Friday, July 17, 2026
Home Blog Page 4882

जेट एयरवेज के विमान उड़ते रहेंगे या लटकेगा ताला, आज होगा फैसला

नई दिल्ली।जेट एयरवेज के लिए सोमवार का दिन बहुत अहम होगा। कल इस बात का फैसला हो सकता है कि संकटग्रस्त एयरलाइन पर ताला लटक जाएगा या फिर उड़ानें जारी रहेंगी। कंपनी के प्रबंधक 1,500 करोड़ रुपये के निवेश की अपील और नए प्लान को लेकर कर्जदाताओं से मुलाकात करेंगे। यदि कर्जदाता फंड देने से इनकार या इसमें देरी करते हैं तो इसका मतलब होगा कि जेट के सभी विमान जमीन पर ही रहेंगे।

इसके अलावा सोमवार को ही जेट के पायलट और कर्मचारी कंपनी के मुंबई स्थित मुख्यालय में जुटेंगे और भविष्य को लेक फैसला करेंगे। रविवार शाम सूत्रों ने बताया कि, पायलट यूनियन नैशनल एविएटर्स गिल्ड (NAG) के सदस्य सोमवार 10 बजे से विमान नहीं उड़ाएंगे। हालांकि, विमानन कंपनी के केवल 5 विमान ही अब संचालन में हैं। हड़ताल का अब कंपनी पर कोई वास्तविक असर नहीं होगा।

NAG ने अपने सदस्यों को भेजे संदेश में कहा है, ’25 मार्च को एसबीआई ने कहा था कि जेट एयरवेज को ऑपरेशनल रखने के लिए 1500 करोड़ रुपये का अंतरिम फंड दिया जाएगा। अभी तक हम फंडिंग का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच प्यारा एयरलाइन धीरे-धीरे मर रहा है, पायलट-इंजिनियर्स को तीन महीने से सैलरी नहीं मिली है।

यह कुछ जवाब मांगने का समय है। जिनके पास मदद की शक्ति है उनसे विनम्रता से पूछना है कि भविष्य में हमारे लिए क्या है। इसलिए हम सभी पायलट से सिरोया सेंटर (जेट मुख्यालय) में सुबह 10 बजे फुल यूनीफॉर्म में जुटने की अपील करते हैं। ‘पायलट, इंजिनियर और सीनियर मैनेजमेंट को जनवरी-फरवरी का वेतन नहीं मिला तो मार्च का वेतन जेट के 16 हजार कर्मचारियों में से किसी को नहीं मिला है।

BSP बनी देश की सबसे अमीर पार्टी, कांग्रेस इस सूची में तीसरे स्थान पर

नई दिल्ली।बैंक बैलंस के मामले में मायावती की बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) बाकी सभी राष्ट्रीय और क्षेत्रीय पार्टियों से आगे है। यह जानकारी एक आधिकारिक रिकॉर्ड से सामने आई है। बीएसपी की तरफ से 25 फरवरी को चुनाव आयोग को दी गई जानकारी के मुताबिक एनसीआर के सरकारी बैकों में मौजूद 8 खातों में इसके 669 करोड़ डिपॉजिट हैं।

2014 लोकसभा चुनाव में अपना खाता भी न खोल पाई बीएसपी के पास 95.54 लाख रुपये कैश हैं। उधर, इसकी गठबंधन सहयोगी समाजवादी पार्टी इस मामले में दूसरे स्थान पर है और इसके पास विभिन्न बैंक खातों में 471 करोड़ रुपये हैं। पार्टी का कैश डिपॉजिट मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना में हुए हालिया विधानसभा चुनाव के दौरान 11 करोड़ रुपये घट गया है।

कांग्रेस इस सूची में तीसरे स्थान पर है जिसके पास 196 करोड़ रुपये बैंक बैलंस है। हालांकि, यह जानकारी पिछले साल 2 नवंबर को चुनाव आयोग को दी गई जानकारी पर आधारित है। पार्टी ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जीत के बाद अपने बैलंस को लेकर ब्यौरा अपडेट नहीं किया है।

BJP इस सूची में क्षेत्रीय पार्टियों से भी पिछड़ रही है और टीडीपी के बाद पांचवें स्थान पर है। बीजेपी के पास 82 करोड़ रुपये बैंक बैलंस है जबकि टीडीपी के पास 107 करोड़ रुपये। बीजेपी का दावा है कि इसने 2017-18 में कमाए गए 1027 करोड़ में से 758 करोड़ खर्च कर दिए जो कि किसी भी पार्टी द्वारा खर्च की गई सबसे अधिक राशि है।

पार्टियों की 87 प्रतिशत आय कॉन्ट्रिब्यूशन पर आधारित
एसपी का डिपॉजिट विधानसभा चुनावों के बाद नवंबर-दिसंबर के दौरान 11 करोड़ घट गया। इसके विपरीत हालिया विधानसभा चुनावों के दौरान बीएसपी ने 24 करोड़ रुपये जुटाए जिससे इसके बैंक बैलंस में इजाफा हुआ है।

एडीआर द्वारा राजनीतिक पार्टियों के आयकर रिटर्न पर किए गए विश्लेषण के मुताबिक, बीजेपी ने 2016-17 और 2017-18 में कॉन्ट्रिब्यूशन से सबसे अधिक कमाई दिखाई थी। जिस दौरान उसने क्रमशः 1034 और 1027 करोड़ रुपये जुटाए थे। इसी दौरान बीएसपी ने 174 करोड़ और 52 करोड़ जुटाए थे।

कांग्रेस ने 2016-17 में 225 करोड़ रुपये की कमाई की घोषणा की थी। इसने चुनाव आयोग को अगले साल की कमाई की घोषणा नहीं की थी। इन सभी पार्टियों की 87 प्रतिशत कमाई स्वेच्छा से दिए गए दान से हुई है।

माइक्रोसॉफ्ट का Chromium Edge ब्राउजर लॉन्च, ऐसे करें डाउनलोड

नई दिल्ली । Microsoft Chromium Edge ब्राउजर की घोषणा कंपनी ने पिछले साल की थी। इसके बाद अब कंपनी ने इसे लॉन्च कर दिया है। Chromium Edge ब्राउजर डाउनलोड के लिए उपलब्ध है और विंडोज 10 यूजर इसे डाउनलोड कर सकेंगे।

माइक्रोसॉफ्ट ने एज ब्राउजर 2015 में लॉन्च किया था और तब से लेकर अब तक यह अन्य ब्राउजर्स के मामले में उतना दमदार साबित नहीं हो सका। इसके बाद ही कंपनी ने पिछले साल एक ओपन सोर्स Chromium Edge ब्राउजर की घोषणा की थी।

इस डाउनलोड के लिए ऑफिशियली उपलब्ध करवाने के बाद कंपनी ने कहा है कि यह ग्राहकों को बेहतर वेब कंपेटिबिलिटी देने और स्मूथ ब्राउजिंग के लिए लाया गया है। Chromium Edge नए इंटरफेस और नए लुक के साथ आया है। यह देखने में पहले से ज्यादा आरामदायक और फैमिलियर लग रहा है।

दूसरे ब्राउजर्स की तरह इसमें भी एक बड़ी एड्रेस बार दी गई है वहीं होम पेज शॉर्टकट, क्रोम की तरह प्रोफाइल आईकॉन और दूसरी चीजें नजर आती है। हालांकि, इसमें पुराने एज ब्राउजर की तरह न्यूज फीड और स्टार्ट स्क्रीन दी गई है।

इसके अलावा पेज पर ज्यादा विजिट की गई साइट्स की जानकारी मिलेगी। सेटिंग पेज को भी रिडिजाइन किया गया है और इसमें क्रोम एक्सटेंशन भी डाउनलोड किए जा सकते हैं। अगर आप भी इसे यूज करना चाहते हैं तो Microsoft Edge Insider साइट पर जाकर इसे डाउनलोड कर सकते हैं।

नीट के ऑनलाइन प्रवेश पत्र आज से जारी होंगे

कोटा। मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-2019 के लिए सोमवार से प्रवेश पत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू होगी। इनफॉर्मेशन बुलेटिन के अनुसार ऑनलाइन प्रवेश पत्र जारी करने की तिथि 15 अप्रैल से है। राजस्थान में कोटा समेत कुल छह शहरों में यह परीक्षा होगी। देश की यह सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा है।

प्रवेश परीक्षा के तहत करीब 13 लाख स्टूडेंट्स देश भर के 494 मेडिकल कॉलेजों की 63050 सीटों के लिए परीक्षा में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि नीट के इतिहास में यह परीक्षा पहली बार दोपहर में होगी। परीक्षा का समय दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होगा।

स्टूडेंट्स नीट की ऑफिशियल वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर प्रिंट के बाद दी गई सूचनाओं को ध्यानपूर्वक पढ़ें। इंजीनियरिंग एवं मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में नीट एकमात्र ऐसी प्रवेश परीक्षा है जिसका आयोजन ऑफलाइन किया जाता है।

नीट- 2019 के ऑफलाइन आयोजन का मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं के समयबद्ध एवं सफल आयोजन के लिए किया है।

कितनी मिलेगी ग्रेच्‍युटी, यह है गणना का फार्मूला

नई दिल्ली । ग्रेच्युटी वह राशि है जो कर्मचारियों को 5 साल से अधिक समय तक किसी एक कंपनी में काम करने पर नियोक्ता द्वारा दी जाती है। पेमेंट ऑफ ग्रेच्युटी एक्ट 1972 के तहत कर्मचारियों को ग्रेच्युटी दी जाती है। आमतौर पर यह राशि रिटायरमेंट के बाद दी जाती है, लेकिन कुछ शर्तों के तहत इसका भुगतान पहले भी किया जा सकता है।

पेमेंट ऑफ ग्रेच्युटी एक्ट 1972 के अनुसार, 10 या उससे अधिक कर्मचारियों की संख्या वाले सभी कारखानों, खानों, तेल क्षेत्रों, वृक्षारोपण, बंदरगाहों, रेलवे कंपनियों, दुकान या संस्थानों में कर्मचारियों को उनकी सैलरी के हिसाब से ग्रेच्युटी देना आवश्यक है।

ग्रेच्युटी की रकम कर्मचारी की आखिरी सैलरी और उस कंपनी में काम किए गए कुल वर्षों पर निर्भर करती है। सरकारी कर्मचारियों के लिए ग्रेच्युटी की गणना के लिए अलग-अलग नियम हैं, जिनमें कुछ अधिनियम के तहत कवर किए गए हैं और कुछ नहीं किए गए हैं।

ग्रेच्युटी की गणना के लिए अपनाएं ये फॉर्मूला:-
ग्रेच्युटी की गणना में बेसिक सैलरी, महंगाई भत्ता और कमीशन को मिलाया जाता है। इस फॉर्मूले में 15 लास्ट सैलरी)Xकार्यकाल/26 है।

मान लीजिए किसी कर्मचारी की लास्ट सैलरी 20,000 रुपये प्रति माह है और उसने किसी लिमिटेड कंपनी में लगभग 20 सालों तक काम किया है। उस कर्मचारी की ग्रेच्युटी की गणना इस प्रकार की जाएगी: (15X20,000X20)/26 = 2,30,769 रुपए ।

इस फॉर्मूले के अनुसार, 6 महीने से अधिक काम करने की अवधि को 1 साल माना जाता है। जो कर्मचारी इस एक्ट के तहत कवर नहीं होते हैं, उनकी ग्रेच्युटी महीने की आधी सैलरी और सालों के हिसाब से तय की जाती है।

इसका फॉर्मूला यह है- 15Xलास्ट सैलरीXकार्यकाल/30
इस तरह से ग्रेच्युटी 15X20,000X20)/30 = 2,00,000 होगी।

श्रम मंत्रालय ने ग्रेच्युटी पर आयकर छूट की सीमा को 10 लाख रुपये से डबल करके 20 लाख रुपये कर दिया है। इससे उन कर्मचारियों को फायदा होगा जो पेमेंट ऑफ ग्रेच्युटी एक्ट 1972 के दायरे में नहीं आते हैं। श्रम मंत्रालय ने बयान में कहा कि वित्त मंत्रालय ने आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 10 (10) (iii) के तहत ग्रेच्युटी के लिए आयकर छूट को बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर दिया है।

यह है दुनिया की सबसे तेज रफ्तार वाली बाइक, क्या आपने देखी

तूफान जैसी रफ्तार भरने वाली बाइक्स के दीवाने दुनिया भर में हैं। यही वजह है कि पूरी दुनिया में तेज रफ्तार वाली बाइक्स मौजूद हैं। मगर क्या आप दुनिया की सबसे तेज रफ्तार वाली बाइक Dodge Tomahawk के बारे में जानते हैं। स्पीड के मामले में यह बाइक तूफान को भी मात देती है। आइये आपको इसके बारे में बताते हैं…

Dodge Tomahawk को डेट्राॅयट में 2003 में नॉर्थ अमेरिकन इंटरनैशनल ऑटो शो में पेश किया गया था। इसे नॉन-स्ट्रीट लीगल कॉन्सेप्ट (गैर-सड़क कानूनी अवधारणा) के रूप में प्रदर्शित किया गया था। इस धाकड़ बाइक में 4 पहिये (दो आगे, दो पीछे) हैं। सभी पहियों के लिए अगल-अलग सस्पेंशन हैं।

इंजन : इस धांसू बाइक में 8.3-लीटर, 10-वॉल्व इंजन है। 8277cc का यह इंजन 500 hp का पावर और 712 Nm टॉर्क जनरेट करता है। Tomahawk में 2-स्पीड मैन्युअल ट्रांसमिशन दिया गया है।

स्पीड: Dodge का दावा है कि यह मोटरसाइकल 1.75 सेकंड से 2.5 सेकंड के भीतर 0 से 60 माइल प्रति घंटा यानी करीब 96 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड पकड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड 300 माइल से 420 माइल प्रतिघंटा (480 से 680 किलोमीटर प्रति घंटा) है। बाइक की यह स्पीड पावर और गियरिंग के आधार पर है।

कीमत: Dodge Tomahawk की कीमत 5.55 लाख यूएस डॉलर यानी करीब 3.84 करोड़ रुपये है। कंपनी ने ऐसी सिर्फ 9 बाइक्स बनाई हैं, जिनकी बिक्री हो चुकी है।

MBS अस्पताल दवा घोटाला, 5 लाख की सॉल्यूशन 13 लाख में खरीदी

कोटा। एमबीएस अस्पताल में फ्यूमिगेशन ‘स्पॉरीसाईडॉल सॉल्यूशन खरीद में घपला सामने आया है। अस्पताल प्रशासन ने एक निजी दवा सप्लायर फर्म से सांठ-गांठ कर 5 लाख रुपए का फ्यूमिगेशन 13 लाख रुपए में खरीद लिया। नियमों की अनदेखी कर महंगी दर पर फ्यूमिगेशन खरीदने से सरकार को सीधे 8 लाख रुपए का फटका लग गया।

नर्सिंग इंचार्ज, मेडिसिन आईसीयू व प्रभारी अधिकारी सेंट्रल लेब माइक्रो बायोलॉजी ने 22 व 26 दिसम्बर 2018 को फ्यूमिगेशन की डिमांड की थी। इंफेक्शन कंट्रोल कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर एमबीएस अधीक्षक ने एमबीएस हॉस्पिटल की निविदा 2016-17 के आधार पर स्टेट फं ड से दिसम्बर 2018 में ही 1725 रुपए प्रति लीटर की दर से 740 लीटर फ्यूमिगेशन खरीद के आदेश जारी किए।

अस्पताल में माल सप्लाई हुआ तो फरवरी 2019 में प्रशासन ने सप्लायर फर्म को करीब 13 लाख रुपए का भुगतान कर दिया। यानी 2016-17 की आरसी (रेट कॉन्ट्रेक्ट) पर सॉल्यूशन खरीद लिया। कोटा मेडिकल कॉलेज ने तीनों अस्पतालों के लिए 2017-18 ड्रग मेडिसिन टेंडर में डिसइंफेक्टेंट्स (फ्यूमिगेशन के काम में आने वाला सॉल्यूशन) की आरसी 675 रुपए प्रति लीटर है।

इतना ही नहीं कॉलेज प्रशासन द्वारा जारी टेंडर में दवा सप्लाई के लिए पांच फ र्मों से अनुबंध है, लेकिन एमबीएस अस्पताल प्रशासन ने टेंडर शर्तों के बाहर जाकर पांचों फर्मों को दरकिनार कर अलग फर्म से फ्यूमिगेशन की खरीद कर ली। मेडिकल कॉलेज प्रशासन द्वारा की गई आरसी से इस फ्यूमिगेशन की खरीद होती तो फर्म को केवल 4 लाख 99 हजार 500 रुपए का भुगतान करना पड़ता, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने ऐसा नहीं किया। अधिक दर पर खरीद करने से सरकार को सीधे-सीधे लाखों की चपत लगा दी।

क्या है फ्यूमिगेशन
फ्यूमिगेशन एक रासायनिक पदार्थ है जो कीट-पतंगों और वायरल को खत्म करने के लिए उपयोग में लिया जाता है। फ्यूमिगेशन का मेडिकल में उपयोग किया जाता है। खासकर ऑपरेशन थियटर में यह काम आता है, ताकि संक्रमण नहीं फैले। फ्यूमिगेशन से किसी भी तरह के किटाणु नहीं बचते। एमबीएस प्रशासन द्वारा खरीदा गया सोल्यूशन क्रिटिकल एरिया में फोगिंग, सर्जिकल, एस्थेटिक इंटुसमेन्ट के बैक्टीरिया (कीटाणु) खत्म करने के काम में आता है।

एमबीएस अस्पताल अधीक्षक डॉ. नवीन सक्सेना का कहना है कि फ्यूमिकेशन का वर्क ऑर्डर नई आरसी के पहले जारी हुआ है। दो जगह से डिमांड आई थी। इन्फेक्शन कंट्रोल कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर इनकी खरीद की गई है। महंगी दर पर खरीदने जैसी वाली कोई बात नहीं है। नई आरसी जारी होने से पहले इसका वर्कऑर्डर जारी किया गया था।

OnePlus 7 स्मार्टफोन 3.5mm ऑडियो जैक के साथ आएगा

नई दिल्ली। नए OnePlus स्मार्टफोन लॉन्च से पहले ही इससे जुड़े लीक्स ऑनलाइन सामने आते दिख रहे हैं। अब अपकमिंग OnePlus 7 से जुड़ी लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, यह स्मार्टफोन 3.5mm हेडफोन जैक के साथ आएगा। CNMO की मानें तो इस फोन से नए केस रेंडर्स ऑनलाइन सामने आए हैं और उनमें साफ तौर पर फोन के टॉप और बॉटम पैनल पर दो होल्स नजर आ रहे हैं। इनमें से बॉटम पैनल पर बना होल हेडफोन जैक के लिए हो सकता है ऐसा माना जा रहा है।

बॉटम प्लेसमेंट वाला यह होल स्पीकर ग्रिल और यूएसबी टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट के बीच में दिया गया है। इससे पहले OnePlus 6T में 3.5mm हेडफोन जैक नहीं दिया गया था। ऐसा लगता है कि कंपनी नई डिवाइसेज में इस जैक को वापस ला रही है और संभव है कि पिछले डिवाइस से यूनिवर्सल ऑडियो जैक हटाना उनके पक्ष में नहीं रहा। इससे पहले SlashLeaks पर सामने आईं लीक्ड तस्वीरों में OnePlus 7 और OnePlus 7 Pro फोन का फ्रंट डिजाइन दिखा था।

ट्विटर पर सामने आईं इस फोन की लीक फोटोज से कुछ स्पेसिफिकेशंस भी पता चले हैं। इसमें फुल डिस्प्ले फ्रंट पैनल दिए जाने की वजह से उम्मीद जताई जा रही है कि वनप्लस 7 पॉप-अप सेल्फी कैमरा के साथ आने वाला कंपनी का पहला स्मार्टफोन होगा। फोन में दिए गए पावर ऑन और होम इंटरफेस इस बात को कन्फर्म कर रहे हैं कि यह स्मार्टफोन ऐंड्रॉयड 9.0 पाई आउट ऑफ द बॉक्स पर काम करेगा। प्रोसेसर की अगर बात करें तो कंपनी पहले ही कन्फर्म कर चुकी है वह इसमें क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 855 प्रोसेसर देने वाली है।

कहा जा रहा है कि वनप्लस 7 एक 5G स्मार्टफोन होगा या फिर कंपनी इस फोन को 5G वेरियंट ऑप्शन के साथ लॉन्च कर सकती है। बता दें कि वनप्लस ने पिछले साल ऐलान किया था कि वह साल 2019 में 5G नेटवर्क सपॉर्ट करने वाले स्मार्टफोन्स को लॉन्च करने के बारे में सोच रही है।

JEE Main: आंसर KEY 2019 जारी, जानिए देखने का तरीका

नई दिल्ली।नैशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने अपनी ऑफिशल वेबसाइट पर जॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेईई) मेन 2019 के लिए आंसर की जारी कर दी है। जेईई मेन 2019 की ऑफिशल वेबसाइट jeemain.nic.in पर आप इसे चेक कर सकते हैं।

किसी तरह की आपत्ति होने पर 16 अप्रैल तक दर्ज करा सकते हैं। 16 अप्रैल को रात के 11.50 बजे तक वेबसाइट पर आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। सवालों पर आपत्ति जताने के लिए प्रोसेसिंग फीस अदा करनी होगी। हर सवाल के लिए 1000 रुपये प्रोसेसिंग फीस है। अगर आपत्ति को सही पाया जाता है तो प्रोसेसिंग फीस रिफंड हो जाएगी।

एनटीए ने 7 से 12 अप्रैल, 2019 तक जेईई मेन 2019 परीक्षा का आयोजन किया था। परीक्षा इस बार ऑनलाइन यानी कंप्यूटर आधारित थी। करीब 9,58,619 कैंडिडेट्स ने जईई मेन 2019 अप्रैल एग्जाम के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। परीक्षा का आयोजन 267 शहरों के 470 परीक्षा केंद्रों पर हुआ था। 9 परीक्षा केंद्र भारत के बाहर थे।

पूर्वोत्तर राज्यों के 13 शहरों में 16 केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन हुआ था जिसके लिए 22,894 कैंडिडेट्स ने पंजीकरण कराया था। जम्मू-कश्मीर के 4 शहरों में 12 केंद्रों पर परीक्षा के लिए 9,881 कैंडिडेट्स ने पंजीकरण कराया था। इस साल जनवरी में भी जेईई मेन का आयोजन किया गया था।