Friday, July 24, 2026
Home Blog Page 4933

सैमसंग Galaxy A9 और Galaxy A7 5,000 रुपये तक सस्ते

नई दिल्ली। साउथ कोरियन स्मार्टफोन मेकर कंपनी सैमसंग के स्मार्टफोन सैमसंग गैलेक्सी A9 और सैमसंग गैलेक्सी A7 ऐमजॉन और फ्लिपकार्ट दोनों प्लेटफॉर्म्स पर डिस्काउंट के साथ उपलब्ध हैं। गैलेक्सी ए9 का 6GB RAM/128GB वेरियंट 36,990 रुपये में लॉन्च किया गया था। वहीं 8GB/128GB वेरियंट 39,990 रुपये में लॉन्च किया गया था।

अब इस स्मार्टफोन पर 5,000 रुपये का तगड़ा डिस्काउंट मिल रहा है। यानी अब यह स्मार्टफोन 6GB RAM/128GB वेरियंट 28,990 रुपये में और 8GB/128GB वेरियंट 31,990 रुपये में मिल रहा है।

फ्लिपकार्ट के साथ यह ऑफर ऐमजॉन पर भी मिल रहा है। अगर आप कंपनी की ऑफिशल वेबसाइट यह स्मार्टफोन खरीदते हैं तो आपको 3,000 रुपये का कैशबैक भी मिलेगा। वहीं अगर बात करें गैलेक्सी ए7 की तो यह स्मार्टफोन 23,990 रुपये की शुरुआती कीमत के साथ लॉन्च किया गया था।

अब इस स्मार्टफोन का 4GB/64GB रैम वेरियंट 17,990 रुपये और 6GB/128GB वेरियंट 21,990 रुपये में खरीद सकते हैं। गैलेक्सी ए9 में क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 660 प्रोसेसर दिया गया है। फोन को 6 जीबी रैम व 8 जीबी रैम के साथ 128 जीबी इनबिल्ट स्टोरेज वेरियंट में उपलब्ध कराया गया है।

फोन में एक माइक्रोएसडी कार्ड स्लॉट है जिसके जरिए स्टोरेज को 512 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। फोन दो नैनो सिम सपॉर्ट करता है। हैंडसेट में फास्ट चार्जिंग के साथ 3800mAh की बैटरी है। कनेक्टिविटी के लिए फोन में 4जी वीओएलटीई, वाई-फाई 802.11 एसी, ब्लूटूथ 5.0, यूएसबी टाइप-सी, एनएफसी और 3.5 एमएम हेडफोन जैक जैसे फीचर्स हैं।

सैमसंग ने अपने नए फोन में एक्सीलेरोमीटर, मैग्ननेटोमीटर, प्रॉक्सिमिटी सेंसर और आरजीबी लाइट सेंसर दिए हैं। हैंडसेट ऐंड्रॉयड 8.0 ओरियो बेस्ड सैमसंग एक्सपीरियंस 9.0 यूएक्स पर चलता है।

WhatsApp पर वॉयस कॉल को ऐसे करें रिकॉर्ड

नई दिल्ली। स्मार्टफोन से कॉलिंग करने के लिए अब आपको फोन में बैलेंस या अन्य कॉलिंग रिचार्ज की जरुरत नहीं रह गई है, ऐसा इसलिए क्योंकि WhatsApp ने अपने प्लेटफॉर्म पर वॉयस और वीडियो कॉलिंग की सुविधा उपलब्ध करा दी है। यूजर्स WhatsApp के जरिए अपने दोस्तों और परिवार वालों को वॉयस और वीडियो कॉल कर सकते हैं। हालांकि, इसके लिए आपको डाटा की जरुरत पड़ती है।

लेकिन क्या आपने कभी ये सोचा है कि जिस तरह आप वॉयस कॉल को रिकॉर्ड कर सकते हैं क्या उसी तरह आप WhatsApp वॉयस कॉल को भी रिकॉर्ड कर पाएंगे? वैसे तो WhatsApp ने इस तरह का कोई फीचर उपलब्ध नहीं कराया है, लेकिन कुछ ऐसी ऐप्स या तरीके जरुर मौजूद हैं जो एंड्रॉइड और आईफोन पर WhatsApp कॉल को रिकॉर्ड कर सकती हैं। आपको बता दें कि ये तरीके कुछ चुनिंदा डिवाइस पर ही काम करते हैं।

आईफोन पर ऐसे रिकॉर्ड करें WhatsApp कॉल:

  • अपने आइफोन को लाइटनिंग केबल की मदद से Mac से कनेक्ट करें।
  • इसके बाद Trust this computer विकल्प पर क्लिक करें।
  • यह विकल्प तब आएगा जब फोन को आप पहली बार कंप्यूटर से कनेक्ट कर रहे होंगे।
  • इसके बाद QuickTime को ओपन करें।
  • यहां दिए गए फाइल सेक्शन में न्यू ऑडियो रिकॉर्डिंग विकल्प दिखाई देगा।
  • यहां एक डाउन एरो दिखाई देगा। इस पर क्लिक कर iPhone को चुनें।
  • इसके बाद क्विकटाइम में रिकॉर्ड बटन पर क्लिक करें।
  • इसके बाद अपने फोन से अपने WhatsApp से कॉल लगाएं।
  • जैसे ही आप कनेक्ट हो जाएंगे तो यूजर आइकन को एड कर लें। अब जिस व्यक्ति से आप बात करना चाहते हैं उसे सेलेक्ट करें। इससे कॉल रिकॉर्ड होने लग जाएंगी।
  • कॉल खत्म होने के बाद क्विकटाइम में रिकॉर्डिंग को रोक दें और Mac में फाइल सेव कर दें।

एंड्रॉइड पर इस तरह रिकॉर्ड करें WhatsApp कॉल:

  • गूगल प्ले स्टोर पर जाकर Cube Call Recorder ऐप को डाउनलोड करना होगा। इसे इंस्टॉल कर WhatsApp पर जाएं।
  • इसके बाद उस व्यक्ति को कॉल लगाएं जिसकी कॉल आप रिकॉर्ड करना चाहते हैं।
  • कॉलिंग के दौरान आपकी स्क्रीन पर Cube Call विजेट दिखाई देगा। अगर आपके फोन में यह दिखाई देता है तो यह ऐप आपके फोन में काम कर रही है।
  • वहीं, अगर आपको किसी भी तरह का एरर शो होता है तो ऐप को दोबारा ओपन कर ऐप सेटिंग में जाकर वॉयस कॉल में Force VoIP पर क्लिक करना है।
  • इसके बाद दोबारा कॉल लगाएं। अगर अब भी यह विजेट आपके फोन में शो नहीं हो रहा है तो यह ऐप आपके फोन में काम नहीं करेगी।
  • अगर शो होती है तो आप कॉल रिकॉर्ड कर पाएंगे।
  • अगर आप कोई कॉल रिकॉर्ड कर रहे हैं तो दूसरे व्यक्ति को भी इसकी जानकारी अवश्य दें।

लोकसभा चुनाव: कालेधन के इस्तेमाल पर रहेगी इस विभाग की नजर

नई दिल्ली। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अपने फील्ड अधिकारियों से मुद्रा, शराब या सोने की गैरकानूनी तरीके से आवाजाही पर निगाह रखने को कहा है। लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल को होना है।

सीबीआईसी ने अपने कर अधिकारियों से तत्काल आधार पर अन्य सरकारी एजेंसियों से खुफिया सूचना और जब्ती की जानकारी साझा करने को कहा है। सात चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए अंतिम चरण का मतदान 19 मई को होगा।

वोटों की गिनती 23 मई को होगी। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड ने यह निर्देश निर्वाचन आयोग द्वारा बुलाई गई कई विभागों की बैठक के बाद आया है।

सीबीआईसी ने अपने निर्देश में कहा है कि गैरकानूनी धन, शराब और सोने के अलावा जाली भारतीय मुद्रा (एफआईसीएन) तथा नार्कोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सबस्टान्स (एनडीपीसी) को पकड़ने के प्रयास किए जाने चाहिए।

सीमापार से आने वाले वाहनों पर रहेगी नजर
घरेलू के अलावा सीमापार से वाहनों, ट्रेनों, निजी चार्टर्ड उड़ानों के अलावा वाणिज्यिक उड़ानों पर भी कड़ी निगरानी करने को कहा गया है। सीबीआईसी ने कहा कि आपके अधिकार क्षेत्र के तहत खुफिया इकाइयों को निर्देश दिया जाता है कि वे सूचनाएं जुटाएं और खुफिया जानकारी स्थापित करें। मोबाइल दल और विशेष टीमों का गठन किया जा सकता है, जिससे संवेदनशील क्षेत्रों, वस्तुओं और इकाइयों पर निगाह रखी जा सके।

कोटा रेलवे स्टेशन सौर ऊर्जा प्लांट से हर साल बचाएगा 28 लाख रुपये

कोटा। इंडियन रेलवे में बिजली की बचत के लिए नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। रेलवे ने ग्रीन एनर्जी प्रोजेक्ट के तहत सौर ऊर्जा प्लांट लगाने व प्लेटफार्म पर एलईडी लगाने काम शुरू कर दिया है। कोटा रेलवे स्टेशन पर भी बिजली बचत के लिए रूफ टॉप सोलर पावर प्लांट लगाया है। इससे रोज 2959 किलोवाट बिजली पैदा होगी।

प्लांट से रेलवे प्लेटफार्म, आरक्षण केन्द्र, डीआरएम ऑफिस, रेलवे हॉस्पिटल, निर्माण विभाग का कार्यालय, पार्सल ऑफिस, आरपीएफ ट्रेनिंग सेंटर सहित 10 कार्यालयों को बिजली मिलेगी। साथ ही हर साल 28 लाख 7 हजार 945 रुपए की बचत होगी।

रूफ टॉप सोलर पावर प्लांट से हर साल 10,80000 किलोवाट (1080 मेगावाट) बिजली बनेगी। रेलवे ने इसके लिए 25 जनवरी 2017 को अनुबंध किया था। सोलर प्लांट की लागत लगभग 6 करोड़ रुपए है। अब रेलवे स्टेशन, डीआरएम ऑफिस, रेलवे अस्पताल के आउटडोर व इनडोर में प्लांट से ही बिजली सप्लाई हो रही है।

अक्षय कुमार स्टारर ‘केसरी” ने तीन दिन में कमाए 50 करोड़ से भी ज्यादा

मुंबई। ऐक्टर अक्षय कुमार स्टारर ‘केसरी’ ने जहां रिलीज के पहले ही दिन 21 करोड़ की कमाई करते हुए रिकॉर्ड बनाया, वहीं तीन दिन के अंदर ही इस फिल्म ने 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली। यह फिल्म होली के मौके पर यानी 21 मार्च को रिलीज़ हुई थी और रिलीज़ के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर इसकी बंपर कमाई जारी है।

‘केसरी’ 1897 में लड़ी गई सारागढ़ी की लड़ाई की कहानी है। इसमें अक्षय कुमार ब्रिटिश आर्मी की 36वीं सिख रेजीमेंट के सिपाही ईशर सिंह के रोल में हैं। यह फिल्म न सिर्फ दर्शकों को पसंद आई, बल्कि फिल्म क्रिटिक्स ने भी फिल्म और इसके कलाकारों की ऐक्टिंग की खूब तारीफ की।

‘केसरी’ फिल्म ‘गोल्ड’ के बाद अक्षय की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म बन गई है। Boxofficeindia.com की एक रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को फिल्म ने 18.75 करोड़ रुपये की कमाई की। पिछले दिन यानी शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को इस फिल्म की कमाई में 12 फीसदी बढ़त देखी गई। तीन दिनों के अंदर ही यह फिल्म 56.75 करोड़ की कमाई करने में कामयाब रही है।

बता दें कि ‘केसरी’ को दुनियाभर में 4,200 स्क्रीन्स पर रिलीज़ किया गया था। भारत में यह 3,600 स्क्रीन्स पर रिलीज़ हुई थी। अक्षय कुमार के अलावा फिल्म में परिणीति चोपड़ा, जसप्रीत सिंह, विवेक सैन, मीर सरवर और विक्रम कोचर भी हैं। पहले इस फिल्म को सलमान खान और करण जौहर मिलकर प्रड्यूस करने वाले थे, लेकिन बाद में सलमान ने यह फिल्म छोड़ दी।

राजनीतिक समीकरण और FII के रुख से तय होगी बाजार की दिशा

नई दिल्ली। राजनीतिक समीकरण और FII के रुख से तय होगी आगामी सप्ताह शेयर बाजार की दिशा। डॉलर की तुलना में रुपए की स्थिति पर निवेशकों की नजर रहेगी। निवेशक इसके साथ ही आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बदलते राजनीतिक समीकरणों पर भी अपना ध्यान रखेंगे।

बीते सप्ताह रुपया डॉलर की तुलना में 15 पैसे मजबूत हुआ है। इस दौरान देश का विदेशी मुद्रा भंडार भी तेजी से बढ़ा। देश का विदेशी मुद्रा भंडार गत 15 मार्च को समाप्त सप्ताह में लगातार पांचवीं साप्ताहिक तेजी दर्ज करता हुआ 3.60 अरब डॉलर बढ़कर 405.63 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

29 मार्च को वित्तीय घाटे के आंकड़े जारी होने हैं, जिसका असर शेयर बाजार पर रहेगा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों का असर भी शेयर बाजार पर रहेगा। ब्रेंट क्रूड वायदा फिलहाल 70 डॉलर प्रति बैरल से नीचे बना हुआ, जिससे निवेश धारणा को मजबूती मिली है। जापान के आर्थिक आंकड़े पर भी निवेशकों की नजर रहेगी।

निवेशक इसके साथ ही आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बदलते राजनीतिक समीकरणों पर भी अपना ध्यान रखेंगे। कई राजनीतिक दलों ने बीते सप्ताह कई लोकसभा सीटों के लिए अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।

विश्लेषकों के मुताबिक अगली बार भी नरेंद्र मोदी की सरकार के सत्ता में वापस आने की अधिक संभावना को देखते हुए विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी घरेलू शेयर बाजार में बढ़ी हुई है और इसी वजह से इसमें लगातार पांचवें सप्ताह तेजी रही है। हालांकि, बाजार में बीते सप्ताह मुनाफावसूली भी हावी रही जिससे इसमें अपेक्षाकृत कम तेजी रही।

कंगना बनीं सबसे महंगी एक्ट्रेस, इस फिल्म के लिए चार्ज करेंगी 24 करोड़

नई दिल्ली।बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रानौत तमिलनाडु की सीएम रही जयललिता (की बायोपिक थलाइवी के लिए 24 करोड़ रुपए फीस चार्ज कर रही हैं। इसी के साथ कंगना बॉलीवुड की सबसे महंगी एक्ट्रेस बन गई हैं। इस बात का खुलासा 23 मार्च को कंगना के जन्मदिन पर हुआ।

फिल्म का निर्देशन ए.एल. विजय कर रहे हैं। विजय दक्षिण भारतीय फिल्मों के सबसे कामयाब निर्देशकों में गिने जाते हैं। इसके अलाव इस फिल्म को बाहुबली और मणिकर्णिका फेम केवी विजेंद्र लिख रहे हैं। फिल्म को हिंदी और तमिल में बनाया जाएगा।

फिल्म को लेकर उनके जन्मदिन के मौके पर फिल्म के निर्माताओं ने उसके साथ फिल्म को लेकर कॉन्ट्रैक्ट साइन कर लिया है। इसके अलावा खबर ये भी है कि विद्या बालन और ऐश्वर्या राय बच्चन को भी इस फिल्म में मुख्य भूमिका के लिए कहा गया था। लेकिन निर्माताओं ने अब इस बात की पुष्टि की है कि कंगना रनौत ही इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाएंगी।

साल 2017 में इंटरनेशनल स्टार प्रियंका चोपड़ा बॉलीवुड की सबसे ज्यादा फीस लेने वाली अभिनेत्रियों में टॉप पर थीं। इसके बाद उनसे यह खिताब दीपिका पादुकोण ने छीन लिया था। खबरों की मानें तो दीपिका पादुकोण को फिल्म पद्मावत के लिए 11 से 12 करोड़ रुपये के बीच फीस दी गई थी. इसके बाद दीपिका को कंगना ने रिप्लेस कर दिया है और अब वह बॉलीवुड की सबसे महंगी एक्ट्रेस बन चुकी हैं।

मोदी सरकार ने अब पाकिस्तान को लगाया 700 करोड़ रुपए का चूना

नई दिल्ली। केंद्र की मोदी सरकार ने चालू वित्त वर्ष में 80,000 करोड़ रुपए के विनिवेश का लक्ष्य पूरा कर लिया है। चालू वित्त वर्ष 2018-19 में सरकार ने विनिवेश से अब तक 85,000 करोड़ रुपए जुटा लिए हैं। इसकी जानकारी वित्त मंत्री अरुण जेटली ने शुक्रवार को दी थी। इस लक्ष्य को पूरा करने में पाकिस्तानी का भी बड़ा सहयोग है।

चालू वित्त वर्ष में 85000 करोड़ रुपए के विनिवेश के लक्ष्य को पूरा करने में शत्रु शेयर का भी बड़ा सहयोग है। शत्रु शेयरों के जरिए सरकार ने 700 करोड़ रुपए जुटाए हैं। भारत में करीब 3000 करोड़ रुपए के शत्रु शेयर हैं। यह शेयर भारतीय शेयर बाजारों में पंजीकृत विभिन्न कंपनियों में हैं।

केंद्रीय कैबिनेट ने नवंबर 2018 में इन शत्रु शेयरों को बेचने का फैसला किया था। डिपार्टमेंट ऑफ इंवेस्टमेंट एंड पब्लिक एसेट मैनेजमेंट की ओर से इन शेयरों को बेचा जा रहा है। इसी में से 700 करोड़ रुपए के शत्रु शेयरों को बेचा गया है।

इसके अलावा 85,000 करोड़ रुपए के विनिवेश के लक्ष्य को पूरा में सीपीएसई का भी बड़ा योगदान है। सीपीएसई के विनिवेश के जरिए सरकार को 10,600 करोड़ रुपए मिले हैं। केंद्र सरकार ने अगले वित्त वर्ष 2019-20 के लिए विनिवेश का लक्ष्य 90,000 करोड़ रुपए तय किया गया है।

क्या होता है शत्रु संपत्ति और शत्रु शेयर
बंटवारे के बाद पाकिस्तान में जा बसे लोगों और 1962 के युद्ध के बाद चीन चले गए लोगों की भारत में स्थित संपत्ति को शत्रु संपत्ति कहा जाता है। 1968 में संसद द्वारा पारित शत्रु संपत्ति अधिनियम के बाद इन संपत्तियों पर भारत संरकार का कब्जा हो गया था। तब से इन संपत्तियों की देखभाल गृह मंत्रालय कर रहा था। देश के कई राज्यों में शत्रु संपत्ति फैली हुई है।

2017 में सरकार ने शत्रु संपत्ति अधिनियम में बदलाव कर इन लोगों का संपत्ति से अधिकार खत्म कर दिया था। इसके अलावा पाकिस्तान और चीन जा बसे इन लोगों की ओर से भारतीय शेयर बाजारों में किए गए निवेश को शत्रु शेयर कहा जाता है। भारत में करीब 3000 करोड़ रुपए के शत्रु शेयर हैं।

अप्रैल-फरवरी में सोने का आयात 5.5 प्रतिशत घटकर 29.5 अरब डॉलर

नयी दिल्ली।देश का सोने का आयात चालू वित्त वर्ष की अप्रैल से फरवरी की अवधि में 5.5 प्रतिशत घटकर 29.5 अरब डॉलर रह गया। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। इससे पिछले वित्त वर्ष यानी 2017-18 की समान अवधि में सोने का आयात 31.2 अरब डॉलर रहा था। विशेषज्ञों ने कहा कि वैश्विक बाजार में सोने की कीमतों में नरमी की वजह से आयात में गिरावट आई है।

चालू वित्त वर्ष में लगातार तीन महीनों अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर, 2018 में सोने का आयात घटा था। उसके बाद जनवरी, 2019 में यह 38.16 प्रतिशत बढ़कर 2.31 अरब डॉलर पर पहुंच गया। फरवरी में यह फिर 10.8 प्रतिशत घटकर 2.58 अरब डॉलर रह गया। भारत दुनिया में सोने के सबसे बड़े आयातक देशों में है। आयात के जरिये देश के आभूषण उद्योग की मांग को पूरा किया जाता है।

चालू वित्त वर्ष के पहले 11 माह में रत्न एवं आभूषण निर्यात भी 6.3 प्रतिशत घटकर 28.5 अरब डॉलर रह गया। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में चालू खाते का घाटा (कैड) बढ़कर सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 2.9 प्रतिशत हो गया जो एक साल पहले समान अवधि में 1.1 प्रतिशत था। मात्रा के हिसाब से देश का सोने का आयात 2017-18 में 22.43 प्रतिशत बढ़कर 955.16 टन पर पहुंच गया। 2016-17 में यह 780.14 टन था।