ऊर्जा मंत्री ने सांगोद क्षेत्र के विकास कार्यों का लिया जायजा, आमजन से की मुलाकात

0
5

बीमार बच्चों से मिलकर जाना हाल-चाल, विकास कार्यों की गति बढ़ाने के दिए निर्देश

​कोटा। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर शुक्रवार को सांगोद विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने दीगोद और सीमलिया क्षेत्र के विभिन्न गांवों का सघन दौरा कर स्थानीय निवासियों से मुलाकात की, विकास कार्यों का निरीक्षण किया और क्षेत्रवासियों की कुशलक्षेम जानी।

​दौरे की शुरुआत में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर सीधे पोलाई कलां पहुंचे। गौरतलब है कि पिछले दिनों यहां पानी पतासी (पानी पुरी) खाने से कई बच्चे बीमार हो गए थे। मंत्री नागर ने स्थानीय स्कूल में जाकर इन बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बेहद संवेदनशीलता के साथ बच्चों के पास बैठकर घटना की पूरी जानकारी ली, उनके स्वास्थ्य का हाल-चाल जाना और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि बच्चों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी रखी जाए ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

​सीमलिया डायवर्जन चैनल का निरीक्षण
​इसके पश्चात ऊर्जा मंत्री सिमलिया में निर्माणाधीन डायवर्जन चैनल के कार्य स्थल पर पहुंचे। उन्होंने वहां चल रहे निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। कार्य की गुणवत्ता पर संतोष प्रकट करते हुए मंत्री नागर ने अधिकारियों और संवेदक को निर्देश दिए कि कार्य की गति को और तेज किया जाए ताकि समय सीमा में यह परियोजना पूरी हो सके और स्थानीय लोगों को इसका जल्द से जल्द लाभ मिल सके।

​गांवों में शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं
​अपने व्यस्त दौरे के दौरान ऊर्जा मंत्री नागर देवपुरा, शोली, रीछाहेड़ा, डाबर, बंबोरी, गड़ेपान, हनोतिया और बंबोली सहित कई अन्य गांवों में भी पहुंचे। विभिन्न गांवों में चौपालों पर ग्रामीणों ने मंत्री नागर का गर्मजोशी से स्वागत किया। मंत्री नागर ने लोगों की समस्याओं को सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर अस्वस्थ चल रहे पार्टी कार्यकर्ताओं के घर जाकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। दौरे के दौरान मंत्री नागर उन परिवारों के बीच भी पहुंचे जिन्होंने हाल ही में अपने परिजनों को खोया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों से मिलकर अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं और ढांढस बंधाया।