Saturday, July 18, 2026
Home Blog Page 4899

कारोबार में सुस्ती से चांदी सस्ती, सोने में सुधार, जानिए आज के दाम

नई दिल्ली/कोटा । दिल्ली सर्राफा बाजार में सुस्त कारोबार के बीच शनिवार को सोना 20 रुपए चमककर 32,790 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। चांदी 30 रुपए की मामूली गिरावट में 38,500 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव बिकी। विदेशी बाजारों में सप्ताहांत पर शुक्रवार को पीली धातु में नरमी रही।

लंदन का सोना हाजिर 1.25 डॉलर टूटकर 1,291.35 डॉलर प्रति औंस रह गया। हालांकि, भविष्य में दाम बढ़ने की उम्मीद में जून का अमेरिकी सोना वायदा 1.60 डॉलर की बढ़त में 1,294.30 डॉलर प्रति औंस बोला गया।

कारोबारियों ने बताया कि सर्राफा बाजार में शनिवार को कारोबार सुस्त रहा, लेकिन घरेलू स्तर पर डॉलर की तुलना में रुपए में सप्ताहांत पर रही नरमी के कारण स्थानीय बाजार में सोने की कीमत बढ़ी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चांदी हाजिर शुक्रवार को 0.03 डॉलर लुढ़ककर 15.09 डॉलर प्रति औंस रह गई थी। स्थानीय बाजार में सोना लगातार दूसरे दिन मजबूत हुआ।

सोना स्टैंडर्ड 20 रुपए चमककर 32,790 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी में 32,620 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 26,400 रुपए पर टिकी रही।

ग्राहकी उतरने से चांदी में नरमी रही। चांदी हाजिर 30 रुपए टूटकर 38,500 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई। चांदी वायदा भी 10 रुपए की नरमी के साथ 37,520 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली गत दिवस के क्रमश: 80 हजार और 81 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर अपरिवर्तित रहे।

कोटा सर्राफा
चांदी 38500 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 32750 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38200 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 32910 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38390 रुपये प्रति तोला।

अब 5.82 लाख रुपए सस्ते मिलेंगे नए घर, नया नियम 1 अप्रैल से लागू

0

नई दिल्ली। 1 अप्रैल 2019 से देश में कई नए नियम लागू हो चुके हैं। इनमें जीएसटी से जुड़ा एक नया नियम भी शामिल है। दरअसल जीएसटी काउंसिल ने अंडर कंस्ट्रक्शन फ्लैट्स पर कर की दर 12 फीसदी से घटाकर 5 फीसदी और 45 लाख रुपए तक के किफायती घरों पर कर की दर घटाकर 1 फीसदी कर दी गई है। इन नई दरों के लागू होने के बाद घर खरीदने वालों को लिए यह सुनहरा मौका है।

अंडर कंस्ट्रक्शन फ्लैट्स और किफायती घरों पर जीएसटी की दर कम होने का सबसे ज्यादा फायदा पहली बार घर खरीदने वालों को होगा। अंतरिक्ष इंडिया ग्रुप के सीएमडी राकेश यादव के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति पहली बार अंडर कंस्ट्रक्शन फ्लैट खरीद रहा है तो अब उसे 5 फीसदी की दर से जीएसटी देना होगा।

इससे 45 लाख रुपए का फ्लैट खरीदने पर 3.15 लाख रुपए की सीधी बचत होगी। साथ ही पहली बार घर खरीदने पर प्रधानमंत्री आवासीय योजना के तहत होम लोन पर 2.67 लाख रुपए की सब्सिडी भी मिलेगी। इस तरह घर खरीदने वाले को सीधे 5.82 लाख रुपए की बचत होगी।

बिना कोचिंग पहले ही प्रयास में श्रृष्टि ने किया आईएएस में टॉप, जानिए कैसे

नई दिल्ली।पहले ही प्रयास में न सिर्फ देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा यूपीएससी में न केवल चयन होना बल्कि टॉपर आना दुर्लभ मामले होते हैं। यह तब और अहम हो जाता है जब कोई कोचिंग तक न ली हो। भोपाल की श्रृष्टि देशमुख ने ऐसा ही कर दिखाया है। श्रृष्टि से बात की और जाना कामयाबी के सीक्रेट गुर… सबसे अहम बात यह है सृष्टि ने अपनी कामयाबी का श्रेय इंटरनेट को दिया है। उन्होंने कहा कि इंटरनेट का उन्होंने पढ़ाई में उपयोग किया लेकिन सोशल मीडिया से दूर रहीं।

आईएएस बनने की धुन इस कदर हावी थी कि सृष्टि ने कॉलेज के दौरान कैंपस प्लेसमेंट में हिस्सा नहीं लिया, न सीवी तैयार किया। किसी कंपनी को एप्रोच नहीं किया, क्योंकि मन में ठान रखा था प्लेसमेंट नहीं चाहिए। वे तैयारी करती चली गई, सफल हुई। ज्यादातर लोग सिविल सर्विसेस की तैयारी के लिए दिल्ली का रुख करते हैं।

सृष्टि ने भी सोचा जब कॉलेज भोपाल से किया तो तैयारी भी यहीं से करेंगी। इस दौरान कभी स्टडी मटेरियल नहीं मिला तो कहीं कोचिंग क्लास नहीं मिली। इसमें इंटरनेट ने मदद की। नॉलेज, टेस्ट सीरिज, क्लासेस सबकुछ इंटरनेट पर है।

फोकस : परीक्षा की केमिस्ट्री समझा
परीक्षा के लिए बहुत सब्जेक्ट होते हैं, अलग-अलग किताबें पढ़नी होती हैं। लेकिन मैंने हमेशा यूपीएससी सिलेबस में दिए विषयों के आधार पर तैयारी की। पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र पढ़ती रही, ताकि पता चले कि किस तरह के सवाल पूछे जाते हैं। इन सबसे समय पर जवाब लिखने का अच्छा अभ्यास भी हुआ। इस परीक्षा में केमिस्ट्री होती है, केमिकल इंजीनियरिंग नहीं, इसलिए मैंने सोश्योलॉजी को एक विषय के तौर पर चुना।

इंटरनेट का उपयोग
इंटरनेट दोधारी तलवार है। पढ़ाई के लिए तो सृष्टि ने इंटरनेट का उपयोग किया लेकिन सृष्टि ने सोशल नेटवर्किंग साइट्स से खुद को दूर रखा। व्हॉट्सएप, फेसबुक-टि्वटर बंद कर दिया। फ्रेंड्स से नहीं मिलती थी, पार्टी नहीं जाती थी। दोस्त ताने भी मारते थे कि मैं सोशली कट रही हूं, लेकिन मन में लगता था- आज पढ़ लूंगी तो शायद कुछ अच्छा कर पाऊं। यानी यदि किसी चीज का सही उपयोग किया जाए तो कामयाबी के रास्ते खुद ब खुद खुलते हैं।

कांफिडेंस:इंटरव्यू में सृष्टि से पूछा गया कि इतनी यंग हो, तो क्या चैलेंजेस हो सकते हैं और उन्हें कैसे फेस करोगे? इस पर सृष्टि ने कहा कि यंग हूं, लड़की हूं तो शायद अपने फैसलों को मनवाना मेरे लिए चुनौतीपूर्ण होगा, लेकिन मैं उस पर होमवर्क करूंगी। बतौर सिविल सर्विसेंट मेरा फोकस स्कूल और शिक्षा पर होगा। महिला सशक्तीकरण पर भी काम करूंगी, क्योंकि जब एक महिला सशक्त होती है तो परिवार और कई पीढ़ियों संवर जाती हैं।

कुछ सृष्टि के बारे में…
संघ लोक सेवा आयोग ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा 2018 का मुख्य परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। इस परीक्षा में भोपाल की सृष्टि देशमुख ने ऑल इंडिया में पांचवी रैंक लेकर महिलाओं में अव्वल स्थान हासिल किया है। सृष्टि ने 2018 में केमिकल इंजीनियरिंग पूरी की और अब पहले ही प्रयास में इस परीक्षा को पास किया है।

सृष्टि ने आरजीपीवी से पढ़ाई है। वे केमिकल इंजीनियरिंग से एमफिल कर चुकी हैं। उनके पिता जयंत देशमुख इंजीनियर है, वहीं मां सुनीता स्कूल टीचर है। भेल दशहरा मैदान के सामने स्थित कार्मल कांवेंट स्कूल से उनकी स्कूलिंग हुई है। छोटा भाई अर्थव सातवीं कक्षा में पढ़ रहा है।

लोकसभा चुनाव: वोट डालो और पेट्रोल पंप पर छूट पाओ

नई दिल्ली। चुनाव नजदीक हैं और हर कोई अपने-अपने तरीके से वोटिंग के लिए मतदाताओं को जागरूक करने में जुटा है। अब मतदाताओं को जागरूक करने के लिए पेट्रोलियम डीलर्स असोसिएशन भी आगे आया है और इसके लिए उन्होंने वोटिंग के दिन मतदान करने पर ईधन बिल में छूट देने का ऐलान किया है। अब मतदान के दिन अगर आप अपना वोट डालेंगे तो पेट्रोल पंप आपको ईधन बिल पर 50 पैसे प्रति लीटर की छूट देंगे।

शुक्रवार को ऑल इंडिया पेट्रोलियम डीलर्स असोसिएशन(AIPDA) ने एक बयान में कहा, ‘हम मतदाताओं के बीच वोटिंग के लिए जागरूक करने के इरादे से ‘प्रमोट वोटिंग’ मुहिम शुरू कर रहे हैं जिसके तहत वोट डालने पर 50 पैसे/लीटर की छूट मिलेगी।’ यह ऑफर इस मुहिम में हिस्सा लेने वाले पेट्रोल पंपों पर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक उपलब्ध होगा। फायदा पाने के लिए ग्राहकों को अपनी उंगली पर वोटिंग का निशान दिखाना होगा।

AIPDA के अध्यक्ष अजय बंसल ने कहा कि एक ग्राहक वोटिंग के दिन अधिकतम 20 लीटर ईधन पर छूट पा सकेगा। उन्होंने आगे बताया कि उन्हें उम्मीद है कि असोसिएशन के 58,000 डीलर सदस्यों में से कम से कम 90 प्रतिशत इस मुहिम में हिस्सा लेंगे। बंसल ने बताया कि इस सब्सिडी का बोझ तेल कंपनियां न उठाकर डीलर्स उठाएंगे।

पेट्रोल पंपों पर मौजूद स्टाफ भी पैंफलेट्स और दूसरी प्रचार सामग्री के साथ ग्राहकों को वोटिंग के लिए जागरूक करेंगे। बता दें कि देश में आम चुनाव 11 अप्रैल से 19 मई तक 7 चरण में होंगे। इन चुनावों में करीब 90 करोड़ लोग वोट देंगे। देशभर में 64,000 पेट्रोल पंप हैं जिनमें से करीब एक-चौथाई ग्रामीण इलाकों में हैं। 90 फीसदी पेट्रोल पंपों का संचालन सरकारी कंपनियों द्वारा किया जाता है।

Hyundai की इन कारों पर 2 लाख तक का बंपर डिस्काउंट, जानिए

नए फ़ाइनैंशल इयर शुरू होने के बावजूद ऑटोमोबाइल कंपनियां अपने पुराने स्टॉक को सोल्डआउट करना चाहती हैं। इसीलिए ह्युंदै डीलरशिप्स पर कंपनी के कई मॉडल्स पर डिस्काउंट मिल रहा है। देश भर में ह्युंदै डीलर्स कई मॉडल्स पर बंपर डिस्काउंट ऑफर कर रहे हैं।

कंपनी Hyundai Santro, Grand i10 और i20 जैसी कई कारों पर डिस्काउंट ऑफर कर रहे हैं। कंपनी क्रेटा SUV को छोड़कर अपने लगभग सभी मॉडल्स पर डिस्काउंट ऑफर कर रही है। कंपनी Elentra पर 2 लाख रुपये तक का डिस्काउंट ऑफर कर रही है।

Hyundai Verna : इस मिड साइज सिडैन पर 30,000 रुपये तक का डिस्काउंट ऑफर किया जा रहा है। मार्केट में इस कार की टक्कर मारुति सुजुकी सियाज से है।
Hyundai Tucson:इस कार पर कंपनी 1 लाख तक का डिस्काउंट ऑफर कर रही है। इस डिस्काउंट में 25,000 रुपये का कैश बोनस और 75,000 रुपये का एक्सचेंज बोनस ऑफर किया जा रहा है।


Hyundai Grand i10 :इस पॉप्युलर कार के सभी वेरियंट्स पर 95,000 रुपये तक का डिस्काउंट ऑफर किया जा रहा है।
Hyundai Xcent: इस कार पर कुल बेनिफिट 85,000 रुपये तक मिल रहा है। इस डिस्काउंट में कैश बेनिफिट्स और एक्सचेंज बेनिफिट्स शामिल हैं।


Hyundai Santro : इस कार के सभी वेरियंट्स पर 31,000 का डिस्काउंट ऑफर किया जा रहा है। इसमें 20,000 रुपये का एक्सचेंज बोनस और 11,000 रुपये के अन्य बेनिफिट्स शामिल हैं।

इंडियाबुल्स हाउसिंग, लक्ष्मी विलास बैंक के मर्जर का रास्ता साफ

नई दिल्ली। लक्ष्मी विलास बैंक और हाउसिंग फाइनेंस कंपनी इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस के मर्जर का रास्ता साफ हो गया है। शुक्रवार को लक्ष्मी विलास बैंक ने कहा कि उसके बोर्ड ने इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस के शेयर स्वैप एक्विजिशन यानी अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मर्जर के प्रपोजल पर अभी आरबीआई (RBI) भी विचार करेगा। उसकी मंजूरी के बाद ही दोनों कंपनियों के मर्जर का रास्ता साफ होगा। लक्ष्मी विलास बैंक ने एक बयान में कहा कि उसके शेयरहोल्डर्स को प्रति शेयर इंडियाबुल्स का 0.14 शेयर मिलेगा। लक्ष्मी विलास बैंक में लगातार दूसरे दिन आय 5 फीसदी का सर्किट लगा और 92.75 रुपए पर बंद हुआ। इंडियाबुल्स हाउसिंग के साथ मर्जर की खबर से प्राइवेट सेक्टर के लेंडर बैंक के शेयर को फायदा मिल रहा है।

इंडियाबुल्स हाउसिंग का शेयर मजबूत
वहीं पिछले तीन ट्रेडिंस सेशन के दौरान इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस का शेयर 2 फीसदी की मजबूती के साथ 916 रुपए के स्तर पर पहुंच गया, हालांकि बाद में तेजी सीमित हो गई और शेयर 903 रुपए के आसपास क्लोज हुआ। डील की घोषणा मार्केट के क्लोज होने के बाद हुई।

ITR में बताना होगा खेती में लागत काटकर कितनी हुई कमाई

-दिनेश माहेश्वरी
कोटा। आयकर विभाग ने वित्तीय वर्ष 2018-19 के लिए रिटर्न फॉर्म जारी कर दिया है। इसमें कई जानकारियां मांगी गई हैं। इससे ब्लैक मनी को लेकर एक से अधिक जगह पर रिटर्न को क्रॉस चेक किया जा सकेगा। इससे एक लाख करदाता प्रभावित होंगे।

टैक्स कंसल्टेंट राजकुमार विजय ने बताया कि आयकर रिटर्न में ये नियम पहली बार लागू किए गए हैं। अभी तक संपत्ति बेचने वाले से ही विस्तृत जानकारी मांगी जाती थी। लेकिन, अब संपत्ति खरीदने वाले से भी गाइड लाइन वैल्यू, खरीदी संपत्ति की अन्य जानकारी मांगी गई हैं।

इसके अलावा व्यापारियों से आईजीएसटी, एसजीएसटी, सीजीएसटी और यूजीएसटी समेत सभी तरह की जानकारी अलग-अलग मांगी गई है। इसके अलावा खेती से होनी वाली आय की भी विस्तृत जानकारी देनी होगी। मसलन, खेती की कितनी जमीन है। इसमें कितना पैसा खर्चा हुआ। फसल बेचने पर कुल कितनी कमाई हुई।

लागत निकालकर नेट कमाई कितनी हुई आदि की जानकारी देनी होगी। साथ ही विदेशों से कमाई और विदेशी संपत्ति का पूरा ब्यौरा देना होगा। टैक्स कंसल्टेंट राजकुमार विजय ने बताया कि नए फार्म में जो जानकारी मांगी गई हैं उससे फार्म को भरने में पहले के मुकाबले तीन गुना तक समय लगेगा। क्योंकि क्रॉस चेक के कई प्रावधान किए गए हैं। इससे कहीं भी लापरवाही होने पर केस स्क्रूटनी में आ सकता है। पूरी जानकारी के लिए देखिए यह वीडियो –

कनिष्क ने किया आईएएस में टॉप, जयपुर के अक्षत की दूसरी रैंक

जयपुर। यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन ने शुक्रवार शाम परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। इसमें राजस्थान के कनिष्क कटारिया ने ऑल इंडिया में पहली रैंक हासिल की, वहीं, दूसरी रैंक भी राजस्थान के अक्षत जैन ने हासिल की है। ये दोनों टॉपर जयपुर के ही रहने वाले है। आईएएस टॉपर कनिष्क कटारिया के पिता सावरमल वर्मा राजस्थान में ही आईएएस है, जबकि इनके ताऊजी केसी वर्मा भी आईएएस है। वे जयपुर के संभागीय आयुक्त है।

इसी तरह, आईएएस में दूसरी रैंक हासिल करने वाले अक्षत जैन के पिता डीसी जैन राजस्थान में सीनियर आईपीएस है। पिछले दिनों आईपीएस डीसी जैन को सीबीआई में ज्वाइंट डायरेक्टर के पद पर प्रतिनियुक्ति पर गए है।

कनिष्क ने पहले प्रयास में ही आईएएस में टॉप करने का गौरव हासिल किया है। वे ऑल इंडिया टॉपर कटारिया (एससी वर्ग) राजस्थान से हैं। उन्होंने आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। यूपीएससी में उनका वैकल्पिक विषय गणित था। वह करीब डेढ़ साल तक सेमसंग कंपनी में कोरिया में जॉब कर चुके है।

कनिष्क का कहना है कि जॉब करते वक्त सेटिस्फेक्शन नहीं मिला। लगता था यहां सिर्फ पैसा ही कमा रहे है। पापा और ताऊजी आईएएस है। ऐसे में आईएएस बनकर देश की सेवा करने का मन था। इस पर सेमसंग की जॉब छोड़कर कोरिया से जयपुर आ गया। यहां दो साल तक जमकर पढ़ाई की और आईएएस में पहला स्थान प्राप्त किया।

कनिष्क ने बताया कि पहली बार में आईएएस बनने की बात नहीं सोची थी। लेकिन पिछली बार उनके दोस्त के पहले प्रयास में आईएएस में 24 वीं रैंक हासिल आई थी। तब भरोसा हुआ कि पहली बार में भी आईएएस बन सकते है। लक का भी फेक्टर होता है। इस पर दो साल तक सिर्फ पढ़ाई पर फोकस रखा। जो दोस्त आईएएस बन चुके है। उनसे जुड़ा रहा। उनसे गाइडेंस लेता रहा।

इसी तरह, आईएएस में दूसरी रैंक हासिल करने वाले अक्षत जैन का कहना है कि उनका यह दूसरा प्रयास था। रुटिन में पढ़ाई करता था। लेकिन रोबोट बनकर पढ़ाई भी नहीं की। दोस्त के साथ भी बातचीत करता रहा। स्कूल में साइंस बैकग्राउंड रहा। केमिस्ट्री मेरा विशेष रुचिकर विषय था।

सफलता के लिए मस्ती और स्टडी में बेलेंस रखें
इसके बाद आईआईटी गुवाहाटी से डिजाइन सब्जेक्ट में पूरा किया। इसके बाद फिर आईएएस की तैयारी में जुट गया। अक्षत जैन का कहना है कि सफलता के लिए मस्ती और स्टडी में बेलेंस रखें। अपने पैशन को फॉलो करें। अपने पर भरोसा करें। सफलता का पूरा श्रेय भगवान, परिवार और दोस्त को देना चाहूंगा।

आईएएस में पहली और दूसरी रैंक हासिल करने की सफलता पर प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी कनिष्क और अक्षत के अलावा उनके पिता और परिवार को देश में राजस्थान का नाम रोशन करने पर बधाई दी। साथ ही, कनिष्क के पिता आईएएस सावरमल वर्मा और अक्षत जैन के पिता आईपीएस डीसी जैन को भी साथी अफसरों और शुभचिंतकों ने बधाई दी।

मोटोरोला भी 4 कैमरे वाला फोन लाने की तैयारी में

सैमसंग की तरह अन्य कंपनियां भी दो से ज्यादा कैमरे वाले स्मार्टफोन लाने की तैयारी में हैं। इस रेस में अब Lenovo की मालिकाना हक वाली कंपनी Motorola ने भी चार कैमरे वाला स्मर्टफोन लॉन्च करने की तैयारी कर ली है। इस नए फोन का नाम Moto P40 Power बताया जा रहा है जिसमें चार प्राइमरी कैमरे नजर आ रहे हैं। फोन की तस्वीरें इंटरनेट पर लीक हुई हैं और देखने में यह फोन आकर्षक नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि जो तस्वीर लीक हुई है वो एक रेंडर इमेज है।

रेंडर के अनुसार, मोटोरोला के इस स्मार्टफोन में 6.2 इंच की स्क्रीन के अलावा फिंगरप्रिंट सेंसर भी दिया जा सकता है। वहीं इसके फ्रंट में पंच होल या पिन होल डिस्प्ले दिया जा सकता है। फोन के बैक में ड्यूल एलईडी फ्लैश भी दिया जा सकता है। इसके अलावा फोन यूएसबी टाइप-सी चार्जिंग को भी सपोर्ट कर सकता है।

एक और रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बैक में दिए गए तीनों ही कैमरा 12 मेगापिक्सल के हो सकते हैं। हाल ही में कंपनी के एक और स्मार्टफोन Motorola One Vision के बारे में भी जानकारी सामने आई है। इस स्मार्टफोन के बैक में इस साल लॉन्च हुए अन्य फ्लैगशिप स्मार्टफोन्स की तरह ही इसमें 48 मेगापिक्सल का कैमरा दिया जा सकता है।