Friday, July 17, 2026
Home Blog Page 5523

रेलवे में गुड्स बुकिंग से टिकट तक सब कुछ ‘स्फूर्ति’ एप पर

0

कोटा। रेलवे ने कार्यशैली में पारदर्शिता लाने के लिए ‘स्फूर्ति’ एप तैयार किया है। इससे उपभोक्ता टिकट बुकिंग, पार्सल, टेंडर, नौकरी में देरी, फाइलों को अटकाने जैसी शिकायतें कर सकेंगे। इस एप में अधिकारियों को हर शिकायत का जवाब भी देना होगा।

शिकायत का समाधान किए बिना शिकायत को बंद नहीं होगी। हालांकि अभी इसे माल गाड़ियों (गुड्स) के संचालन से जोड़ा गया है। इससे मालगाड़ी के बुकिंग सेंटर, माल भाड़ा और माल चढ़ाने व उतारने की जानकारी मिल सकेगी। रेलवे इसे अपने अन्य विभागों से भी जोड़ने की तैयारी कर रहा है, जिसके बाद अक्टूबर तक आम यात्री भी इसका फायदा उठा पाएंगे। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अश्वनी लोहानी ने बताया कि एप बनाने की प्रमुख वजह रेलवे के आंतरिक कार्यों में पारदर्शिता व तेजी लाना है।

खुद शिकायत बंद नहीं कर सकेंगे अधिकारी
इस एप पर दी गई शिकायत को किसी भी अधिकारी द्वारा स्वयं के स्तर पर बंद नहीं किया जा सकेगा। क्योंकि कार्रवाई से संतुष्ट होने पर शिकायतकर्ता ही ओटीपी के माध्यम से शिकायत बंद कर सकेगा। शिकायत की सूचना व कार्रवाई किस स्तर तक पहुंची, इस बारे में चेन में शामिल सभी अधिकारियों को समय-समय पर अपडेट मिलता रहेगा।

वहीं तय समय में शिकायत पर कार्रवाई नहीं की गई, तो क्रमानुसार अगले स्तर के अधिकारी दोषी के दायरे में आते चले जाएंगे। गौरतलब है कि यदि कोई व्यक्ति एप पर रेलवे को ट्रेन के परिचालन, खाने-पीने, गंदगी और भ्रष्टाचार से जुड़ी सुझाव या शिकायत प्रमाण के साथ देता है, तो रेलवे उसे सम्मानित भी करेगा।

टूर पैकेज भी बुक हो सकेंगे :इस स्फूर्ति एप के माध्यम से लोग अलग-अलग तरह के टूर पैकेज भी बुक कर सकेंगे। इसमें शिरडी सांई बाबा, माता वैष्णो देवी, कामाख्या देवी के दर्शन सहित अन्य कई आकर्षक टूर पैकेज शामिल होंगे। वहीं यात्री कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक के लिए भी पैकेज बुक करवा सकेंगे। रनिंग स्टेटस, डिस्टेंस का भी लगेगा पता :रेलवे बोर्ड जल्दी ही पैसेंजर ट्रेनों को भी एप से जोड़ेगा। जिससे यह तक पता चल जाएगा कि ट्रेन स्टेशन से कितनी दूर है।

एप से सभी जोन और मंडल के विभाग इस वर्ष अक्टूबर तक जोड़ दिए जाएंगे। इसके बाद सभी ट्रेनों के स्टॉपेज, किराया, दो स्टेशनों के बीच की दूरी के बारे में भी जानकारी मिलेगी। वहीं क्रेडिट या डेबिट कार्ड से ऑनलाइन पेमेंट कर रेलवे की सुविधाओं का फायदा ले सकेंगे। इसके साथ ही उन्हें हर पेमेंट पर प्वाइंट भी मिलेंगे।

कोटा रेलवे स्टेशन पर लगेंगे 6 एस्केलेटर, स्टेशनों का होगा विस्तार

0

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के प्रोजेक्ट्स के लिए रेलवे 3200 करोड़ रुपए का बजट है। जो पिछले वर्ष की राशि 2962 करोड़ से 8 प्रतिशत अधिक है। यात्री सुविधा के लिए इस वर्ष 70 करोड़ खर्च किए जाएंगे। साथ ही फुटओवर ब्रिज तथा हाईलेवल प्लेटफाॅर्म का निर्माण पर 325 करोड़ व स्टेशन पर शॉफ्ट अपग्रेडेशन के लिए 100 करोड़ के नए कार्य करवाए जाएंगे।

बीना-कोटा डबलिंग के लिए 200 करोड़
कोटा में 6, सवाईमाधोपुर में 5 व भरतपुर में 4 नए एस्केलेटर लगाए जाएंगे। कोटा रेल मंडल के लिए 30 फुट ओवरब्रिज स्वीकृत हुए हैं। कोटा रेल प्रशासन ने 10 फुट ओवरब्रिज अौर मांगे हैं। स्टेशनों के बाउंड्रीवाल पर 500 करोड़ खर्च होंगे।  रेल लाइन के दोहरीकरण व तिहरीकरण की 14 परियोजनाओं के लिए 1140 करोड़ रुपए का बजट है। इनमें बीना-कोटा डबलिंग के लिए 200 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

रामगंजमंडी-भोपाल लाइन के लिए 260 करोड़
वहीं, 575 करोड़ रुपए से नई लाइनों पर खर्च किए जाएंगे। रामगंजमंडी-भोपाल (262 किमी) के लिए 260 करोड़ का बजट है। 500 रेलवे स्टेशनों पर 1000 लिफ्ट लगाई जाएंगी। पश्चिम मध्य रेलवे के सभी ए एवं ए-1 श्रेणी के स्टेशनों पर लिफ्ट व एस्केलेटर का प्रावधान होगा। इसके लिए 404 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

स्टेशनों पर वॉशेवल एप्रान का प्रावधान होगा। इसके लिए 200 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है। 25 रेलवे स्टेशनों पर क्विक वाटरिंग अरेंजमेंट के लिए 50 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। रेलवे ओवरब्रिज व अंडरब्रिज के कार्यों पर 320 करोड़ रुपए आवंटन किए गए हैं। वहीं, 68 करोड़ रुपए से पुराने पुलों को मजबूत किया जाएगा।

रामगंजमंडी व सवाईमाधोपुर में बाईपास रेल लाइन बिछेगी
रेल यातायात सुविधा के लिए इस वर्ष 145 करोड़ राशि का आंवटन किया गया है। साथ ही इसमें बाईपास रेल लाइन, एकस्ट्रा लाइन बिछाने पर 135 करोड़ रुपए खर्च होंगे। कोटा रेल मंडल के रामगंजमंडी व सवाईमाधोपुर में भी एक्स्ट्रा लाइन बिछाई जाएगी। कछपुरा, गुना, रुठियाई में भी ये कार्य होंगे। कोटा में ट्रैक रिन्युअल व स्टैंडर्ड हाइटगेज लगेंगे

लाइनों के विद्युतीकरण के लिए 396 करोड़
पश्चिम मध्य रेल में 1600 करोड़ की लागत के 5 विद्युतीकरण परियोजनाओं के लिए इस वर्ष 396 करोड़ राशि का आवंटन किया गया है। रतलाम-नीमच-चंदेरिया-कोटा 384 किमी के लिए 126 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

इटारसी-कटनी-मानिकपुर 653 किमी के लिए 63 करोड़, कटनी-सिंगरौली 260 किमी के लिए 100 करोड़, रतलाम-नीमच-चन्देरिया-कोटा 348 किमी के लिए 126 करोड़, विजयपुर-मक्सी के लिए 91 करोड़, गुना-ग्वालियर 227किमी के लिए 15 करोड़ की राशि का आवंटन इस वर्ष किया गया।

बजट में ट्रैक रिनुवल व स्टैंडर्ड हाइटगेज लगाने के काम की घोषणा की गई है। कोटा रेल मंडल से जुड़े हाइवे के पास के रेलवे क्रॉसिंग के पास स्टैंडर्ड हाइटगेज लगाए जाएंगे। पश्चिम मध्य रेलवे में 12 लेवल क्रॉसिंग की इंटरलॉकिंग व स्टैंडर्ड हाइटगेज के लिए 32 करोड़ के कार्य स्वीकृत किए गए हैं।

कोटा-मथुरा रेल खंड में ट्रैक रिनुवल
कोटा-मथुरा रेल खंड में ट्रैक रिनुवल का काम होगा। इसमें ट्रैक को बदला जाएगा। पैड्रोल क्लिप नए लगेंगे। स्टेशन से जुड़ी यार्ड की रेल लाइनों को बेहतर किया जाएगा। कोटा-मथुरा सेक्शन में रिग्रेडिंग का काम होगा।

इसमें ढलान क्षेत्र में ट्रैक सुधार होगा। नागदा-मथुरा सेक्शन में ट्रैक को जोड़ने के लिए की गई वेल्डिंग के कार्य को मशीन से करवाया जाएगा। इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी वर्क के लिए 250 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

तत्‍काल टिकट में गड़बड़ी करने वाली 19 साइट्स ब्‍लॉक : रेल मंत्री

0

नई दिल्‍ली।  रेलवे ने टिकट बुकिंग करने वाली 19 साइट्स पर प्रतिबंध लगाने के लिए मिनिस्‍ट्री ऑफ इलेक्‍ट्रानिक्‍स एंड इनर्फोमेशन से कहा है। इन साइट्स ने तत्‍काल टिकट बुकिंग में गड़बड़ी की है। यह जानकारी आज संसद में रेलमंत्री पियुष गोयल ने दी।

इन साइट्स को IRCTC ने किया ब्‍लॉक
इन साइट्स पर इंडियन कैटरिंग एंड टूरिज्‍म कार्पोरेशन (IRCTC) वेबसाइट के ऑटोमेशन सिस्‍टम के गलत इस्‍तेमाल का आरोप है। IRCTC से मिली इस जानकारी के बाद इन प्रतिबंध लगाने के लिए इनर्फोमेशन मिनिस्‍ट्री को कहा गया है। इसके अलावा इन साइट्स को IRCTC ने ब्‍लॉक कर दिया गया है। इन साइट्स में myrailinfo.in, www.tatkalaap.com and www.tatkalsoftservice.com जैसी साइट्स शामिल हैं।

कई शहरों में दर्ज कराए गए मामले
IRCTC ने इन साइट्स के खिलाफ दिल्‍ली, मुम्‍बई, कोलकाता, नागपुर और लखनऊ सहित कई शहरों में मुकदमा लिखाया गया है। यह मामले साइबर क्राइम के तहत दर्ज हुए हैं। रेल मंत्री के अनुसार इस मामले को सीबीआई के भी संज्ञान में लाया गया है। इसके अलावा रेलवे बोर्ड का विजिलेंस भी जांच कर रहा है।

सीबीआई इस मामले में पहले ही दर्ज कर चुकी है मामला
हाल ही में सीबीआई ने गलत तरीके से तत्‍काल टिकट बुकिंग को लेकर एक एफआईआर दर्ज की थी। इसमें सीबीआई ने कहा था कि सॉफ्टवेयर का गलत तरीके से इस्‍तेमाल कर तत्‍काल टिकट की कालाबाजारी की जा रही है।

सुरक्षा बढ़ाने के हो रहे प्रयास
रेल मंत्री पियुष गोयल ने बताया कि ई टिकटिंग सिस्‍टम में मल्‍टी लेयर सिक्‍युरिटी सिस्‍टम लागू है। इसमें फ्रंट एंड और बैक एंड पर फायरवॉल हर समय चलता रहता है। इसके बादजूद सुरक्षा बढ़ाने के लिए रेलवे की नेशनल टेक्निकल रिसर्च आर्गनाइजेशन काम रहा है।

आवक की कमी से सोयाबीन, चना और सरसों में उछाल

कोटा। भामाशाह अनाज मंडी में बुधवार को लहसुन की आवक 1500 हजार कट्टे की रही। आवक की कमी से सोयाबीन 75 रुपये प्रति क्विंटल,  चना 100 रुपये प्रति क्विंटल,  गेहूं में 10 रुपये का सुधार,  सरसो 50 रुपये प्रति क्विंटल तेज बोली गई। माल की कुल आवक 25000 हजार बोरी की रही ।

गेहूं मिल 1500 से 1561 लोकवान 1570से 1600 पीडी 1600 से 1620 टुकडी 1600से 1650 रुपये प्रति क्विंटल रहे। धान सुगंधा 2600 से 2900 पूसा -1 2500 से 2900 पूसा-4 (1121) 2500 से 3475 धान (1509) 2000 से 3150 रुपये प्रति क्विंटल रहे।

सोयाबीन 2400 से 3550 सरसो 3200 से 3720 तिल्ली 6000 से 8000 रुपये प्रति क्विंटल रहे। मैथी 2000 से 2900 धनिया बादामी 3800 से 4300 ईगल 4000 से 4500 रंगदार 5000 से 5500 धनिया नया 3000 से 6100  रुपये प्रति क्विंटल रहे।

मूंग 3300 से 4300 उडद 2400 से 3800 चना 3000 से 3750 रुपये प्रति क्विंटल रहे। चना काबुली 7000 से 10500 चना पेपसी 3400 से 3800 चना मौसमी 3000 से 3800 मसूर 3000 से 3400 रुपये प्रति क्विंटल रहे।

ग्वार 3000से 4050 मक्का नई 1000 से 1200 जौ 1100 से 1200 ज्वार 1300 से 2400, लहसुन 2000 से 2100 रुपये प्रति क्विंटल रहे।

कोटा सर्राफा
चांदी 39300 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 31100 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 36280 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 31250 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 36450 रुपये प्रति तोला।

मांग घटने से सोने की चमक फीकी, चांदी 40,000 से नीचे

नई दिल्ली। स्थानीय आभूषण कारोबारियों की कमजोर मांग तथा कमजोर वैश्विक रुख से दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना 50 रुपये टूटकर 31,550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का निर्माताओं का उठाव घटने से चांदी भी 650 रुपये के नुकसान से 39,350 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।

राजधानी में सोना 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता 50 रुपये टूटकर क्रमश: 31,550 रुपये और 31,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। पिछले दो दिन में बहुमूल्य धातु के दाम 350 रुपये चढ़े थे। सोने की तरह की चांदी हाजिर भी 650 रुपये के नुकसान से 39,350 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। साप्ताहिक डिलिवरी के भाव 405 रुपये के नुकसान से 38,555 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गए। चांदी सिक्का लिवाल 74,000 रुपये और बिकवाल 75,000 रुपये प्रति सैकड़ा के स्तर पर कायम रहा।

दरें बढ़ने से घटेगा सोने का आकर्षण
बाजार विशेषज्ञों ने कहा कि स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं तथा फुटकर कारोबारियों की मांग घटने तथा वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख से सोने-चांदी में गिरावट आई। निवेशक यह उम्मीद कर रहे हैं कि फेडरल रिजर्व संभवत: ब्याज दरों में बढोतरी करेगा।

ऊंची ब्याज दर पर सोने में निवेश कम आकर्षक होगा। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 1.14 प्रतिशत टूटकर 1,323.70 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। वहीं चांदी 0.54 प्रतिशत के नुकसान से 16.62 डॉलर प्रति औंस रह गई।

स्वामी रामदेव की कहानी पर बनेगा सीरियल, प्रमोशन पर बोले

नई दिल्ली। लोगों को योग के लिए जागरुक करने वाले योग गुरु बाबा रामदेव अपने आयुर्वेदिक ब्रांड को लेकर खूब चर्चा में रहते हैं। अब बाबा रामदेव के जीवन की कहानी पर्दे पर दिखेगी। जीत डिस्कवरी चैनल पर शुरू होने जा रहे टीवी सीरियल ‘स्वामी रामदेवः एक संघर्ष’ के प्रमोशन के मौके पर रामदेव ने अपने जीवन के बारे में बताया।

रामदेव ने कहा कि इस सीरियल में उनके रामकृष्ण यादव से स्वामी रामदेव बनने तक की पूरी कहानी दिखाई जाएगी। अपने जीवन पर आधारित टीवी सीरियल के प्रोमोशन के दौरान योग गुरु बाबा रामदेव ने अपने जीवन से जुड़े कई पहलुओं को उजागर किया।

स्वामी रामदेव ने अपनी आखिरी ख्वाहिश के बारे में कहा की वह सन्यासी हैं और सन्यासी की कोई इच्छा नहीं होती। वह अपनी सारी इच्छाएं छोड़ के साधु बने हैं इसलिए अब उनकी कोई इच्छा नहीं बची। बाकी जो भगवान करवाता है वह करते जाते हैं। इसी के साथ उन्होंने अपने बचपन के दिनों के बारे में भी बात की।

उन्होंने कहा कि उनका बचपन संघर्षों और मुश्किलों में बीता है, इतना ही नहीं उन्होंने सात बार मौत को भी करीब से देखा है। ये सब कहानियां टीवी सीरियल के माध्यम से देखने को मिलेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि उनके शो में कोई भी गलत बात देखने को नहीं मिलेगी।

इतना ही नहीं, उन्होंने बताया कि वह अपनी माँ के काफी करीब थे और जब वह साधू बने तो उनकी माँ बेहोश हो गई थीं। वह कई दिनों तक रोती रही। हालांकि वह मानते हैं कि किसी भी माँ के लिए अपने बेटे को भगवा चोले में देखना आसान नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि इसी कारण वह अपने माता पिता के बारे में बात नहीं करते हैं।

कोटा के देवाशीष की सवा नौ फीट लम्बी बाइक ऑटो एक्सपो में प्रदर्शित

कोटा / ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में बुधवार से ‘ऑटो-एक्सपो 2018’ का आगाज गया है। हालांकि, आम लोगों को एंट्री 9 फरवरी से 14 फरवरी तक मिलेगी। ऑटो-एक्सपो में कोटा के ऑटोमोबाइल इंजीनयर देवाशीष जेठवानी भी अपनी सवा 9 फीट लंबी चॉपर बाइक के साथ पहुंच गए हैं। वहीं से उन्होंने हमारे चैनल लेन-देन न्यूज़ (LEN DEN NEWS) को कुछ फोटोग्राफ भेजे हैं। देवाशीष ने बताया कि पुरानी बाइक्स, जुगाड़ व यूएस से आयातित पार्ट्स से एसेम्बल की गई चार बाइक्स ऑटो एक्सपो में प्रदर्शित की गई है।

सवा 9 फीट की बाइक
500 सीसी की राॅयल एनफील्ड को मोडिफाई कर सवा 9 फीट लंबी चॉपर बाइक तैयार की। इसमें 21 लीटर का हैंड मेड फ्यूल टैंक है जो डायमंड शेप में है। 200 एमएम के टायर यूएसए से मंगवाए हैं।

गोल्ड रोज पेंट कर बनाई बाॅबर बाइक
जेठवानी ने बताया हार्ले डेविडसन की तर्ज पर डबल रॉड का चेसिस बनाकर बाॅबर बाइक बनाई है।इसमें इंजन पर दिल्ली से गोल्ड रोज पेंट करवाया गया है। घर की रूफ लाइट का उपयोग हैड लाइट में किया गया है। शॉकर्स भी स्पेशल बनाए गए हैं।

जावा को कर दी कॉम्पैक्ट
जेठवानी ने बताया जावा बाइक को मोडिफाई कर कॉम्पैक्ट स्लिम बाइक बनाई है। जिसमें पुराना बड़ा फ्यूल टैंक हटाकर दो छोटे-छोटे टैंक बनाए गए हैं। शराब की बोतल से फ्यूल मीटर बनाया है। बालकनी में लगने वाली लाइट से हैड लाइट बनाई है। इंडिकेटर, हैडलाइट आदि के लिए हेलिकॉप्टर में लगने वाले स्विच काम में लिए है।

मेटेलिक जावा
जेठवानी ने बताया पुरानी जावा को मोडिफाई कर एनफील्ड की तर्ज पर तैयार किया है। इसमें मेटेलिक कलर किया गया है। इसमें इस बात का विशेष ध्यान रखा है कि जावा का मूलरूप है वो बदले नहीं।

RBI से निराश बाजार, सेंसेक्स 113 अंक गिरकर 34082 पर बंद

नई दिल्ली। रिजर्व बैंक ने लगातार तीसरी मॉनिटरी पॉलिसी में रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया है। आरबीआई की पॉलिसी के बाद बाजार में गिरावट बढ़ी। बैंक, आईटी और फाइनेंस सर्विस सेक्टर के शेयरों में बिकवाली से दोनों प्रमुख इंडेक्स लगातार चौथे दिन गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 113 अंक गिरकर 34,082 अंक पर और निफ्टी 22 अंक टूटकर 10,477 अंक पर बंद हुआ।

इससे पहले, ग्लोबल मार्केट में रिकवरी के बाद बुधवार को भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ खुले। आज सेंसेक्स 367 अंक की बढ़त के साथ 34,563 अंक पर खुला। वहीं, निफ्टी 109 अंक चढ़कर 10,607 अंकों पर रहा। आम बजट के बाद पिछले तीन दिनों (2, 5, और 6 फरवरी) में शेयर बाजार में भारी गिरावट देखी गई। मंगलवार को इंट्रा-डे में सेंसेक्स 1274 अंक तक टूट गया था। इससे निवेशकों के तीन दिन में 8 लाख करोड़ रुपए डूब गए थे।

मिडकैप-स्मॉलकैप इंडेक्स में रही बढ़त
लार्जकैप शेयरों के मुकाबले मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में अच्छी खरीददारी देखने को मिली। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.43% की बढ़त के साथ 16351 अंक पर बंद हुआ। मिडकैप शेयरों में एलटीआई, बीईएल, टाटा ग्लोबल, अशोक लेलैंड, कैस्ट्रॉल इंडस्ट्रीज, वाकहार्ट फार्मा, पीईएल, श्रीराम सिटी यूनिन, अमारा राजा बैट्रीज, एंडुरेस 3.29-9.24 फीसदी तक बढ़े।

वहीं बीएसई के स्मॉलकैप इंडेक्स में 1.95 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। स्मॉलकैप शेयरों में एचईजी, 8के माइल्स, सेंचुरी प्लाई, इंडिया ग्लाइको, लिबर्टी शू, चंबल फर्टिलाइजर, लुमैक्स इंडस्ट्रीज, जेन टेक 11.12-20 फीसदी तक चढ़े।

बैंक-आईटी शेयर टूटे, रियल्टी इंडेक्स में सबसे ज्यादा तेजी
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो ऑटो, एफएमसीजी, मेटल, फार्मा, मीडिया और रियल्टी इंडेक्स में बढ़त देखने को मिली। सबसे ज्यादा बढ़त निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में 1.69 फीसदी की रही। वहीं निफ्टी ऑटो में 0.30 फीसदी, एफएमसीजी में 0.23 फीसदी, मेटल में 0.46 फीसदी और निफ्टी फार्मा में 0.73 फीसदी का उछाल आया।

हालांकि आरबीई द्वारा रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किए जाने से बैंकिंग शेयरों में बिकवाली बढ़ गई। जिससे बैंक निफ्टी 0.55 फीसदी टूटकर 25,670 अंक पर बंद हुआ। इसके अलावा निफ्टी आईटी इंडेक्स 0.89 फीसदी टूटा।

इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स 3% गिरा
स्टॉक मार्केट के इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स (विक्स) में गिरावट देखने को मिली है। बुधवार के कारोबार में इंडेक्स 2.73 फीसदी गिरकर 19.46 के लेवल पर पहुंच गया।

इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स यानी विक्स नियर टर्म में उतार-चढ़ाव को लेकर मार्केट के अनुमान को बताता है। हाई विक्स से संकेत मिलता है कि मार्केट नियर टर्म में उतार-चढ़ाव देख सकता है। वहीं, लोअर विक्स से उतार-चढ़ाव कम होने के संकेत मिलते हैं।

49 स्टॉक्स ने बनाया साल का नया हाई
बाजार में उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच बीएसई पर 49 स्टॉक्स 52 हफ्ते की नई ऊंचाई पर पहुंचे। इनमें भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन, एस्टर, एक्सकॉर्ट्स, जुबिलएंट लाइफ साइंस शामिल हैं।

रीपो रेट 6% पर बरकरार, बैंक से कर्ज लेना सस्ता नहीं होगा

नई दिल्ली। अनुमानों के मुताबिक रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने प्रमुख नीतिगत दरों में कोई बदलाव करने का फैसला नहीं किया। इसलिए रीपो रेट 6% रिवर्स रीपो रेट 5.75%, मार्जिनल स्टैंडिंग फसिलिटी रेट 6.25% और बैंक रेट 6.25% की मौजूदा दर पर ही बकरकार हैं। आरबीआई ने अप्रैल से सितंबर के बीच मंहगाई के 5.1 से 5.6 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान लगाया है। इसके साथ ही सीआरआर 4% और एसएलआर 19.5% तय किया गया है।

फर्स्ट क्वार्टर में महंगाई 5.6% तक रहने का अनुमान
रिजर्व बैंक के गवर्नर उर्जित पटेल ने मॉनिटरी पॉलिसी स्‍टेटमेंट में कहा है कि इकोनॉमिक एक्टिविटीज तेज हो रही हैं। ऐसे में बढ़ती लागत का बोझ ग्राहकों पर डाला जाएगा। इससे कीमतें बढेंगी। इसके अलावा महंगाई कितनी बढ़ेगी यह काफी हद तक मानसून पर निर्भर करेगा। माना जा रहा है कि आने वाला मानसून सामान्‍य रहेगा।

इन फैक्‍टर्स को ध्‍यान में रखते हुए अनुमान है कि फाइनेंशियल ईयर 2018-19 के पहले क्वार्टर में रिटेल महंगाई 5.1 फीसदी से 5.6 फीसदी रहेगी। वहीं, दूसरे क्वार्टर में खुदरा (रिटेल) महंगाई 4.5 से 4.6 फीसदी की रेंज में रह सकती है।

2017-18 के लिए जीवीए ग्रोथ 6.6% रहने का अनुमान
उर्जित पटेल ने कहा कि 2017-18 में जीवीए ग्रोथ 6.6 फीसदी रहने का अनुमान है। मौजूदा फाइनेंशियल ईयर के आगे ग्रोथ आउटलुक कई फैक्‍टर पर निर्भर करेगा। इसमें सबसे अहम जीएसटी है। जीएसटी के तहत लागू किया गया सिस्‍टम स्थिर हो रहा है। यह देश में इकोनॉमिक एक्टिविटीज के लिए बेहतर नतीजे देगा।

उन्होंने कहा कि इन्वेस्टमेंट की एक्टिविटीज में रिवाइवल के संकेत हैं। ऐसा क्रेडिट ग्रोथ बढ़ने से पता चलता है। इसके अलावा कैपिटल गुड्स के प्रोडक्‍शन और इम्पोर्ट में भी सुधार दिख रहा है। तीसरा पीएसयू बैंकों में रीकैपिटलाइजेशन का प्रॉसेस भी शुरू हो गया है।

2018-19 में जीवीए ग्रोथ 7.2 रहने का अनुमान
रिजर्व बैंक के गवर्नर ने कहा कि ऐसे एनपीए अकाउंट जिसके तहत बड़ा कर्ज फंसा हुआ है ऐसे मामले अब इनसॉल्‍वेंसी और बैंकरप्‍शी कोड के तहत समाधान के लिए रेफर किए जा रहे हैं। इससे कर्ज का फ्लो बढ़ेगा और नए इन्वेस्टमेंट की मांग पैदा होगी।

इसके अलावा चौथा अहम फैक्‍टर एक्‍सपोर्ट ग्रोथ है। ग्लोबल डिमांड बढ़ने से एक्‍सपोर्ट ग्रोथ के आंकड़ों में और सुधार होने की संभावना है। इन फैक्‍टर्स को ध्‍यान में रखते हुए 2018-19 के लिए जीवीए ग्रोथ 7.2 फीसदी रहने का अनुमान है।

क्या है रेपो रेट?
रोजमर्रा के कामकाज के लिए बैंकों को भी पैसे की ज़रूरत पड़ जाती है। रिजर्व बैंक ही बैंकों को कर्ज देता है, जो एक दो दिन के लिए होता है। यह कर्ज ओवरनाइट कर्ज कहा जाता है। इसके लिए रिजर्व बैंक जिस दर से उनसे ब्याज वसूल करता है, उसे रेपो रेट कहते हैं।

जब बैंकों को कम रेट पर कर्ज मिलता है तो वे भी कस्टमर को आकर्षित करने के लिए अपने इंटरेस्ट रेट कम कर देते हैं। इसी तरह अगर रिजर्व बैंक रेपो रेट में बढ़ोतरी करता है तो बैंकों के लिए लोन लेना महंगा हो जाता है और वे कस्टमर्स से वसूले जाने वाले इंटरेस्ट को बढ़ा देते हैं।

क्या है रिवर्स रेपो रेट?
जैसा इसके नाम से ही साफ है यह रेपो रेट से उलट होता है। जब कभी बैंकों के पास दिन-भर के कामकाज के बाद बड़ी रकम बची रह जाती है तो वे उस रकम को रिजर्व बैंक में रख देते हैं, जिस पर आरबीआई उन्हें ब्याज देता है। अब रिजर्व बैंक इस ओवरनाइट रकम पर जिस दर से ब्याज अदा करता है उसे रिवर्स रेपो रेट कहते हैं।

दरअसल, रिवर्स रेपो रेट बाजारों में कैश की लिक्विडिटी को कंट्रोल करने में काम आता है। जब भी बाजार में बहुत ज्यादा नकदी आ जाती है तो आरबीआई रिवर्स रेपो रेट बढ़ा देता है, ताकि बैंक ज्‍यादा इंटरेस्ट कमाने के लिए अपनी रकम उसके पास जमा करा दें और इस तरह बैंकों के कब्जे में बाजार में छोड़ने के लिए कम रकम रह जाए।

ऑटो एक्सपो आज से शुरू, 9 फरवरी से होगी आम लोगों की एंट्री

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में बुधवार से ‘ऑटो-एक्सपो 2018’ का आगाज होने जा रहा है। हालांकि, आम लोगों को एंट्री 9 फरवरी से 14 फरवरी तक मिलेगी। आयोजकों ने बताया कि एक्सपो में पांच साल से कम उम्र के बच्चों की टिकट नहीं लगेगा। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी गुरुवार को एक्सपो का उद्घाटन कर सकते हैं।

एक्सपो में टाटा, मर्सेडीज, बीएमडब्ल्यूए, किया, यामाहा, हीरो, होंडा आदि के स्टॉल पूरी तरह सजकर तैयार हैं। बुधवार को यहां 26 और गुरुवार को 9 गाड़ियों की लॉन्चिंग होगी। एक्सपो के कारण नोएडा-ग्रेनो के होटल हाउसफुल हो गए हैं। कई लोग तो बड़े होटलों में रूम पाने के लिए अधिकारियों से फोन करा रहे हैं। वहीं कुछ ज्यादा चार्ज भी देने को तैयार हैं।

ग्रेनो के इस आयोजन में गाड़ियां देखने के साथ लजीज व्यंजनों का लुत्फ भी उठाया जा सकता है। 30 फूड चेन स्टोर्स ने यहां स्टॉल लगाए हैं, जो डिसेज परोसेंगे। एक्सपो की सुरक्षा सीआईएसएफ के हवाले होगी। 25 कमांडो और तीन कंपनी सीआईएसएफ तैनात रहेंगी।