Thursday, July 23, 2026
Home Blog Page 4927

6GB रैम और 24.8 MP सेल्फी कैमरे के साथ Vivo S1 लॉन्च

नई दिल्ली।चीन की स्मार्टफोन कंपनी वीवो ने अपनी S सीरीज का पहला स्मार्टफोन Vivo S1 लॉन्च कर दिया है। इस नए फोन में 6.53 इंच डिस्प्ले, 6GB रैम और 24.8 मेगापिक्सल सेल्फी कैमरे जैसी कई खूबियां दी गई हैं। चीन में वीवो की वेबसाइट पर इसे लिस्ट किया गया है, जहां पर इसकी प्री-बुकिंग 1 अप्रैल से और बिक्री 3 अप्रैल से शुरू होगी। यह जबरदस्त फोन आइस लेक ब्लू और पेट पिंक कलर में उपलब्ध होगा। जानें, फोन के स्पेसिफिकेशन्स और कीमत…

Vivo S1 के स्पेसिफिकेशन्स
Vivo S1 में 6.53 इंच का फुल-एचडी+ आईपीएस डिस्प्ले दिया गया है जिसका रेजॉलूशन 1080×2340 पिक्सल है। इसका आस्पेक्ट रेशियो 19.5:9 और स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो 90.95 प्रतिशत है। ऐंड्रॉयड 9 पाई बेस्ड फनटच ओएस 9 पर चलने वाले इस फोन में ऑक्टा-कोर मीडियाटेक हीलियो पी70 प्रोसेसर के साथ माली-जी72 जीपीयू दिया गया है।

फोन में 6GB रैम और 128GB की स्टोरेज दी गई है जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए 256GB तक बढ़ाया जा सकता है। बात की जाए कैमरे की तो इसमें ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें एफ/1.78 अपर्चर वाला 12 मेगापिक्सल प्राइमरी सेंसर, एफ/2.2 अपर्चर वाला 8 मेगापिक्सल का सेकेंडरी सेंसर और 5 मेगापिक्सल का एक तीसरा सेंसर दिया गया है जिसका अपर्चर एफ/2.4 है। सेल्फी और विडियो कॉलिंग के लिए फोन में 25 मेगापिक्सल का पॉप-अप फ्रंट कैमरा दिया गया है, जिसका अपर्चर एफ/2.0 है।

फोन में 3,940 एमएएच की बैटरी दी गई है, साथ ही सिक्यॉरिटी के लिए बैक पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। कनेक्टिविटी के लिए फोन में वाई-फाई, ब्लूटूथ, यूएसबी-ओटीजी, जीपीएस और ग्लोनॉस जैसे फीचर्स दिए गए हैं। चीन में Vivo S1 की कीमत 2,298 चीनी युआन (करीब 23,580 रुपये) है। भारत में इस स्मार्टफोन को कब लॉन्च किया जाएगा, फिलहाल इस बारे में कंपनी ने कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

मुकेश गुप्ता SSI एसोसिएशन के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित

कोटा। दी एसएसआई एसोसिएशन के वर्ष 2020-2021 के अध्यक्ष पद पर मुकेश गुप्ता निर्विरोध निर्वाचित हुए। मुख्य चुनाव अधिकारी देवेन्द्र जैन, सुरेश बंसल एवं विपिन सूद ने बताया कि एसोसिएशन की चुनाव प्रक्रिया के तहत 2020-2021 अध्यक्ष पद के लिये एक ही फार्म भरा गया। जिसमें मुकेश गुप्ता को निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित कियाा गया। जो 01 अप्रेल 2020 को अपना कार्यभार संभालेंगे।

इस अवसर पर कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा कि इतनी बड़ी संस्था में निर्विरोध निर्वाचन होना एक स्वस्थ एवं स्वच्छ परम्परा है। पिछले 35 वर्षों से इस संस्था में निर्विरोध चुनाव होते आ रहे हैं। जो अपने आप में एक मिसाल है। एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष गोविन्द राम मित्तल ने निर्वाचित अध्यक्ष को बधाई देते हुए सभी सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन में सहयोग देने पर आभार व्यक्त किया।

निवर्तमान अध्यक्ष बीएल गुप्ता एवं सचिव अमित बंसल ने सभी सदस्यों द्वारा उनके कार्यकाल को सफल बनाने में सहयोग देने पर आभार व्यक्त किया एवं निर्वाचित अध्यक्ष को बधाई देते हुए उम्म्मीद जताई कि मुकेश गुप्ता पूर्व में उपाध्यक्ष एवं सचिव पद पर बेहतरीन कार्य कर चुके हैं और आने वाले समय में एसोसिएशन को नई ऊंचाइयां प्रदान करेंगे।

निर्यात मांग बढ़ने से ग्वारगम वायदा कीमतों में तेजी

नयी दिल्ली।हाजिर बाजार में निर्यात मांग बढ़ने के बीच वायदा कारोबार में बुधवार को ग्वारगम की कीमत 58 रुपये की तेजी के साथ 9,072 रुपये प्रति क्विन्टल हो गई। एमसीएक्स में ग्वारगम के अप्रैल महीने में डिलिवरी वाले अनुबंध की कीमत 58 रुपये अथवा 0.64 प्रतिशत की तेजी के साथ 9,072 रुपये प्रति क्विन्टल हो गई।

इसमें 29,005 लॉट के लिए कारोबार हुआ। ग्वारगम के सर्वाधिक सक्रिय मई महीने में डिलिवरी वाले अनुबंध की कीमत 62 रुपये अथवा 0.68 प्रतिशत की तेजी के साथ 9,188 रुपये प्रति क्विन्टल हो गई। इसमें 36,160 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

दूसरे दिन भी घटे सोने के दाम, चांदी में उछाल, जानिए आज की कीमत

नई दिल्ली/ कोटा । वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं में रही गिरावट के बीच स्थानीय जेवराती ग्राहकी की सुस्ती से दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना लगातार दूसरे दिन फिसलता हुआ 110 रुपए उतरकर 33,060 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। हालांकि, इस दौरान औद्योगिक मांग आने से चांदी 20 रुपए चढ़कर 39,120 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में लंदन का सोना हाजिर 1.45 डॉलर गिरकर 1,314.75 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। अप्रैल का अमेरिकी सोना वायदा भी 0.70 डॉलर उतरकर 1,314.30 डॉलर प्रति औंस बोला गया।

विदेशी बाजारों में चांदी हाजिर 0.05 डॉलर गिरकर 15.36 डॉलर प्रति औंस पर रही। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के मजबूत होने से पीली धातु की चमक फीकी पड़ी है।

वैश्विक गिरावट के बीच घरेलू स्तर पर ग्राहकी घटने से सोना स्टैंडर्ड 110 रुपए फिसलकर 33,060 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट के साथ 32,890 रुपए प्रति दस ग्राम बोला गया। आठ ग्राम वाली गिन्नी 26,400 रुपए पर टिकी रही।

औद्योगिक मांग आने से चांदी हाजिर 20 रुपए की तेजी में 39,120 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी वायदा हालांकि 80 रुपए उतरकर 38,285 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। इस दौरान सिक्का लिवाली और बिकवाली 80 हजार और 81 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर टिके रहे।

कोटा सर्राफा
चांदी 39000 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 33000 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38500 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 33170 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38700 रुपये प्रति तोला।

सेंसेक्स 101अंक फिसल कर 38,132 पर बंद

नई दिल्ली। शेयर बाजार बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएई) के 31 कंपनियों के शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 100.53 अंकों (0.26%) की गिरावट के साथ 38,132.88 पर बंद हुआ। वहीं नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 38.20 अंकों (0.33%) की गिरावट के साथ 11,445.05 पर बंद हुआ।

शेयर मार्केट में दिनभर रहा उतार-चढ़ाव का दौर
दिनभर के कारोबार में सेंसेक्स ने 38,475.93 का ऊपरी स्तर, तो 38,001.34 का निचला स्तर छुआ। वहीं, निफ्टी ने 11,546.20 का ऊपरी स्तर और 11,413.00 का निचला स्तर छुआ। बीएसई पर 10 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर तो 21 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर बंद हुए। एनएसई पर 16 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर तो 34 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।

शुरुआत में शेयर मार्केट में रही तेजी
भारतीय शेयर बाजार सुबह तेजी के साथ खुला हुए। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 145.37 अंक उछलकर 38,362 पर खुला। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का सूचकांक निफ्टी 34.55 अंकों की तेज बढ़त के साथ 11,517 पर खुला।

इन शेयरों मे रही तेजी
बीएसई पर यस बैंक के शेयर में 5.62%, इंडसइंड बैंक में 5.27%, एसबीआई में 1.57%, बजाज ऑटो में 1.18% और वेदांता लिमिटेड में 1.12% की तेजी दर्ज की गई। NSE पर यस बैंक के शेयर में 5.87%, इंडसइंड बैंक में 5.68%, इंडियाबुल हाउजिंग फाइनैंस में 2.78%, जेसडब्ल्यू स्टील में 1.71% और SBI के शेयर में 1.48% की तेजी देखी गई।

इन शेयरों में रही गिरावट
बीएसई पर एनटीपीसी के शेयर में 2.25%, टाटा मोटर्स में 1.85%, भारती एयरटेल में 1.49%, पावरग्रिड में 1.36% और एचडीएफसी के शेयर में 1.30% की गिरावट देखी गई। एनएसई पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम के शेयर में 2.82%, एनटीपीसी में 2.70%, टाटा मोटर्स में 1.94%, भारती एयरटेल में 1.89% और आयशर मोटर्स के शेयर में 1.67% की गिरावट दर्ज की गई।

बड़ी कंपनियों के लिए बैंक लोन की नई लिमिट तय

मुंबई। बिजनस ग्रुप की कंपनियों को 1 अप्रैल से रिजर्व बैंक की एक कंपनी के लिए बैंक लोन की तय सीमा से तालमेल बिठाना होगा। नए रूल्स की वजह से रिलायंस, टाटा, बजाज और आदित्य बिड़ला ग्रुप की कंपनियों को फंड जुटाने के लिए बैंकों के अलावा दूसरे जरिये तलाशने होंगे। आरबीआई ने नए नियम में कहा है कि जिन कंपनियों पर 10 हजार करोड़ से अधिक का कर्ज है, वे उससे ऊपर की 50 पर्सेंट रकम का इंतजाम बॉन्ड या शेयर बाजार से करें।

बैंकों का जोखिम घटाने का प्रयास
रिजर्व बैंक ने बैंकिंग सिस्टम का जोखिम घटाने के लिए यह नियम बनाया है। उसका मानना है कि एक ही ग्रुप की कंपनियों को अधिक कर्ज दिए जाने से बैंकों के लिए जोखिम काफी बढ़ गया है। रिजर्व बैंक ने इस रिस्क को घटाने की शुरुआत वित्त वर्ष 2017-18 में की थी। उस समय उसने एक एंटिटी के लिए 25 हजार करोड़ की लिमिट तय की थी। वित्त वर्ष 2018-19 में इसे घटाकर 15 हजार करोड़ रुपये किया गया और नए वित्त वर्ष से इसे 10 हजार करोड़ किया जा रहा है।

60 कंपनियों पर नए नियम का असर
क्रिसिल रेटिंग्स के सीनियर डायरेक्टर सोमशेखर वेमुरी ने बताया कि इस नियम का असर 60 बड़ी कंपनियों पर होगा, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि ये सारी कंपनियां बाजार से फंड जुटाने में सक्षम हैं। वेमुरी ने कहा, ‘ऐसी कंपनियों की संख्या 60 है और उन्हें इन्वेस्टमेंट ग्रेड से ऊपर की रेटिंग मिली हुई है।’ इसलिए मार्केट से फंड जुटाने में उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी। उन्होंने यह भी बताया कि सिंगल एंटिटी के लिए अधिकतम कर्ज की सीमा में पिछले दो वित्त वर्ष से कमी की जा रही थी। इसलिए उन्हें नहीं लगता कि कंपनियों पर इसका कोई असर होगा।

बैंकों पर सख्ती
रिजर्व बैंक ने कहा है कि अगर बैंकों ने किसी कंपनी को कर्ज देने के साथ उसके बॉन्ड भी खरीदे हैं तो ओवरऑल लिमिट में उसे भी जोड़ा जाएगा। अगर बॉन्ड के साथ कर्ज की रकम रिजर्व बैंक की तय सीमा से अधिक होती है तो बैंकों को उसे मार्च 2021 तक तय लिमिट के अंदर लाना होगा।

आसानी से लागू होगा नियम
बैंकों ने बताया कि रिजर्व बैंक सिलसिलेवार ढंग से इस रूल को लागू कर रहा है। इसलिए बैंकिंग सिस्टम में इससे उथलपुथल नहीं मचेगी। ऐक्सिस बैंक के चीफ फाइनैंशल ऑफिसर जयराम श्रीधरन ने कहा, ‘कई कंपनियां काफी लंबे समय से मार्केट से फंड जुटा रही हैं। इनमें स्टील, इन्फ्रास्ट्रक्चर और टेलिकॉम सेक्टर की सरकारी और निजी क्षेत्र की कंपनियां शामिल हैं। वे फंड जुटाने के तरीके को पहले ही बदल चुकी हैं और इसे जारी रखेंगी। बैंक भी इन कंपनियों से जुड़े एक्सपोजर में बदलाव करेंगे।’

तेजी के साथ खुले बाजार, सेंसेक्स 181 अंक उछला निफ्टी 11,531 पर

मुंबई। मंगलवार को तेजी के साथ बंद हुआ शेयर बाजार बुधवार को उछाल के साथ खुला। बॉम्बे स्टॉक मार्केट (बीएसई) के 31 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 138.62 अंक (0.36%) की तेजी के साथ 38,372.03 पर खुला। वहीं, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 शेयरों का सूचकांक निफ्टी 48.20 अंक (0.42%) मजबूत होकर 11,531.45 पर खुला।

9:22 बजे सेंसेक्स के 26 शेयरों में खरीदारी हो रही थी जबकि 4 शेयर टूट गए थे। वहीं, निफ्टी के 37 शेयरों में तेजी आई थी जबकि शेष 13 शेयरों में गिरावट देखी गई।इस दौरान सेंसेक्स के जिन शेयरों में तेजी देखी गई, उनमें यूको बैंक (6.54%), आईसीआईसी प्रुडेंशल (4.89%) एचसीसी (4.54%), गोदरेज (4.15%) और वॉक फार्मा (3.97%) टॉप 5 में शामिल रहे।

वहीं, निफ्टी के टॉप 5 गेनर्स में इंडियन ऑइल (1.03%), ऐक्सिस बैंक (0.48%), एसबीआई (0.43%), जेएसडब्ल्यू स्टील (0.37%) और यस बैंक (0.37%) शामिल रहे।9:28 बजे तक सेंसेक्स पर आरकॉम के शेयर 4.99%, प्रेस्टिज के 3.19%, सेरा के 2.95%, जुबिलैंट के 2.92% और मैग्मा के शेयर 2.07% के शेयर तक टूट गए।

निफ्टी के कमजोर हुए शेयरों में टेक महिंद्रा 2.53%, इंडियन ऑइल 1.46%, यूपीएल 1.07%, इन्फोसिस 1.01% और विप्रो 0.60% तक टूट गए। 9:31 बजे सेंसेक्स 181.16 अंक (0.47%) की तेजी के साथ 38,414.57 जबकि निफ्टी 47.95 अंक (0.42%) मजबूत होकर 11,531.20 पर आ चुका था।

टैक्स चोरी 1 अप्रैल से बंद, फेसबुक पर भी IT की नजर

नई दिल्ली। आगामी वित्त वर्ष से टैक्स चुराने वालों की शामत आने वाली है, क्योंकि सरकार कुछ ऐसे उपाय आजमा रही है, जिससे टैक्स चोरी का पता आसानी से चल सकेगा। एक अप्रैल से कर अधिकारी करदाताओं पर हर तरफ से निगरानी रखेंगे। इससे उन लोगों की शामत आने वाली है, जिनकी आमदनी खर्च के हिसाब से मेल नहीं खाएगी।

अहम बात यह है कि भारत जैसे देश में आखिर यह सब संभव कैसे होगा, जहां लोगों द्वारा इनकम टैक्स से जुड़े नियमों का पालन नहीं करना सरकार के लिए बड़ा सिरदर्द है।दरअसल, यह सब संभव होगा इंटर प्रॉजेक्ट इनसाइट से, जो बिग डेटा पर आधारित टैक्स ट्रैकर है। इसे तैयार करने में कई साल लगे हैं और 1,000 करोड़ रुपये की लागत आई है।

प्रॉजेक्ट के तहत, सरकार गैर-पारंपरिक, लेकिन बेहद प्रभावी, सूचना के स्रोतों का इस्तमेाल करेगी। कर चोरी का पता लगाने के लिए सरकार के पास टूल्स के रूप में अब तक बैंक जैसे पारंपरिक स्रोत ही थे। लेकिन सरकार की योजना अब न केवल पारंपरिक स्रोतों, बल्कि फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल साइटों से भी वर्चुअल सूचनाएं इकट्ठा करने की है।

विभिन्न रिपोर्ट के मुताबिक, आयकर विभाग ने अपने अधिकारियों को 15 मार्च से इनसाइट पोर्टल एक्सेस करने की मंजूरी दे दी है। इसलिए, अगर आप सोशल मीडिया पर विदेश में मनाई गई छुट्टियां या नई कार के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट करते हैं और इनकम टैक्स रिटर्न में इनकी जानकारी नहीं देते हैं, तो समझिए आपकी शामत आने वाली है।

ऐसी स्थिति में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट आपकी आमदनी और खर्च के बीच मिस्मैच का पता लगाने के लिए बिग डेटा का इस्तेमाल कर सकती है। अगर किसी तरह का मिस्मैच पाया गया तो विभाग आपके घर या ऑफिस में छापेमारी कर सकता है।

यह प्रॉजेक्ट एक अप्रैल से काम करना शुरू कर देगा। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने कई तरह के उपाय किए हैं, जो आने वाले समय में टैक्स की चोरी को लगभग असंभव बना देगा। इस प्रक्रिया में टैक्सपेयर की एक कंप्लीट प्रोफाइल बनेगी, ताकि उसकी टैक्स देनदारी का पता चल सके। इस प्रॉजेक्ट का मूल लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को आयकर के दायरे में लाना है।

‘शिक्षा वाणी’ ऐप : पैरंट्स को सीधे मिलेगा बच्चों का अपडेट

नई दिल्ली। स्टूडेंट्स और पैरंट्स को जरूरी डीटेल्स से अपडेट रखने के लिए सीबीएसई ने नया पॉडकास्ट ऐप लॉन्च किया है। इस ऐप का नाम ‘शिक्षा वाणी’ है। इस ऐप के जरिए पैरंट्स और स्टूडेंट्स को परीक्षा और इवैल्युएशन से जुड़ी जरूरी जानकारियां दी जाएंगी।

बोर्ड ने पॉडकास्ट की सुविधा लोगों को सही और जरूरी जानकारियां देने के लिए शुरू की है। इन पॉडकास्ट्स के जरिए लोगों को अकैडमिक्स, ट्रेनिंग और एग्जाम से जुड़ी जरूरी जानकारियां दी जाएंगी। यह ऐप प्ले स्टोर पर ऐंड्रॉयड यूजर्स लिए उपलब्ध है।

यहां रजिस्टर्ड यूजर्स को नई जानकारी के साथ ऑडियो और विडियो फाइल मिल जाएंगी। इन्हें सीबीएसई द्वारा अपलोड किया जाएगा। शिक्षा वाणी ऐप में स्टूडेंट्स, पैरंट्स और प्रिंसिपल्स के लिए अलग-अलग सेक्शन हैं।

इसके अलावा एक ‘रिसेन्ट’ का टैब भी होगा जिसमें लेटेस्ट ऑडियो/ विडियो मिलेंगे। अभी ऐप सिर्फ रजिस्टर्ड यूजर्स, जैसे स्टूडेंट्स, टीचर्स, अफसर, पैरंट्स आदि के लिए उपलब्ध है।

सेमसंग गैलेक्सी A70 सुपर एमोलेड डिस्प्ले के साथ होगा लॉन्च

नई दिल्ली। कोरियाई कंपनी Samsung ने अपने Samsung Galaxy A सीरीज के एक और स्मार्टफोन Samsung Galaxy A70 की घोषणा कर दी है। इस स्मार्टफोन का लुक और डिजाइन इस सीरीज के पिछले दिनों लॉन्च हुए स्मार्टफोन Samsung Galaxy A50 से मिलता है। इस स्मार्टफोन को सैमसंग के 10 अप्रैल के होने वाले इवेंट में लॉन्च किया जा सकता है।

Samsung Galaxy A सीरीज के तीन स्मार्टफोन्स Samsung Galaxy A10, Samsung Galaxy A30 और Samsung Galaxy A50 पहले से ही भारत में लॉन्च किए जा चुके हैं। Samsung Galaxy A सीरीज को चीनी स्मार्टफोन कंपनियों के बजट और मिड रेंज के स्मार्टफोन्स को चुनौती देने के लिए पेश किया गया है।

Samsung Galaxy A70 को कुछ समय पहले ही सर्टिफिकेशन वेबसाइट TENAA पर स्पॉट किया गया था। इस स्मार्टफोन के फीचर्स की बात करें तो इसमें 6.7 इंच का इनफिनिटी यू डिस्प्ले दिया गया है। फोन में सुपर AMOLED डिस्प्ले फुल एचडी प्लस के साथ दिया गया है। फोन में Samsung Galaxy A50 की तरह ही इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गय है।

फोन में Samsung Galaxy A50 की तरह ही ट्रिपल रियर कैमरा फीचर दिया गया है। इसमें प्राइमरी सेंसर 32 मेगापिक्सल का दिया गया है। जबकि दो अन्य सेंसर 8 मेगापिक्सल और और 5 मेगापिक्सल्स के दिए गए हैं। फोन के फ्रंट में भी 32 मेगापिक्सल का सेल्फी शूटर दिया गया है।

फोन के प्रोसेसर के बारे में फिलहाल जानकारी नहीं है। फोन स्नैपड्रैगन या फिर Exynos के लेटेस्ट प्रोसेसर के साथ लॉन्च किया जा सकता है। फोन में 4,500 एमएएच की दमदार बैटरी दी गई है। फोन कोरल, ब्लैक, ब्लू और व्हाइट कलर ऑप्शन्स में लॉन्च किया जा सकता है। फोन 25 वाट के सुपर फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करता है। फोन एंड्रॉइड 9 पाई ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है।

सैमसंग के अप्रैल 10 इवेंट में Samsung Galaxy A60, Galaxy A70 और Galaxy A90 लॉन्च किया जा सकता है। फोन 6GB और 8GB रैम ऑप्शन्स के साथ लॉन्च किया जा सकता है। इसमें 128GB की इंटरनल स्टोरेज दी गई है जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए 512GB तक बढ़ाई जा सकती है।