमी 4800 से 5200 मसूर 3300 से 3600 रुपये प्रति क्विंटल। 

ग्वार 2500से 3050 मक्का नई 800 से 1200 जौ 1100 से 1200 ज्वार 1300 से 2000 रुपये प्रति क्विंटल। । लहसुन 800 से 4000 रुपये प्रति क्विंटल।

कोटा में बीएमडब्लू मोबाइल स्टूडियो का आयोजन आज और कल

कोटा। बीएमडब्लू मोबाइल स्टूडियो का शनिवार और रविवार को होटल मैनाल रेसीडेंसी बून्दी रोड़ पर आयोजन किया जायेगा। आॅल न्यू बीएमडब्लू 5 सीरीज़ और बीएमडब्लू एक्स डिस्प्ले किये जायेंगे।

]जबकि बीएमडब्लू मोबाइल स्टूडियो में आने वाले आॅटोमोबाइल के शौकीनों के लिए बीएमडब्लू 3 सीरीज़, बीएमडब्लू 3 सीरीज़ ग्रान टुरिस्मों, आॅल न्यू बीएमडब्लू 5 सीरीज, बीएमडब्लू एक्स1, बीएमडब्लू एक्स3 और बीएमडब्लू एक्स5 टेस्ट ड्राइव के लिए उपलब्ध होंगे। बीएमडब्लू मोबाइल स्टूडियो का कोटा में सांघी क्लासिक द्वारा आयोजन किया जा रहा है।

बीएमडब्लू मोबाइल स्टूडियो एक स्टेटआॅफ द आर्ट मोबाइल स्ट्रक्चर है, जिसमें दो कार डिस्प्ले रिसेप्शन एरिया बीएमडब्लू लाइफ स्टाइल कलेक्शन और एक लाउंज है। इसके माध्यम से ग्राहकों को बीएमडब्लू सेडान एवं स्पोर्ट्स एक्टिविटी व्हीकल के परफाॅर्मेंस का अनुभव करने का मौका मिलेगा।

व्यावहारिक ड्राइविंग अनुभव लेने के बाद ग्राहक सेल्स एक्सपर्ट से अपने सवालों के जवाब एवं रुचियों के बारे में जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। विशेषज्ञ कारों की सभी स्पेसिफिकेशनए टेक्नोलाॅजी और विशेषताओं पर परामर्श प्रदान करते हैं।

सिक्का निर्माताओं की मांग से चांदी 300 रुपए उछली, सोने में सुधार

नई दिल्ली/कोटा। शुक्रवार को आई गिरावट के बाद शनिवार को सोने की कीमत में मामूली सुधार देखने को मिला है। सोने की कीमत में शनिवार को 50 रुपए की तेजी देखने को मिली है। इस बढ़त के साथ अब सोने की नई कीमत 30,850 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है।

शुक्रवार को सोना 30 रुपये गिरकर 30,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया था।  सोने की कीमत में आई यह तेजी मजबूत वैश्विक संकेत और स्थानीय ज्वैलर्स की ओर से बढ़ी मांग को माना जा रहा है।

वहीं सोने के साथ साथ चांदी की कीमत में भी उछाल देखने को मिला है। शनिवार को चांदी की कीमत 300 रुपए उछलकर 41,500 रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है, जिसकी प्रमुख वजह औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की ओर से तेज उठान को बताया जा रहा है। 

कमजोर होते डॉलर के बीच वैश्विक स्तर पर सोने की मजबूती ने उन निवेशकों से सेंटिमेंट को मजूबत कर दिया है जो कि अमेरिका के इन्फ्लेशन डेटा का इंतजार कर रहे हैं। इन डेटा के जरिए अमेरिकी फेड रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में परिवर्तन के संकेत मिल सकते हैं।

वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना शुक्रवार के कारोबार में 0.79 फीसद उछलकर 1,303.30 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गया और वहीं चांदी भी 1.02 फीसद उछलकर 17.41 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर बंद हुई है।

वहीं त्यौहारी सीजन की मांग को पूरा करने के लिए स्थानीय ज्वैलर्स की ओर से की गई तेज खरीदारी ने भी घरेलू हाजिर बाजार में कीमतों को समर्थन दिया है।

वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 99.9 फीस और 99.5 फीसद शुद्धता वाला सोना 50 रुपए उछलकर 30,850 रुपए और 30,700 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है। गिन्नी के भाव हालांकि 24,700 रुपये प्रति आठ ग्राम हो गए हैं।

कोटा सर्राफा
चांदी 40700 रुपये प्रति किलोग्राम। 
सोना केटबरी 30750 रुपए प्रति दस ग्राम,  35870रुपये प्रति तोला। 
सोना शुद्ध 30900 रुपए प्रति दस ग्राम,  36040 रुपये प्रति तोला। 

271 करोड़ गंवाकर भी करते रहेंगे हर तिमाही 70 अरब का निवेश-जियो

0

मुंबई। रिलायंस जियो को फ्री ऑफर देने के कारण चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 271 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इसके बावजूद जियो की पैरंट कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड को को उम्मीद है कि यह जल्द ही फायदे में आ जाएगी।

ऐसे में लॉस होने के बावजूद कंपनी जियो पर अगले कुछ तिमाही तक अरबों रुपये खर्च करती रहेगी।  गौरतलब है कि जियो ने पिछले साल आखिर में फ्री कॉल और कट-प्राइस डेटा की स्कीम लॉन्च की थी। इसके बाद भारत के टेलिकॉम सेक्टर में प्राइस वॉर छिड़ गया।

कंपनियों को मजबूरन अपने ग्राहकों को बचाए रखने के लिए मार्जिन कम करते हुए लुभावने ऑफर की पेशकश करनी पड़ी। जियो को इस तिमाही में 61.47 अरब रुपये की कमाई हुई, हालांकि उसे 2.71 अरब रुपये का लॉस भी उठाना पड़ा।

जियो के नतीजों पर जॉइंट रिलायंस फ़ाइनैंस चीफ वी. श्रीकांत ने कहा, ‘मैं इसे इस तरह से देख रहा हूं कि यह बहुत जल्द पॉजिटिव रिजल्ट (नेट इनकम) देने लगेगा।’

उधर रिलायंस जियो के हेड ऑफ स्ट्रैटिजी अंशुमान ठाकुर ने कहा कि रिलायंस अगले कुछ तिमाही तक जियो पर हर तिमाही करीब 70 अरब रुपये खर्च करेगा।

जियो नेटवर्क पर ग्राहकों को लुभाने के लिए रिलायंस ने जुलाई में 1500 रुपये का फोन लॉन्च किया था। इसका मकसद फीचर फोन का इस्तेमाल करने वाले लोगों को डेटा सर्विस की ओर मोड़ना था।

साथ ही इस कदम से स्मार्टफोन और बेसिक फीचर फोन के बीच की खाई को भी पाटने की कोशिश की गई। कुछ दिन पहले ही जियो के ग्राहकों के लिए ऐपल के नए आईफोन को खरीदने के लिए गारंटीड बॉयबैक ऑफर पेश किया गया था। 

दिवाली पर भी धमाका ऑफर
जियो ने मार्केट में फिर से धमाल मचाने के लिए एक नया ऑफर लाॉन्च कर दिया है। अपने ग्राहकों को दिवाली का तोहफा देने के लिए कंपनी ‘जियो दिवाली धना धन’ ऑफर के तहत 399 रुपये के प्लान पर फुल कैश बैक दे रही है।

इस ऑफर का फायदा उठाने के लिए प्रीपेड कस्टमर्स को 12 से 18 अक्टूबर के बीच 399 रुपये का रिचार्ज करवाना होगा। हालांकि, यह प्लान 19 अक्टूबर से लागू होगा।

रेकॉर्ड मुनाफे के बाद सैमसंग के सीईओ का इस्तीफा

0

नई दिल्ली। सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के चीफ एग्जिक्युटिव ऑफिसर (सीईओ) ने दशकों तक सेवारत रहने के बाद अचानक इस्तीफा दे दिया। उनका कहना है कि घूसखोरी कांड में वास्तविक प्रमुख के जेल के जाने के बाद कंपनी को नए नेतृत्व की जरूरत है। कंपनी के को-वाइस चेयरमैन का भी जिम्मा संभालनेवाले क्वान ओएच-हुआन ने शुक्रवार को अपने इस्तीफे का ऐलान किया।

डिस्प्लेज और मेमरी चिप्स की मांग में जबर्दस्त तेजी की वजह से दक्षिण कोरियाई कंपनी सैमसंग को 12.8 अरब डॉलर (करीब 82,809 करोड़ रुपये) की रेकॉर्ड ऑपरेटिंग इनकम हुई। उन्होंने कहा कि आर्थिक मोर्चे पर सफलता पाने के बावजूद कंपनी अभूतपूर्व संकट से जूझ रही है।

65 वर्षीय क्वान करीब छह महीने तक कंपनी से जुड़े रहेंगे जब तक कि उनका उत्तराधिकारी पद नहीं सभाल लेगा। पूरी संभावना है कि कंपनी के अंदर से ही कोई जगह कमान संभालेगा।

सैमसंग के संस्थापक के पोते जे वाई ली के हिरासत में लिए जाने के बाद क्वान कंपनी का चेहरा बन गए। जे को अगस्त महीने में पांच साल जेल की सजा सुनाई गई। घुसखोरी कांड में दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति पार्क ग्वेन हे को पद से हाथ धोना पड़ा था। ताजा वित्तीय नतीजों से सैमसंग की बिजनस यूनिट के सहज संचालन का पता चलता है।

शुक्रवार को आए इन नतीजों में शुद्ध आय या विभागीय प्रदर्शन शामिल नहीं है। आखिरी आंकड़े प्रायः दो सप्ताह बाद ही आते हैं। शुक्रवार को सिओल में सैमसंग के शेयर 1.5 प्रतिशत टूट गए जो इस साल करीब 50 प्रतिशत मजबूत हुए हैं।

रिलायंस को 8097 करोड़ का मुनाफा, जियो को 271 करोड़ का घाटा

0

नई दिल्ली । रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) ने वित्त वर्ष 2017-18 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिये हैं। कंपनी ने साल दर साल के आधार पर कंसोलिडेटिड नेट प्रोफिट में 12.79 फीसद की बढ़त दर्ज की है।

30 सितंबर को समाप्त तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटिड नेट प्रोफिट 8,097 करोड़ रुपये के स्तर पर रहा है। बीते वर्ष समान अवधि में कंपनी का नेट प्रोफिट 7179 करोड़ रुपये रहा था। वहीं, कंपनी की टेलिकॉन यूनिट रिलायंस जियो ने दूसरी तिमाही में 271 करोड़ रुपये का नुकसान दर्ज किया है।

कंपनी की साल दर साल के आधार पर कुल आय 15.89 फीसद बढ़कर 97402 करोड़ रुपये रहा है। जबकि बीते वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 84,044 करोड़ रुपये रहा था। आरआईएल का एबिटा मार्जिन दूसरी तिमाही 17.7 फीसद बढ़ा है, जो कि बीते 10 वर्षों का उच्चतम स्तर है।

तिमाही नतीजों पर क्या कहा मुकेश अंबानी ने-
आरआईएल के तिमाही नतीजों पर चेयरमैन व मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी ने कहा, “हमारी कंपनी ने इस तिमाही में भी मजबूत प्रदर्शन किया है। मुझे यह बताते हुए खुशी महसूस हो रही है कि रिलायंस जियो के कमर्शियल ऑपरेशन की यह पहली तिमाही थी जिसमें कंपनी ने मुनाफा दर्ज किया है। ”

कैसा रहा बीएसई पर आरआईएल का प्रदर्शन-
शुक्रवार को आरआईएल बीएसई पर 0.48 फीसद की बढ़त के साथ 876.70 के स्तर पर कारोबार कर बंद हुआ है। शेयर ने दिन का उच्चतम 891 का स्तर और निम्न 874 का स्तर छुआ है। वहीं, इसका 52 हफ्तों का उच्चतम 891 का स्तर और निम्नतम 466 का स्तर रहा है।

आईडीबीआई बैंक में 24 व 25 की हड़ताल, 23 को प्रदर्शन

चेन्नई।  आईडीबीआई बैंक के कर्मचारी अपने वेतनमान में संशोधन की मांग को लेकर इसी महीने दो दिन की हड़ताल पर जायेंगे। ये कर्मचारी विभिन्न बैंक यूनियनों के सदस्य हैं।

एआईबीईए के महासचिव सी एच वेंकटचलम ने एक बयान में कहा कि बाकी बैंकों के निपटान के अनुरूप आईडीबीआई बैंक के कर्मचारियों और अधिकारियों के वेतन संशोधन का काम एक नवंबर 2012 से 31 अक्तूबर 2017 से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाकी बैंकों में वेतनमान संशोधन का काम पहले ही किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि एक नवंबर 2017 से आगे के वेतनमान संशोधन के लिए वार्ता चल रही है। उन्होंने कहा कि आईडीबीआई बैंक में अखिल भारतीय हड़ताल 24 से 25 अक्तूबर को होगी जिसमें कर्मचारियों और अधिकारियों के रुके वेतन संशोधन के काम को पूरा करने की मांग की जायेगी।

उन्होंने कहा कि बाकी यूनियनों के साथ एसोसिएशन आईडीबीआई बैंक के समर्थन में हर संभव समर्थन देगी और सभी बैंकों में हड़ताल का आवान करेगी। उन्होंने कहा कि सबसे दु:खद यह है कि आईडीबीआई बैंक का प्रबंधन बेवजह इस मुद्दे में देर कर रहा है।

वेंकटचलम ने कहा कि एसोसिएशन ने यह मुद्दा पिछले माह विामंत्री अरुण जेटली के समक्ष उठाया था और उनके समक्ष दोबारा इस मुद्दे को जल्द ही उठायेगा। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन के रूप में यूनियनें आईडीबीआई बैंक की शाखाओं के समक्ष 23 अक्तूबर को विरोध प्रदर्शन करेंगी।

जीएसटी के नाम पर मुनाफाखोरी की तो होगी कार्रवाई

0

रियल एस्टेट और होटल इंडस्ट्री से सबसे ज्यादा 90% शिकायतें हैं,  दरअसल, बिल्डरों द्वारा जीएसटी में 12 फीसदी की जगह 18 फीसदी टैक्स और अंडर कंस्ट्रक्शन प्रॉजेक्ट पर भी पूरा जीएसटी वसूला जा रहा है।

नई दिल्ली। अब उन बिल्डर और होटल वालों की खैर नहीं है जो जीएसटी लागू होने के बाद मुनाफा खोरी कर रहे हैं। ऐसा पता चला है कि ये लोग जीएसटी लागू होने के बाद टैक्स दरों में कमी का फायदा ग्राहकों को नहीं दे रहे हैं या लोगों से मनमाने तरीके से जीएसटी वसूल रहे हैं।

वित्त मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार मुनाफाखोरी की जितनी शिकायतें मिली हैं, उनमें रियल एस्टेट और होटल इंडस्ट्री से सबसे ज्यादा 90% शिकायतें हैं।  दरअसल, बिल्डरों द्वारा जीएसटी में 12 फीसदी की जगह 18 फीसदी टैक्स और अंडर कंस्ट्रक्शन प्रॉजेक्ट पर भी पूरा जीएसटी वसूलने की शिकायतें आई है।

वहीं होटल इंडस्ट्री के खिलाफ इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) नहीं देने की शिकायत मिल रही है। जीएसटी लागू होने के बाद कई प्रॉडक्ट के दाम होटलों ने नहीं घटाए हैं। इससे सरकार काफी परेशान है।

पहले भी किया था अलर्ट: सरकार ने जीएसटी का फायदा ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए बिल्डरों पर मुनाफाखोरी का डंडा चलाने को लेकर अलर्ट किया था। सरकार ने एक विज्ञापन जारी कर साफ किया था कि जीएसटी में बिल्डरों को कई तरह के टैक्स से राहत मिल गई है।

कंस्ट्रक्शन मटिरियल पर सेंट्रल एक्साइज ड्यूटी, वैट और एंट्री टैक्स की बजाय अब सिर्फ जीएसटी लगता है। पहले ये सभी टैक्स फ्लैट की कीमत में जोड़कर ग्राहकों से वसूले जाते थे। अब इस बचत का फायदा घर खरीदार को मिलना चाहिए। मगर अधिकतर बिल्डर ऐसा नहीं कर रहे हैं। ऐसे बिल्डर्स पर जीएसटी कानून के तहत मुनाफाखोरी का मामला चल सकता है।

होटल इंडस्ट्री पर दबाव: होटल इंडस्ट्री के खिलाफ शिकायतें मिली हैं कि वे मनमाने तरीके से ग्राहकों से जीएसटी वसूल रहे हैं। इसमें होटल के किराये से लेकर फूड आइटम्स पर जीएसटी की वसूली शामिल है। हालांकि होटल के किराये और फूड पर जीएसटी को लेकर सरकार कई बार सफाई दे चुकी है।

मगर होटल वालों का कहना है कि जीएसटी के बाद होटल के कारोबार में काफी कमी है। 7500 रुपये रोज से ज्यादा के किराए वाले होटलों और रेस्तरां पर 28 फीसदी जीएसटी लगने से ग्राहक कम हो गए हैं। साथ ही जिस शहर में रजिस्ट्रेशन नहीं है वहां के स्टे और इवेंट पर इनपुट क्रेडिट नहीं मिलता है।

होटल मालिकों ने अपनी चिंताएं सीबीईसी यानी सेंट्रल बोर्ड ऑफ एक्साइज ऐंड कस्टम के सामने रखी हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि सरकार कुछ राहत भरे फैसले करेगी।

अब नहीं बढ़ेगी रिटर्न फाइल की तारीख
सरकार ने जीएसटी रिटर्न (GSTR) दाखिल करने की तिथि बढ़ाने से इनकार कर दिया है और साथ ही दिवाली से पहले तक रिटर्न दाखिल करने को कहा है। सरकार की ओर से शुक्रवार को कहा गया कि GSTR-3बी दाखिल करने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर से आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।

सरकार ने यह भी कहा कि रियल एस्टेट को जल्द ही जीएसटी के दायरे में लाया जाएगा, जो कि टैक्स चोरी और ब्लैक मनी के प्रॉडक्शन का बड़ा क्षेत्र है। केंद्रीय उत्पाद शुल्क और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीईसी) ने कहा है कि सितंबर का GSTR-3बी दाखिल करने की समय सीमा बढ़ाई नहीं जाएगी। सीबीईसी ने कारोबारियों से कहा है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार न करें।