Friday, July 17, 2026
Home Blog Page 5517

पकड़ा गया नकलची, अंडरगार्मेंट में डिवाइस-कान में था ब्लूटूथ

0

बहरोड़ (अलवर)। राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट) में रविवार को एक छात्र को नकल करते हुए पकड़ लिया गया। कड़ी सुरक्षा में हो रही परीक्षा में छात्र ब्लू टूथ से नकल कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से ली जा रही परीक्षा राज्य के 2253 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है।

विशेष सतर्कता के तहत भरतपुर संभाग के चार जिलों में इस दौरान इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह से बंद रही। डीएसपी गणेश सिंह तंवर ने बताया कि अलवर रोड स्थित पीजी महाविद्यालय में रघुनाथ विश्नोई को नकल करते पकड़ा गया। रघुनाथ सांचौर का रहने वाला है।

ऐसे पकड़ा गया
परीक्षा चल रही थी। रघुनाथ बार-बार गर्दन हिला रहा था। इस पर इनविजिलेटर को शह हुआ। वह चुपचाप उसके पीछे आकर खड़े हो गए। इस पर कान से आवाज आई तो शक पुख्ता हो गया।

फिर उससे पूछताछ की गई तथा कोई संतोषप्रद जवाब नहीं मिलने पर सुरक्षाकर्मियों को बुलाया गया। तलाशी लेने पर उसके अंडरगार्मेंट में डिवाइस मिला और कान में उसने ब्लूटूुथ लगा रखा था।

डाक्टरों ने निकाला ब्लूटूथ
एसडीएम के निर्देश पर डाक्टरों ने रघुनाथ के कान से डिवाइस निकाला। डिवाइस कान में पर्दे के पास लगा था। पुलिस पता लगा रही है कि यह किससे और क्या बात कर रहा था।

बहरोड़ में इंटरनेट बंद नहीं रखा गया
परीक्षा समय में भरतपुर, धौलपुर, करौली व सवाईमाधोपुर में 2जी/3जी/4जी/डाटा, इंटरनेट सर्विस, बल्क एसएमएस, वाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर एवं अन्य सोशल मीडिया की इंटरनेट सेवाएं बंद रहीं।

जयपुर में इंटरनेट सेवा यथावत रही। वहीं बहरोड़ में भी इंटरनेट बंद नहीं किया गया। अगर यहां इंटरनेट बंद होता तो यह नकल नहीं कर पाता। उल्लेखनीय है कि परीक्षा केन्द्र स्थित फोटोकॉपियर, फैक्स मशीन आदि सुविधा सीज कर दी गईं।

रीट में 9.79 लाख अभ्यर्थी
रीट में कुल 9,79,768 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए। द्वितीय स्तर की परीक्षा में करीब आठ लाख अभ्यर्थी जबकि बाकी अभ्यर्थी प्रथम और दोनों स्तर की परीक्षा में थे। स्तर द्वितीय (कक्षा 6 से 8) की परीक्षा प्रथम पारी में सुबह 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक और स्तर प्रथम (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा द्वितीय पारी दोपहर 2.30 बजे से सांय 5.00 बजे तक चली।

कड़ी सुरक्षा
नकल व अनुचित साधनों की रोकथाम के लिए सीसी टीवी कैमरों का सर्विलांस, परीक्षार्थियों की वीडियोग्राफी, जैमर, उड़नदस्ते सहित अन्य कड़े इंतजाम किए गए। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी की सभी गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों के सर्विलांस में रहीं।

परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए गए। बोर्ड द्वारा परीक्षा के दौरान सुगम यातायात के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा अतिरिक्त रेलगाड़ियों और राजस्थान राज्य पथ परिवहन द्वारा अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई थी।

राजस्थान में मौसम ने पलटा खाया, कई जगह बारिश और ओले

0

जयपुर। जयपुर सहित राजस्थान के कुछ शहरों में रविवार को मौसम ने पलटा खाया। जयपुर में जहां सुबह से ही ठंडी हवा चलती रही वहीं सीकर के फतेहपुर और बारां में बरसात हुई। जयपुर में दिनभर मौसम सुहावना बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में अगले 24 घंटों में राज्य में छितराई बारिश हो सकती है। 

जयपुरवासियों का संडे की सुबह तेज व ठंडी हवा से स्वागत हुआ। ठंडी हवा दिनभर चलती रही। इससे मौसम सुहावना हो गया। हवा से तापमान में मामूली गिरावट आई। जयपुर में रविवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तो अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री रहा।

छाए रहेंगे बादल
– मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों में जयपुर के आसमान में बादल छाए रहेंगे। वहीं अधिकतम तापमान 26 डिग्री और और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रह सकता है।
– मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में राज्य में कुछ स्थानों पर छितराई बारिश हो सकती है।
– वहीं सीकर के फतेहपुर में सुबह पांच मिनट बूंदाबांदी हुई। यहां न्यूनतम तापमान 11.08 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बारां जिले में हुई बरसात
– बारां जिले के तीन कस्बों में बरसात हुई। जिले में सुबह से ही बादल छाए रहे। वहीं छीपाबड़ौद, बारां और देवरी कस्बे के बवनगांवा गांव में बीस मिनट तक बरसात हुई। बवनगांवा चने से बड़े ओले गिरे। बारिश से तापमान में गिरावट आई।

विशुद्धमति जी का दीक्षांत जयंती पर्व कोटा में मनेगा

कोटा। आर्यिका गणिनी विशुद्धमति माता जी का आगामी चातुर्मास कोटा में होगा। इसी के उनका 50 वां दीक्षा जयंती पर्व देश भर में मनाया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा रविवार को टोंक में की गई।

सकल दिगम्बर जैन समाज के पदाधिकारियों ने रविवार को टोंक जिले के महंदवास में जा कर आचार्य विराट सागर जी एंव उनके संघ को श्रीफल भेंट कर कोटा आने का निवेदन किया।

सकल दिगम्बर जैन समाज के अध्यक्ष अजय बाकलीवाल ने बताया कि मेंहदवास में विराज रहे आचार्य एवं 35 पिच्छिका से समिति के पदाधिकारियों ने कोटा आने का निवेदन किया। उनका लघु प्रवास कोटा में मार्च के प्रथम सप्ताह में संभव है।

इसी क्रम में टोंक में अर्यिका गणिनी विशुद्धमति माता जी को भी श्री फल भेंट किया । कोटा में 50 वीं दीक्षा जयंती की कार्यकारिणी की घोषणा यज्ञमति माता जी के सानिध्य में की गई। कार्याघ्यक्ष जेके जैन ने बताया कि अजय बाकलीवाल को कार्यकारिणी का संयोजक बनाया गया है।

समिति के महामंत्री विनोद टोरड़ी, महावीर प्रसाद जैन, विमल कुमार नांता, विनोद जैन के अलावा परम संरक्षक राजमल पाटोदी आदि पदाधिकारी कोटा से बड़ी संख्या में टोंक एवं मेंहदवास पहुंचे थे। इससे पूर्व कोटा दादाबाड़ी में प्रशांत सागर जी के सानिध्य में पारिवारिक विवरणिका का विमोचन किया गया।

ट्विटर पर भी होगा GST समस्याओं का समाधान

0

नई दिल्ली। वित्त मंत्रालय ने सोशल मीडिया वेबसाइट ट्विटर पर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) से जुड़ी समस्याओं का समाधान पेश करने के लिए आठ टैक्स अधिकारियों को तैनात किया है।

मंत्रालय के एक आधिकारिक बयान के मुताबिक सहायक आयुक्त स्तर के इन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नियुक्त किया गया है, जो ई-मेल व ट्विटर के जरिये जीएसटी के बारे में पूछे गए प्रश्नों का समाधान पेश करेंगे।

इन अधिकारियों में राज करण अग्रवाल, रजनी शर्मा, रौनक जमील अंसारी, शांतनु, बुल्लो मामू, हीरा लाल, मनीष चौधरी और अनुष्का अग्रवाल शामिल हैं, जिन्हें मंत्रालय के तहत आने वाले आस-पास के प्रमंडलों से चुना गया है।

मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर जीएसटी से जुड़ी कई समस्याएं उठाई जा रही थीं, जिन्हें देखते हुए मंत्रालय ने इन अधिकारियों की नियुक्ति का फैसला किया।

उन्होंने यह भी कहा कि ये अधिकारी इस तरह की तकनीक के उपयोग में दक्ष हैं और वे जीएसटी से जुड़ी समस्याओं का ऑनलाइन निदान पेश करेंगे।

रिटर्न सरल बनाने का प्रयास 
जीएसटी रिटर्न के लिए जीएसटीएन के चेयरमैन अजय भूषण पांडे के नेतृत्व वाला जीएसटी पैनल इसी सप्ताह उद्योग जगत और कारोबारियों के साथ बैठक करेगा।

इस बैठक का मकसद जीएसटी रिटर्न को और सरल बनाने के लिए उद्योग और कारोबारी जगत की राय लेना है। पांडे ने कहा कि यह पैनल बिहार के उप-मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के नेतृत्व वाले मंत्रिसमूह को अपनी रिपोर्ट सौंपेगा। यह मंत्रिसमूह उस रिपोर्ट के आधार पर महीने के आखिर तक अपने सुझाव तय कर लेगा और उसे  काउंसिल को सौंपेगा।

गौरतलब है कि सरकार ने पिछले वर्ष नवंबर में वस्तु एवं सेवा कर सरलीकरण समिति का गठन किया था, जिसका मकसद कारोबारियों को एक ही महीने में तीन-तीन जीएसटी फाइलिंग की समस्या से निजात दिलाना था।

अन्ना हजारे किसानों, छात्रों व प्रबुद्धवर्ग को करेंगे संबोधित

कोटा। देश में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ लोक पाल आंदोलन के प्रणेता समाज सेवी अन्ना हजारे 23 फरवरी को कोटा में किसानों युवाओं और गणमान्य लोगों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम संयोजक डाॅ. गोपाल सिंह एवं प्रवक्ता बृजेश विजयवर्गीय ने बताया कि देश में भ्रष्टाचार की समाप्ति के लोकपाल ,शराब बंदी की मांग तथा किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर आयोजित सभाओं को संबोधित करेंगे।

विजयवर्गीय ने बताया कि अन्ना हजारे 22 फरवरी की रात को कोटा पहुंच कर विश्राम करेंगे तथा 23 फरवरी को प्रातः एलन कॅरियर कोचिंग संस्थान के आॅडिटोरियम में युवा स्वावलम्बन ,आत्म विश्वास आदि विषयों पर छात्रों से रूबरू होंगे।
दोपहर में चम्बल लघु औद्यागिक क्षैत्र डीसीएम रोड़ फ्लाईओवर के पास विशाल जन सभा को संबोधित करेंगे।

सायंकाल हाड़ौती किसान यूनियन केशवरायपाटन क्षेत्र में ग्राम सभा में किसानों का मार्गदर्शन करेंगे। इंडिया अगेंस्ट करप्शन के संयोजक विजय पालीवाल,डाॅ. आरसी साहनी, गायत्री परिवार के जीडी पटेल,  कोटा सिटीजन काउंसिल के अध्यक्ष एलसी बाहेती, केबी नंदवाना इंजीनियर्स इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष सीकेएस परमार, हाड़ौती आदिम जाति जन जाति के महामंत्री प्रताप लाल मीणा, पूर्व सरपंच श्रवण गुर्जर, किसान नेता लक्ष्मीनारायण श्रृंगी , गीता दाधीच, डाॅ. सुसेन राज,सीमा घोष आदि को शामिल किया गया है।

किसान नेता कालू लाल ,माडू लाल मेहराणा सीनता, भूपेश नागर, दुर्गा लाल, निरंजन सिंह लाखेरी, बद्री लाल, पुष्प चंद गुर्जर आदि ने आयोजन की तैयारियों के क्रम में व्यापक जनसंपर्क शुरू कर दिया है।

दुनिया के सबसे अमीर शहरों में मुंबई 12वें नंबर पर

नई दिल्ली। भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई दुनिया के 15 सबसे अमीर शहरों में से एक है। मुंबई की कुल वेल्थ 950 बिलियन डॉलर (करीब 61 लाख करोड़ रुपये) आंकी गई है और यह इस सूची में 12वें नंबर पर है।

दुनिया के सबसे अमीर शहरों की इस लिस्ट में 3 ट्रिलियन डॉलर (करीब 193 लाख करोड़ रुपये) की वेल्थ के साथ न्यूयॉर्क पहले नंबर पर है। यह जानकारी न्यू वर्ल्ड वेल्थ की हाल ही में जारी रिपोर्ट में दी गई है। न्यू वर्ल्ड वेल्थ की रिपोर्ट के मुताबिक किसी शहर की कुल वेल्थ में वहां रहने वाले लोगों की निजी तौर पर जुटाई गई कमाई शामिल की गई है।

इसमें सरकार के फंड्स शामिल नहीं किए गए हैं। अरबपतियों के मामले में भी मुंबई दुनिया के 10 शहरों में से एक है। मुंबई में कुल 28 अरबपति रहते हैं। मुंबई के बारे में रिपोर्ट में कहा गया, ‘शहर की कुल वेल्थ 950 बिलियन डॉलर (करीब 61 लाख करोड़ रुपये) है। मुंबई भारत का आर्थिक केंद्र है।

इसके अलावा शहर में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज भी है जो दुनिया का 12वां सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज है। शहर में फाइनैंशल सर्विसेज, रियल एस्टेट और मीडिया इंडस्ट्रीज हैं।’ इस लिस्ट में न्यूयॉर्क के बाद दूसरा स्थान लंदन का है और उसके बाद जापान की राजधानी तोक्यो है। चौथे स्थान पर अमेरिका का सैन फ्रैंसिस्को बे एरिया है।

इसके अलावा लिस्ट में चीन की राजधानी पेईचिंग, शंघाई, लॉस एंजेल्स, हॉन्ग कॉन्ग, सिडनी, सिंगापुर और शिकागो भी जगह बनाने में कामयाब हुए हैं। टॉप 15 शहरों में वेल्थ के मामले में पिछले 10 सालों में सबसे तेजी से बढ़ने वाले शहरों में सैन फ्रांसिस्को, पेईचिंग, शंघाई, मुंबई और सिडनी हैं।

एम्स का सॉफ्टवेयर बताएगा इलाज का सही तरीका

0

नई दिल्ली। मेडिकल एजुकेशन का पाठ वर्चुअल टीचिंग के जरिए पढ़ाया जाएगा। इसके जरिए बीमारी की जांच परख से लेकर इलाज के तरीके और सुदूर गांव में बैठे मेडिकल स्टूडेंट्स और डॉक्टरों को स्किल डिवेलपमेंट के बारे में बताया जाएगा। एम्स ने वर्चुअल टीचिंग कॉन्सेप्ट तैयार किया है। इसका पायलट प्रॉजेक्ट शुरू किया गया है। देश के 7 मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट्स को इससे जोड़ा गया है।

एम्स के पैथोलॉजी विभाग के प्रफेसर डॉक्टर मनोज सिंह ने कहा, ‘हम इस वर्चुअल टीचिंग के जरिए गांव में काम करने वाली आशा और दूसरे हेल्थ वर्करों को भी ट्रेंड कर सकते हैं। इससे वे सही तरीके से इलाज के प्रसीजर को अपनाएंगे। मरीजों को बीमारी के बारे में सही से पता चल पाएगा।’

डॉक्टर मनोज सिंह ने कहा कि अगर एक ब्लड प्रेशर चेक करने की बात करें तो हर विभाग के डॉक्टर दावा करते हैं कि उन्हें इसके बारे में पता है। डॉक्टरों से जब पूछा गया कि चेकिंग के 22 पॉइंट्स क्या हैं और क्या आप इसे फॉलो करते हैं, तो सिर्फ एक कार्डियॉलजिस्ट का जवाब हां में था। बाकी कहीं न कहीं इस पॉइंट्स को मिस कर रहे थे।

इससे हो सकता है कि बीपी का रिजल्ट सही न आए। यही वजह है कि ऐसे चीजों का पहले विडियो बनाया जा रहा है। इसमें साउंड के जरिए चीजों को समझाया जा रहा है और फिर उसे अपलोड किया जा रहा है। इसके लिए एक सॉफ्टवेयर भी डिवेलप किया गया है, जो कॉलेज इससे जुड़ा रहेगा वह इसे खोल कर देख पाएगा।

डॉक्टर सिंह ने कहा, ‘हम बेसिक मेडिकल और लैबरेटरी स्किल्स बढ़ा रहे हैं। बीपी, पल्स रेट, ब्लड सैंपल लेने का सही तरीका क्या होता है यह बता रहे हैं। साथ में सर्जरी के दौरान किन-किन चीजों का ध्यान रखना चाहिए और सही तरीका क्या है इसका विडियो तैयार किया गया है। इसका लाइव डेमो लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट्स को दिया गया। इसका काफी अच्छा रेस्पॉन्स रहा।

ऑटो एक्स्पो : विमान सी फीलिंग देने वाली बस

ऑटो एक्स्पो में कार के साथ ही बसें भी आपके होश उड़ा देंगी। इस बार यहां ऐसी बसें लॉन्च की जा रही हैं, जो अपने में खूबियों का संसार समेटे हुए हैं। इलेक्ट्रिक बसें भी मार्केट में धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। इसलिए अगर आप ऑटो एक्स्पो आते हैं तो कार के साथ ही बसों का भी दीदार करना न भूलें। ऐसी कुछ चुनिंदा बसों पर पेश है रिपोर्ट :

ऑटो एक्स्पो के हॉल नंबर-11 में पिनेक्कल स्पेशलिटी कंपनी की एक ऐसी बस आपको देखने को मिलेगी, जो किसी लग्जरी अपार्टमेंट के ड्रॉइंग रूम जैसी है। बस का नाम फिन्तजा (FINETZA) है। इसे डेढ़ मीटर तक बढ़ाया जा सकता है। इस बस में 2 सोफे लगे हुए हैं, जिसे बेड भी बनाया जा सकता है।

बस में सिर्फ 8 लोग बैठ सकते हैं या फिर 5 लोग सो सकते हैं। बस में एलईडी टीवी, फ्रिज, कॉफी वेंडिंग मशीन, एक वॉशरूम और एक पेंट्री है। एक्सटेंड की जाने वाली बस की कीमत 50 लाख है। इस सुविधा के बिना 15 से 20 लाख में बस मिल जाएगी।हॉल नंबर-14 में खड़ी टाटा की मैग्ना बस में टॉइलट, किचन, सीसीटीवी, दो टीवी और रीवर्स कैमरे भी हैं। 19 सीटें इकनॉमिक और 9 सीटें बिजनेस क्लास की हैं।

एक केमिकल टॉइलट भी है। खाना गर्म करने के लिए एक छोटे से किचन का भी इस्तेमाल कर सकेंगे। गेट के पास भी सीढ़ी जैसी व्यवस्था की गई है। इसकी कीमत 41 लाख रुपये से अधिक होगी।हॉल नंबर-11 में ही जेबीएम कंपनी ने 5 मिनट में चार्ज होने वाली इलेक्ट्रिक बस इको लाइफ लॉन्च की है।

फुल चार्ज होने के बाद बस 150 से 200 किलोमीटर तक चल सकती है। पेंटाग्राफ चार्जिंग अभी देश में नहीं है। बस में प्लगिंग चार्जिंग की भी व्यवस्था की है। इससे बैट्री एक से डेढ़ घंटे में फुल चार्ज होती है। बस में दो सीसीटीवी कैमरे के साथ ही हर सीट पर स्टॉप बटन दिया गया है।

हॉल नंबर-11 में ही अशोक लेलंड ने भी सर्किट एस नाम से इलेक्ट्रिक बस लॉन्च की है।बैट्री को चार्ज करने के लिए कहीं रुकने की जरूरत नहीं है। एक बार फुल चार्ज होने के बाद बस 50 किलोमीटर तक चल सकती है। बैटरी का चार्ज खत्म होने पर इंटरचेंज स्टेशन पर बैट्री बदल दी जाएगी। इसमें अधिकतम एक से 2 मिनट लगेंगे।

आधार बिना भी मिलेंगी जरूरी सुविधाएं : UIDAI

नई दिल्ली। आधार न होने पर अस्पताल के बाहर डिलिवरी जैसी खबरों के बाद आधार जारी करने वाले प्राधिकरण UIDAI ने एक बार फिर साफ किया है कि आधार न होने पर आवश्यक सुविधाएं देने से इनकार नहीं किया जा सकता। UIDAI ने कहा कि आधार ऐक्ट में साफ है कि आधार नंबर न होने और बूढ़े होने के कारण बायोमेट्रिक्स न मिलने पर भी सुविधाएं नहीं रोकी जा सकतीं।

एक बयान जारी करते हुए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने सरकारी विभागों, मंत्रालयों और राज्य सरकारों से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि कोई भी जरूरी सर्विस या फायदा किसी असल हकदार से आधार के कारण न रोका जाए।

आधार की अनिवार्यता ने हाल ही में तब तूल पकड़ा जब गुरुग्राम के एक सिविल अस्पताल में गर्भवती महिला को इमर्जेंसी वॉर्ड में नहीं ऐडमिट किया। कारण यह था कि महिला और उसके परिवारवाले आधार लाना भूल गए थे। महिला ने अस्पताल के बाहर ही बच्चे को जन्म दिया। अस्पताल में भर्ती ने करने वाले डॉक्टर और नर्स को बाद में सस्पेंड कर दिया गया।

UIDAI ने कहा, ‘हमने मीडिया में हाल के दिनों में रिपोर्ट हुए मामलों जिनमें आधार न होने पर जरूरी सुविधाएं देने से इनकार किया गया, को गंभीरता से संज्ञान में लिया है। लोअर स्टाफ द्वारा आधार न होने पर अस्पताल में भर्ती न करने जैसे मामलों से लोगों को काफी परेशानी हुई है। ऐसे मामलों के पीछे असल कारणों का हम पता लगा रहे हैं। जहां भी ऐसी घटनाएं हुई हैं वहां दोषियों पर सख्त ऐक्शन लिया जाएगा।’

UIDAI ने 24 अक्टूबर, 2017 को जारी सर्कुलर का हवाला देते हुए समझाया कि आधार न होने पर या आधार सत्यापन किसी कारण सफल न होने पर लाभार्थियों को सुविधाएं देने से जुड़ी गाइडलाइंस जारी हो चुकी हैं। प्राधिकरण ने कहा कि वह सभी राज्यों के मुख्य सचिवों को आधार ऐक्ट, 2016 के सेक्शन 7 को लागू करने के लिए पत्र भी भेज रहा है। सेक्शन 7 में प्रावधान है कि जरूरी सुविधाओं से इनकार नहीं किया जा सकता।

सूचना के अधिकार पर परिचर्चा कल, सूचना आयुक्त आत्मदीप होंगे मुख्य अतिथि

कोटा।  “हमारे लिए सूचना का अधिकार”  विषय पर परिचर्चा सोमवार को दोपहर 12 बजे एमबीएस हॉस्पिटल परिसर स्थित रेड क्रॉस सोसायटी सभागार में आयोजित की जाएगी। परिचर्चा में मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश के सूचना आयुक्त आत्मदीप पत्रकारों एवम नागरिकों से सूचना के अधिकार पर जनहित में खुला संवाद करेंगे।

जार के जिला महासचिव दिनेश माहेश्वरी ने बताया कि एनयूजेआई के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जार के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे सूचना आयुक्त आत्मदीप पत्रकारिता में कोटा को अपनी कर्मभूमि मानते हैं।  जार के प्रदेश अध्यक्ष नीरज गुप्ता, एनयूजेआई के सचिव धीरज गुप्ता तेज, रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव रिछपाल पारीक व जार के जिलाध्यक्ष हरिवल्लभ मेघवाल ने बताया कि इसमें शहर के प्रबुद्ध नागरिकों को आमंत्रित किया गया है.

इससे पहले शनिवार को मप्र के राज्य सूचना आयुक्त आत्मदीप का कोटा प्रवास पर राजस्थान वैश्य युवा महासम्मेलन, युवा महासम्मेलन के प्रदेश युवा अध्यक्ष मुकेश विजय, राजस्थान रक्तदाता समूह के अध्यक्ष सुरेंद्र अग्रवाल, पूर्व पार्षद लालचंद गुप्ता, वैश्य युवा महासम्मेलन के जिलाध्यक्ष रामबाबू गुप्ता सहित कार्यकर्ताओं ने केशवपुरा में सूचना आयुक्त का पुष्पहार से भव्य स्वागत किया।