Thursday, July 9, 2026
Home Blog Page 5664

मीडिया पर लगाम, सरकार के बचाव में बोले गृहमंत्री कटारिया

जयपुर। राज्य सरकार द्वारा प्रख्यापित दण्ड विधियां (राजस्थान संशोधन) अध्यादेश, 2017 में ऎसा कोई प्रावधान नहीं है जिससे भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टोलरेंस की राज्य सरकार की इच्छा शक्ति कमजोर हो रही हो। जीरो टोलरेंस की अपनी नीति पर कायम रहते हुए सरकार ने कहीं भी भ्रष्ट लोक सेवकों को संरक्षण देने की इस अध्यादेश में बात नहीं कही है।

गृह मंत्री गुलाबचंद कटारिया ने रविवार को प्रेस को सम्बोधित करते हुए ये विचार रखे। उन्होंने बताया कि दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 156 (3) एवं 190 (1) में इस प्रकार के संशोधन करने वाला राजस्थान पहला राज्य नहीं है, इससे पहले महाराष्ट्र विधानसभा 23 दिसम्बर, 2015 को ऎसे संशोधन पारित कर चुकी है।

जिसके पिछे सिर्फ और सिर्फ एक ही मंशा है कि धारा 156(3) का कोई भी व्यक्ति गलत इस्तेमाल कर किसी भी ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ लोकसेवक की छवि खराब न कर सके।

उन्होंने बताया कि धारा 156 (3) में अदालत के माध्यम से पुलिस थानों में अधिकतर छवि खराब करने, नीचा दिखाने और व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण किसी भी प्रतिष्ठित और बड़े से बड़े लोकसेवक के खिलाफ मुकदमें दर्ज करवा दिए जाते हैं और मीडिया में उनके खिलाफ खबर छप जाती हैं।

इससे लोकसेवक की छवि तो धूमिल हो ही जाती है और उसे मानसिक संताप तथा झूठी बदनामी का सामना भी करना पड़ता है। बाद में ऎसे अधिकांश प्रकरण झूठे पाये जाते हैं और उनमें पुलिस एफआर लगाती है। 

कटारिया ने बताया कि यह संशोधन ऎसे झूठे मुकदमों पर अंकुश लगाने के लिए किये गये हैं ताकि ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ लोकसेवक अपने कर्तव्यों का निर्वहन बिना किसी मानसिक संताप के कर सकें और उन्हें झूठी बदनामी का शिकार नहीं होना पड़े।

उदाहरण के तौर पर 2013 से 2017 के बीच जितने भी मुकदमे 156 (3) में दर्ज हुए उनमें से करीब 73 प्रतिशत मुकदमों में पुलिस ने एफआर लगाई। यानि इस अवधि में इन करीब 73 प्रतिशत लोगों को झूठी बदनामी का सामना करना पड़ा। उन्हें दोषी नहीं होते हुये भी मानसिक संताप झेलना पड़ा।

गृह मंत्री ने बताया कि इन संशोधनों का अर्थ कतई ये नहीं है कि किसी भी लोकसेवक के खिलाफ अदालत के माध्यम से पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज होगा ही नहीं। इसके लिए 180 दिन के अंदर मंजूरी प्राधिकारी को किसी लोकसेवक के खिलाफ जांच कर सुनिश्चित करना होगा कि मुकदमा दर्ज होने योग्य है या नहीं।

यदि आरोप सही पाये जाते हैं तो इसकी स्वीकृति दी जायेगी और मुकदमा दर्ज कर कानून सम्मत कार्रवाही होगी। उन्होंने बताया कि अब तक यही होता आया है कि मुकदमा झूठा हो या सच्चा, मुकदमा दर्ज होते ही वह मीडिया के लिए बड़ी खबर बन जाता है और निर्दोष होते हुए भी संबंधित लोकसेवक को सामाजिक अपमान का सामना करना पड़ता है।

उसका नाम, उसका फोटो, और उसके परिवार के बारे में जानकारी तक प्रकाशित हो जाती है। भले ही बाद में प्रकरण झूठा निकल जाये। अब तक जितने भी ऎसे प्रकरण दर्ज हुए हैं उनमें ज्यादातर बाद में झूठे ही निकले हैं।

कटारिया ने बताया कि संशोधनों के बाद भी भ्रष्ट लोकसेवक कानून के दायरे से बाहर नहीं हो पायेगा। क्योंकि अगर आरोपों में सच्चाई पाई गई तो उसके खिलाफ हर हाल में कानूनी कार्रवाही की जायेगी। संशोधनों से लोकसेवक को किसी भी तरह की अदालती कार्यवाही से इम्यूनिटी नहीं मिलेगी।

उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने भी 17 नवम्बर 2015 को सिविल रिट पीटिशन नंबर 933 के मामले में दिए गए एक फैसले में यह टिप्पणी की थी कि सिस्टम में तभी सुधार हो सकता है जब ईमानदार अधिकारी या लोकसेवक को संरक्षण मिले तथा भ्रष्ट को यह महसूस कराया जा सके कि वो कानून से ऊपर नहीं है।

सुप्रीम कोर्ट ने माना था कि ईमानदार लोकसेवक को संरक्षण मिलना न केवल उसके हितों की रक्षा के लिए बल्कि समाज हित में भी जरूरी है। गृह मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 में किसी तरह का संशोधन नहीं किया है। पिछले साढ़े तीन साल में एसीबी ने 1158 केस रजिस्टर किए हैं।

इनमें 818 लोकसेवक तो ट्रेप हुए हैं जबकि आय से अधिक संपत्ति के 51 एवं पद के दुरुपयोग के 289 केस शामिल हैं। राजस्थान तो उन चुनिंदा राज्यों में है जहां वरिष्ठ आईएएस अधिकारी (दो मौजूदा एवं एक सेवानिवृत्त) भी भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल जा चुके हैं।

बीएमडब्ल्यू 330आई जीटी एम स्पोर्ट लॉन्च, जानें कीमत

नई दिल्ली। बीएमडब्ल्यू ने ग्रां टूरिस्मो (जीटी) का नया वेरिएंट 330आई जीटी एम स्पोर्ट लॉन्च किया है, इसकी कीमत 49.4 लाख रूपए (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है। यह दो कलर एल्पाइन व्हाइट (नॉन मैटालिक) और एस्टोरिल में उपलब्ध है। 

बीएमडब्ल्यू 330आई जीटी एम स्पोर्ट के डिजायन और फीचर में कई अहम बदलाव हुए हैं, जो इसे मौजूदा वेरिएंट से अलग बनाते हैं।

330आई जीटी एम स्पोर्ट के आगे की तरफ ग्लोसी-ब्लैक फिनिशिंग वाली ग्रिल, 18 इंच के एम स्टार-स्पॉक अलॉय व्हील, फ्रंट साइड पैनल पर एम बैजिंग, साइड विंडो फ्रेम पर एल्यूमिनियम फिनिशिंग और टेलपाइप पर ग्लोसी क्रोम फिनिशिंग दी गई है।

केबिन में स्पोर्ट्स सीटें, एम लैदर वाला स्टीयरिंग व्हील, डोर सिल पर एम बैजिंग और हैड्स-अप डिस्प्ले दी गई है। बीएमडब्ल्यू 330आई जीटी एम स्पोर्ट को कंपनी के चेन्नई स्थित प्लांट में तैयार किया गया है।

इस में 330आई जीटी लग्ज़री लाइन वाला 2.0 लीटर का पेट्रोल इंजन लगा है, इसकी पावर 252 पीएस और टॉर्क 350 एनएम है। यह इंजन 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जुड़ा है, जो पिछले पहियों पर पावर सप्लाई करता है।

0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पाने में इसे 6.1 सेकंड का समय लगता है। इसके माइलेज का दावा 15.34 किलोमीटर प्रति लीटर है।

मोदी ने किया नोटबंदी और जीएसटी का बचाव

0

नई दिल्ली। गुजरात दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी ने एक बार फिर जीएसटी और नोटबंदी का बचाव करते हुए कहा सभी सुधारों के बाद अर्थव्यवस्था सही रास्ते पर आगे बढ़ रही है। दाहेज में रैली को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि सरकार ने नई कार्य संस्कृति शुरू की है, जो लोगों को जवाबदेह बनाती है।

इसके अलावा पीएम ने बंदरगाहों को विकसित करने की जरूरत बताते हुए कहा कि देश को बेहतर और ज्यादा बंदरगाह चाहिए। पीएम ने कहा कि नोटबंदी ने ब्लैक मनी को बाहर निकाला है और जिससे स्वच्छता का नया अभियान शुरू हुआ है। जीएसटी के बारे में बोलते हुए पीएम ने कहा कि इससे देश में नया बिजनस कल्चर बना है।

पीएम मोदी ने कहा, ‘कई अर्थशास्त्रियों का मानना है कि भारत की अर्थव्यवस्था का आधार मजबूत है। हमने अर्थव्यवस्था के लिए कठिन फैसले किए हैं और वित्तीय स्थिरता को बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसे कदम उठाते रहेंगे।’

ब्लू इकॉनमी
अपने ड्रीम प्रॉजेक्ट ‘रो-रो फेरी सर्विस’ की शुरुआत करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि नए भारत का आधार ज्यादा से ज्यादा ‘ब्लू इकॉनमी’ होगा। बता दें कि ब्लू इकॉनमी से पीएम मोदी का आशय बंदरगाहों की संख्या बढ़ा उन्हें विकसित करने से था।

उन्होंने कहा कि इस विचार को फूड सिक्यॉरिटी, खनन और पर्यटन के क्षेत्र में लागू किया जा सकता है। पीएम ने कहा, ‘हमारा मानना है कि सागरमाला प्रॉजेक्ट से 1 करोड़ नौकरियां मिलेंगी। भारत को ज्यादा और बेहतर बंदरगाह चाहिए।’

जीएसटी दरों में बदलाव की जरूरत, स्थिर होने में लगेगा एक साल

0

नई दिल्ली। देश के बड़े आर्थिक सुधार जीएसटी के अब पूरी तरह से लागू हो जाने के बाद अब टैक्स रेट्स में बदलाव की जरूरत है। राजस्व सचिव हसमुख अधिया ने कहा कि टैक्स रेट्स में बदलाव कर ही छोटे और मझोले कारोबारों से टैक्स का बोझ कम किया जा सकता है।

अधिया ने कहा कि एक्साइज ड्यूटी, सर्विस टैक्स और वैट जैसे दर्जनों भर केंद्रीय और राजकीय करों को खत्म करने वाले जीएसटी को स्थिर होने में एक साल का वक्त लग सकता है। चार महीने पहले लागू हुए जीएसटी में अभी भी कई समस्याएं आ रही हैं और कंपलायंस इशू हो रहे हैं।

जीएसटी पर फैसला लेने वाली सर्वोच्च संस्था जीएसटी काउंसिल इन दिक्कतों को खत्म करने के लिए जीएसटी में कई बार बदलाव कर चुकी है। छोटे और मझोले कारोबारियों के लिए टैक्स भरने और जीएसटी रिटर्न फाइल करने को आसान बनाने के लिए काउंसिल ने कई बदलवा किए हैं जिससे जीएसटी इंडस्ट्री फ्रैंडली हो जाए।

जीएसटी काउंसिल ने 100 से ज्यादा कमोडिटीज की कीमतों में बदलाव किया है और निर्यातकों के लिए रिफंड प्रोसेस को आसान बनाया है। अधिया ने कहा, ‘जीएसटी में टैक्स रेट्स में बड़े सुधार की जरूरत है। ऐसा भी संभव है कि एक चैप्टर में दिए गए गुड्स अलग-अलग टैक्स रेट में आ गए हों

हमें चैप्टर के हिसाब से वस्तुओं पर नजर डालनी चाहिए और यह देखा जाना चाहिए कि छोटे और मझोले कारोबारियों पर बोझ ज्यादा न हो। अगर ऐसा पाया जाता है कि इन पर और आम आदमी पर टैक्स का बोझ है तो उसे कम किया जाना चाहिए। इससे जीएसटी की स्वीकार्यता बढ़ेगी।’

जीएसटी काउंसिल की 23वीं मीटिंग वित्त मंत्री अरुण जेटली की अध्यक्षता में 10 नवंबर को गुवाहाटी में होनी है। अधिया ने कहा कि हम जितनी जल्दी हो सके इसे करने के लिए उत्सुक हैं, लेकिन यह इस बात पर निर्भर करता है कि फिटमेंट कमिटी इस पर काम करने के लिए कितना समय लेती है।

अधिया से जब पूछा गया कि जीएसटी को स्थिर होने में कितना समय लगेगा तो उन्होंने कहा कि इसमें एक साल लगेगा, क्योंकि यह सभी के लिए नई व्यवस्था है। जीएसटी में टैक्स सिस्टम में बड़ा बदलाव हुआ है इसलिए एक साल की आवश्यकता है।

छा गयी ‘सीक्रेट सुपरस्टार’, तीन दिन में कमा लिए 22.75 करोड़

मुंबई। क्रिटिक्स का इम्तेहान पास करने के बाद आमिर ख़ान की फ़िल्म सीक्रेट सुपरस्टार अब जनता की परीक्षा में भी खरी उतर रही है। 19 अक्टूबर को ठीक दिवाली के दिन रिलीज़ हुई फ़िल्म ने तीन दिन में 22.75 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। 

गुरुवार को रिलीज़ के दिन सीक्रेट सुपरस्टार ने 4.80 करोड़ का कलेक्शन किया था। गुरुवार को देशभर में दिवाली का त्यौहार मनाया जा रहा था, लिहाज़ा पहले दिन कम बिज़नेस के क़यास लगाये गये थे। दिवाली के अगले दिन यानि शुक्रवार को फ़िल्म ने ज़बर्दस्त उछाल ली और सीक्रेट सुपरस्टार ने 20 अक्टूबर को 9.30 करोड़ इकट्ठा किये।

शनिवार को फ़िल्म के बिज़नेस में थोड़ी कमी आयी और ये 8.65 करोड़ जमा कर सकी। हालांकि सीक्रेट सुपरस्टार जैसी कम बजट फ़िल्म के लिए तीन दिन में 22.75 करोड़ रुपए जमा करना अच्छा संकेत है।  बताते चलें कि अद्वैत चंदन निर्देशित फ़िल्म में ज़ायरा वसीम ने लीड रोल निभाया है, जबकि आमिर ख़ान ने इसमें कैमियो किया है।

फ़िल्म को आमिर ने प्रोड्यूस भी किया है। फ़िल्म के प्रमोशंस में ज़ायरा के साथ आमिर ने बढ़-चढकर हिस्सा लिया, जिसका असर कलेक्शंस पर दिख रहा है। ये आमिर की स्ट्रेटजी का ही नतीजा है कि सामने गोलमाल अगेन जैसी बड़ी फ़िल्म होने के बावजूद सीक्रेट सुपरस्टार दर्शकों को आकर्षित कर रही है।

बड़े शहरों और मल्टीप्लेक्सेज़ में सीक्रेट सुपरस्टार को अच्छे दर्शक मिल रहे हैं। फ़िल्म की कहानी एक ऐसी मुस्लिम लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका म्यूज़िक में ज़बर्दस्त इंटरेस्ट होता है, मगर विभिन्न कारणों से उसके पिता उसके इस शौक़ को बढ़ावा नहीं देते। तब वो लड़की इंटरनेट के ज़रिए अपने ख़्वाबों को पूरा करती है और अपने टेलेंट के दम पर सुपरस्टार बन जाती है। 

फेल छात्र दे सकेंगे रेग्युलर एग्जाम, CBSE ने दी छात्रों को राहत

नई दिल्ली। सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में पिछले साल फेल हुए छात्रों को बोर्ड ने एक राहत दी है। सीबीएसई ने कहा है कि अगर कोई छात्र दसवीं और बारहवीं में फेल हो गया था, तो वह एक रेग्युलर स्टूडेंट के तौर पर दोबारा परीक्षा दे सकता है।

वह चाहे तो अपने ही स्कूल में या बोर्ड से मान्यता प्राप्त किसी अन्य स्कूल में ऐडमिशन ले सकता है। बोर्ड ने स्कूलों को नए निर्देश जारी करते हुए कहा, ‘जो छात्र 2017 में दसवीं और बारहवीं में फेल हो गए थे वे रेग्युलर कैंडिडेट के रूप बोर्ड से मान्यता प्राप्त किसी भी स्कूल में फ्रेश ऐडमिशन ले सकते हैं।’

गौरतलब है कि अब तक फेल छात्र सिर्फ प्राइवेट स्टूडेंट के तौर पर ही बोर्ड एग्जाम दे सकते थे। अगले साल बोर्ड परीक्षा मार्च की बजाय फरवरी में होने की संभावना है। इस बार परीक्षा 1 महीने में ही पूरी करा ली जाएगी।

रानी मुखर्जी के पिता का निधन, बेटी को इंडस्ट्री में किया था लॉन्च

मुंबई। ऐक्ट्रेस रानी मुखर्जी के पिता और फिल्मकार राम मुखर्जी का रविवार सुबह 4 बजे निधन हो गया। वह 84 वर्ष के थे। परिवार के करीबी सूत्रों ने बताया कि उनकी लंबे समय से तबीयत ठीक नहीं थी। उनका रक्तचाप तेजी से घट रहा था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था।

जानकारी के मुताबिक, राम मुखर्जी का पार्थिव शरीर सुबह करीब साढ़े 10 बजे उनके घर जानकी कुटीर ले जाया गया। अब विले पार्ले के पवन हंस श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बताया जा रहा है कि राम मुखर्जी मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे। उनकी सेहत काफी समय से खराब चल रही थी।

आखिरी बार वह रानी के घर आयोजित दुर्गा पूजा में नजर आए थे। बता दें, राम मुखर्जी जाने-माने फिल्म निर्देशक थे। उन्होंने हिन्दी और बंगाली की कई फिल्मों का निर्देशन किया था। वह मुंबई के फिल्मालय स्टूडियो के संस्थापक सदस्यों में से एक थे।

राम ने ‘हम हिन्दुस्तानी’ और ‘लीडर’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया था। ‘लीडर’ में दिलीप कुमार और वैजयंती माला प्रमुख भूमिकाओं में थे। रानी मुखर्जी को 1996 में आई ‘बियेर फूल’ के जरिए उनके पिता राम ने ही इंडस्ट्री में लॉन्च किया था।

इस फिल्म के वह डायरेक्टर और प्रड्यूसर थे। इसके बाद 1997 में आई रानी की डेब्यू फिल्म ‘राजा की आएगी बारात’ को भी राम ने प्रड्यूस किया था। रानी मुखर्जी के पिता के अलावा उनकी मां कृष्णा मुखर्जी भी प्लेबैक सिंगर हुआ करती थीं। रानी के भाई राजा मुखर्जी भी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हुए प्रड्यूसर-डायरेक्टर हैं।

सनी लिओनी का नया गाना आया ‘लोका लोका, देखिए वीडियो

मुंबई। बॉलीवुड की हॉट और पॉपुलर अभिनेत्रियों में शामिल सनी लिओनी का नया वीडियो सॉन्ग आया है। गाने के बोल है ‘लोका लोका’। इस गाने में सनी के साथ रफ्तार भी दिखाई दे रहे हैं। लीड वोकल है शीवी का। वे भी सनी के साथ नाच रही हैं। गाने के बोल जुबान पर चढ़ने वाले और धुन भी बढ़िया है। सनी का डांस तो खैर है ही।

हाल ही में सनी की कुछ ताज़ा तस्वीरें सामने आई हैं, जो आपको चौंका सकती हैं कि आख़िर क्यों सनी ने इस तरह से अपना चेहरा ढंका है। वैसे यह राज़ सनी ने ख़ुद अपने सोशल साइट्स पर खोल दिया है। सनी लिखती हैं कि दरअसल यह प्रोस्थेटिक मेकअप है जो वो अपनी अपकमिंग फ़िल्म के लिए इस्तेमाल करने जा रही हैं। अभी इस प्रोजेक्ट के बारे में ज्यादा खुलासा नहीं हुआ है।

आपको बता दें कि सनी इसी शुक्रवार संजय दत्त की रिलीज़ हो रही फ़िल्म ‘भूमि’ में भी डांस करती नज़र आने वाली हैं। उनका यह आयटम नंबर काफी पसंद किया जा रहा है। वे एमटीवी स्पिलिट्स विला भी होस्ट कर रही हैं।
हाल ही में सनी लिओनी चर्चा में तब आई थीं जब उन्होंने एक बेटी को गोद लिया था। 

‘जुड़वा 2’ ने तीन हफ्तों में कमाए 216 करोड़

मुंबई। ‘जुड़वा 2’ की तीन हफ्ते की कमाई 137.18 करोड़ रही है। यह तो केवल देश की कमाई है, विदेश में भी इस फिल्म ने गजब कमाया है। बीते हफ्ते इस फिल्म को भारत में 11.34 करोड़ रुपए मिले। विदेश में अभी तक इस फिल्म ने 40.22 करोड़ रुपए कमाए हैं। इस तरह तीन हफ्तों की ग्रॉस कमाई 216.07 करोड़ रुपए रही है।

इस सुपरहिट ने पहले शुक्रवार को ही 100 करोड़ रुपए कमा लिए थे। पहले हफ्ते में इसकी कमाई 98.08 करोड़ रुपए थी। दूसरे हफ्ते में इसे 27.76 करोड़ रुपए मिले। ये वरुण धवन की सबसे बड़ी सोलो हिट है। ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ ने 116.60 करोड़ रुपए कमाए थे। तीसरी हिट ‘ABCD 2’ की कमाई 107 करोड़ थी।

148 करोड़ रुपए कमाने वाली शाहरुख खान की ‘दिलवाले’ को इसमें शामिल नहीं किया गया है क्योंकि वो मल्टीस्टारर थी, वरुण ही इसमें अकेले हीरो नहीं थे। इसने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मास एंटरटेनर का जमाना कभी नहीं जाता।

इस फिल्म को 75 करोड़ रुपए की लागत पर रिलीज किया गया है। 60 करोड़ रुपए इसे बनाने में लगे और 15 करोड़ प्रचार पर खर्च हुए। पहले हफ्ते में यह लगभग 3500 स्क्रीन्स पर भारत में रिलीज हुई थी। विदेश में इसे 625 स्क्रीन्स मिली थीं।

इस फिल्म में वरुण धवन डबल रोल में हैं। ‘जुड़वा 2’ में वरुण धवन, जैकलीन फर्नाडिज़ और तापसी पन्नू अहम भूमिका में हैं। यह फिल्म डेविड धवन की फिल्म ‘जुड़वा’ का सीक्वेल है जिसे डेविड ने ही डायरेक्ट किया था। पहली फिल्म में सलमान खान ने डबल रोल किए थे। वरुण धवन की तरह सलमान खान का भी इसमें डबल रोल है, लेकिन कैमियो।