Tuesday, July 14, 2026
Home Blog Page 4839

चौतरफा बिकवाली से सेंसेक्स 487 अंक फिसल कर 38 हजार से नीचे

नई दिल्ली। बैंक, ऑटो, फार्मा इंडेक्स सहित चौतरफा बिकवाली से शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली और सेंसेक्स ने 38 हजार का स्तर तोड़ दिया। बुधवार को सेंसेक्स 487.50 अंकों की गिरावट के साथ 37,789 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 138.45 अंक कमजोर होकर 11,359.45 के स्तर पर बंद हुआ। मार्केट कैप के लिहाज से देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज में 3.28 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

बाजार में बिकवाली इतनी ज्यादा थी कि कोई भी इंडेक्स इससे अछूता नहीं रहा। निफ्टी के बैंकिंग इंडेक्स में 1 फीसदी, ऑटो इंडेक्स में 1.34 फीसदी, फार्मा इंडेक्स में 1.58 फीसदी, एफएमसीजी में 0.55 फीसदी और आईटी में 0.46 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

ये हैं टॉप लूजर स्टॉक्स
निफ्टी 50 की बात करें तो ज़ी एंटरटेनमेंट 10.17 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर रहा। इसके साथ मार्केट का हैवीवेट शेयर रिलायंस इंडस्ट्रीज 3.28 फीसदी की गिरावट के साथ 1343.50 रुपए पर बंद हुआ। बजाज फाइनेंस 3.17 फीसदी, टाटा मोटर्स 3.06 फीसदी और बजाज फिनसर्व 2.86 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स में शामिल रहे।

Paytm करेगा अब अपना डेबिट कार्ड लॉन्च, Visa से मिलाया हाथ

नई दिल्ली। जल्द ही आप Paytm के क्रेडिट और डेबिट कार्ड इस्तेमाल कर पाएंगे। ग्लोबल पेमेंट कंपनी Visa ने अपने नेटवर्क में Paytm Payments Bank को शामिल किया है। इसके तहत पेटीएम जल्द ही Visa लिखे हुए डेबिट कार्ड जारी कर सकता है। भारत में तकरीबन 30 करोड़ लोग पेटीएम का इस्तेमाल करते हैं। पेटीएम के साथ हाथ मिलाकर वीजा कंपनी इस ग्राहक वर्ग को अपने साथ जोड़ना चाहती है।

पेटीएम बैंक अभी तक अपने साथ अकाउंट खोलने वाले कस्टमर्स को डिजिटल डेबिट कार्ड्स उपलब्ध करा रहा था। अब ग्राहकों को फिजिकल कार्ड्स भी जारी किए जाएंगे। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया द्वारा लाइसेंस प्राप्त सात पेमेंट बैंकों में से एक पेटीएम, अभी तक RuPay (रूपे) डेबिट कार्ड जारी कर रही थी। पेटीएम पेमेंट्स बैंक आगे भी ग्राहकों को रूपे डेबिट कार्ड जारी करती रहेगी। फिलहाल बैंक में 4.4 करोड़ वर्चुअल सेविंग्स अकाउंट हैं।

पेटीएम के कस्टमर्स को मिलेंगी बेहतर सेवाएं
वीजा के चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर Alfred F. Kelly ने बताया, ‘हम पेटीएम पेमेंट्स बैंक के साथ मिलकर क्रेडिट कार्ड्स ऑफर करने के प्लान पर काम कर रहे हैं। इससे पेटीएम के लगातार बढ़ते कस्टमर बेस को बेहतर सेवाएं ऑफर की जा सकेंगी।’ भारत और दक्षिण एशिया में Visa ग्रुप के कंट्री मैनेजर T R Ramachandran के मुताबिक, ‘PayTM पेमेंट्स बैंक ने औपचारिक तौर पर एक मेंबर के रूप में वीजा नेटवर्क को ज्वाइन किया है, इससे जल्द ही पेटीएम भारतीय बाजार में वीजा कार्ड्स इश्यू कर सकेगा।’

देश का सबसे लोकप्रिय मोबाइल वॉलेट है Paytm
Paytm को एक मोबाइल वॉलेट सॉल्यूशन के ताैर पर तैयार किया गया था, जिससे लोग कैश न होने पर भी सभी भुगतान कर सकें। 2016 में नोटबंदी के बाद पेटीएम के इस्तेमाल में तेज उछाल आया। तब से अब तक कंपनी ने कई बदलाव किए हैं। पिछले कुछ महीनों से कंपनी अपने प्वाइंट ऑफ सेल सॉल्यूशंस बड़ा रही है। हाल ही में कंपनी ने अपना पेमेंट टर्मिनल भी लॉन्च किया, जिससे सभी तरीके के कार्ड्स को एक्सेप्ट किया जा सके।

RBI का बड़ा फैसला, रियायती होम लोन की लिमिट बढ़ाई

नई दिल्ली। ज्यादा होम लोन लेने पर भी ब्याज दर अधिक नहीं रखी जाएगी। इसके लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने प्रायरिटी सेक्टर लेंडिंग (PSL) के तहत होम लोन की लिमिट बढ़ा दी है। आरबीआई ने इस संबंध में बैंकों को निर्देश भी जारी कर दिए हैं।

आरबीआई के इस फैसले के तहत मेट्रो शहरों (जिनकी जनसंख्या 10 लाख और उससे ज्यादा है) के लिए 35 लाख रुपये की लोन सीमा हो जाएगी। इससे पहले इन शहरों के लिए 28 लाख रुपये तक के ही लोन की लिमिट थी। हालांकि इसकी शर्त यह है कि मकान की कुल लागत 45 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

इसी तरह जिन इलाकों की आबादी 10 लाख से कम है वहां के लिए आरबीआई ने बैंकों को यह सीमा 25 लाख रुपये तक करने का निर्देश दिया है जो पहले 20 लाख रुपये थी। यहां की शर्त यह है कि मकान की कुल लागत 30 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

देश के विकास में योगदान के लिए बैंकों को आरबीआई की तरफ से एक लक्ष्य दिया जाता है। इसके तहत उन्हें तय सेक्टर्स को रियायती दरों पर लोन देना होता है। इसे ही पीएसएल कहते हैं। नए फैसले के बाद अगर आप घर खरीद रहे हैं तो इस मूल्य सीमा के अंदर घर खरीदने पर ही होम लोन PSL के दायरे में आएगा। यानी सीधे शब्दों में मेट्रो शहरों में 35 लाख रुपए तक के लोन पर ब्याज दरों में रियायत मिलेगी।

आठ सेक्टर में कम रखी जाती है ब्याज दर
आरबीआई के मुताबिक PSL कैटेगरी में 8 सेक्टर शामिल हैं। इसमें हाउसिंग, कृष‍ि, श‍िक्षा, छोटे उद्योग, निर्यात कर्ज समेत अन्य शामिल हैं। आसान भाषा में समझें तो इस श्रेणी के तहत बड़ी आबादी वाले और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों से संबंधित सेक्टर शामिल किए गए हैं।

बता दें कि PSL के तहत दिए जाने वाले लोन के लिए आरबीआई समय-समय पर ब्याज दरों की घोषणा करता रहता है। इसके आधार पर ही लोन दिए जाते हैं। खास बात यह है कि PSL के दायरे में आने वाले लोन की ब्याज दर अपेक्षाकृत कम होती है।

RRB ALP-Tech CBT 3 कॉल लैटर जारी, ऐसे करें डाउनलोड

नई दिल्ली। RRB ALP Admit Card CBT 3: रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड (RRB) ने एएलपी-टेक्निशियन एप्टीट्यूड टेस्ट के कॉल लैटर जारी कर दिए हैं इन्हें आप आरआरबी की संबंधित क्षेत्रीय वेबसाइट्स से डाउनलोड कर सकते हैं। ऐडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए आपको लॉगिन आईडी और पासवर्ड की जरूरत पड़ेगी। पासवर्ड आपकी डेट ऑफ बर्थ होगी।

बता दें कि आरआरबी ने एएलपी टेक्निशियन परीक्षा के रिवाइस्ड स्कोरकार्ड भी जारी किए हैं इन्हें भी आप लॉगिन आईडी और पासवर्ड के जरिए देख पाएंगे। ऐडमिट कार्ड किसी भी आवेदक को डाक या ईमेल के जरिए नहीं भेजे जाएंगे। आवेदकों को ऐडमिट कार्ड आरआरबी की क्षेत्रीय वेबसाइट्स से डाउनलोड करने होंगे।

RRB ALP CBT 3 Exam 10 मई को तीन शिफ्ट में आयोजित की जा रही है। इस सीबीटी के लिए आवेदकों को 71 मिनट का समय दिया जाएगा। यह कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट है जिसमें आवेदकों को टेस्ट बैटरी के 5 टेस्ट देने होंगे। पेपर में क्वालिफाई करने के लिए न्यूनतम 42 का टी-स्कोर प्राप्त करना होगा। सभी आवेदकों के लिए यह टेस्ट समान होगा।

इसमें किसी आधार पर कोई छूट नहीं मिलेगी। RRB ALP CBT 3 में किसी तरह की निगेटिव मार्गिंग नहीं होगी। इस परीक्षा के मॉक टेस्ट का लिंक आरआरबी पहले ही जारी कर चुका है।RRB Alp CBT 3 परीक्षा पास करने वाले आवेदकों की मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी और इसके बाद सफल आवेदकों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा।

डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन मई/जून में शुरू होने की संभावना है। एग्जाम सिटी, ट्रैवल पास और संशोधित स्कोर को आप अपने लॉगिन आईडी और पासवर्ड से देख सकते हैं। RRB ALP-Tech CBT 3 Call Letter डाउनलोड करने के लिए क्लिक करें

महान गणितज्ञ ‘शकुंतला देवी’ की बायॉपिक करेंगी विद्या बालन

बॉलिवुड की बेहतरीन अदाकारा विद्या बालन की अगली फिल्म और उनके रोल के बारे में चर्चा जरूर थी कि वह महान गणितज्ञ शकुंतला देवी की भूमिका में नजर आ सकती हैं। अब जाकर खुद विद्या बालन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ट्विटर पर यह खबर शेयर करते हुए लिखा है, ‘मैथ जीनियस, शकुंतलादेवी की भूमिका निभाने के लिए उत्साहित हूं ‘मानव कंप्यूटर’ की सच्ची कहानी को जीवंत करने के लिए बहुत ज्यादा रोमांचित हूं। एक छोटे शहर की भारतीय लड़की, जिसने दुनिया को तूफान से उड़ा दिया।’

विद्या ने फिल्म से जुड़ी इस जानकारी में फिल्म की रिलीज़ मंथ की घोषणा भी की है और बताया है कि अगले साल यही 2020 की गर्मियों में यह फिल्म रिलीज़ होगी। फिल्म का टाइटल ‘शकुंतला देवी’ है। इस फिल्म को ‘लंदन पेरिस न्यू यॉर्क’ और ‘वेटिंग’ जैसी फिल्म से चर्चा में आईं अनु मेनन निर्देशित करेंगी। फिल्म को विक्रम मल्होत्रा प्रड्यूज करेंगे।

गणितीय जादूगर के नाम से फेमस शकुंतला देवी को उनकी अविश्वसनीय रूप से तेज गणना करने की क्षमता के कारण ‘मानव कंप्यूटर’ का नाम भी दिया गया था। शकुंतला देवी ने कभी कोई औपचारिक शिक्षा नहीं ग्रहण की थी, लेकिन उनकी प्रतिभा ने उन्हें 1982 के ‘द गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ के संस्करण में भी जगह दिलाई।

‘शकुंतला देवी’ की कहानी को अनु मेनन और नैनिका महतानी ने मिलकर लिखा है और फिल्म के संवाद इशिता मोइत्रा ने लिखे हैं। फिल्म के फ्लोर पर जाने का समय इसी साल के अंत में तय किया गया है और फिल्म को 2020 की गर्मियों में रिलीज़ किया जाएगा। ‘शकुंतला देवी’ का जन्म 4 नवंबर 1929 को हुआ था। उनके परिवार भारत के बैंगलौर में एक रुढ़िवादी कन्नड़ ब्राह्मण था। उनके 84वें जन्मदिन पर गूगल ने उनका सम्मान करते हुए उनका नाम गूगल डूडल से समर्पित किया था।

अत्यंत रोमांचित विद्या बालन कहती हैं, ‘मैं बड़े पर्दे पर मानव कंप्यूटर, शकुंतला देवी का किरदार निभाने को लेकर बेहद उत्साहित हूं। वह वास्तव में एक ऐसी इंसान थीं, जिन्होंने अपने व्यक्तित्व को स्वीकार कर उसे उभारा, वह एक मजबूत नारी की आवाज थीं और सफलता के शिखर तक पहुंचने के लिए उन्होंने साहस के साथ आलोचनाओं का मुकाबला किया।

मैं रोमांचित हूं कि विक्रम मल्होत्रा, जिनके साथ मैंने फिल्म कहानी में भी काम किया था, उनकी टीम यह फिल्म बना रही है। विक्रम, अनु और मैं हमारे देश की इतनी प्रेरणादायक महिला की कहानी को जीवंत करते हुए गर्व महसूस कर रहे हैं।’ विद्या बालन आखिरी बार हिंदी फिल्म ‘तुम्हारी सुलु’ और साउथ की फिल्म ‘जूनियर एनटीआर’ की बायॉपिक में नजर आई थीं।

कोटा ब्लड बैंक सोसायटी ने मनाया विश्व थैलेसीमिया दिवस

कोटा। विश्व थेलेसिमिया दिवस पर बुधवार को कोटा ब्लड बैंक सोसायटी ने थेलेसिमिया पीड़ित बच्चों के लिए विभिन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। इस अवसर पर बच्चों द्वारा ब्लड डोनेशन पर ड्राइंग भी बनाई। बच्चों को पार्सल टू पार्सल, कुर्सी दौड़ व अन्य मनोरंजक गेम्स भी खिलाये गए।

बच्चों के वरिष्ष्ठ रोग विशेषज्ञ डॉ अविनाश बंसल व डॉ सी बी दास गुप्ता ने थेलेसिमिया बीमारी की रोकथाम के बारे में प्रकाश डाला। रोटरी क्लब की अध्यक्ष प्रज्ञा मेहता ने इस अवसर पर कहा कि हमें इस की जागरूकता समाज में बढ़ानी चाहिए और विवाह सम्मलेन ,कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों को इसके बारे में जागरूक करना चाहिए। अभिभावक अपने बच्चों की शादी से पहले जन्म कुंडली की जगह रक्त कुंडली मिलायें। रोटरी क्लब कोटा सदैव इसमें सहयोग करने के लिए तैयार है|

जीएमए प्लाजा के अध्यक्ष राकेश जैन ने बताया कि कोटा की सभी स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर्स को गर्भवती महिलाओं को HB1A 2 रक्त जाँच के लिए प्रेरित करना चाहिए, ताकि भविष्य में थैलेसिमिक बच्चे ही पैदा न हो। इस अवसर पर कोटा ब्लड बैंक के अध्यक्ष प्रेम बाटला व सचिव राजकुमार जैन ने बताया की कोटा ब्लड बैंक फिछले 22 साल से थेलेसिमिया पीड़ित बच्चो को निशुल्क रक्त प्रदान करता है व निशुल्क रक्त जाँच करता आ रहा है।

बच्चो के कार्यक्रम का संचालन लता कोठारी व स्कूल की टीम ने किया । इस अवसर पर मंजू कासलीवाल ने बताया के दो थेलेसिमिया पीड़ित बच्चो के अभिवावक अमर जीत अरोड़ा व दिनेश पोरवाल ने 5000 -5000 की राशि कोटा ब्लड बैंक को थेलेसिमिया बच्चों की सहायतार्थ प्रदान की। इस अवसर पर कार्यक्रम में अनिमेष जैन, नीरज गुप्ता, संजय सोनी, देवेंद्र डक, गिरिराज राठी व थैलेसिमिक पीड़ित बच्चो के अभिभावक भी उपस्थित थे। अंत में थेलेसिमिया वेलफेर सोसाइटी के अध्यक्ष सुनील जैन ने सभी का धन्यवाद् ज्ञापित किया ।

अब ड्राइविंग लाइसेंस और गाड़ी का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट दोनों होंगे एक जैसे

0

नई दिल्ली। दोपहिया और चार पहिया वाहनों को चलाने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस का होना बेहद जरूरी होता है। आने वाले कुछ दिनों में ड्राइविंग लाइसेंस बदलने वाला है। सरकार जल्द ही ड्राइविंग लाइसेंस में चिप के साथ क्यूआर कोड भी होंगे। आगामी 1 अक्टूबर से नए लाइसेंस बनने की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।

ड्राइविंग लाइसेंस अधिकारियों के मुताबिक अब डीएल और गाड़ी का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट दोनों एक जैसे होंगे। इसे लेकर सरकार ने एक नोटिफिकेशन भी जारी किया है। इस लाइसेंस का फायदा उन राज्यों के लोगों को मिलेगा जिनके लाइसेंस कंप्यूटर से लिंक नहीं है।

दिल्ली के मोटर लाइसेंसिंग ऑफिसर अनिल चिकारा ने बताया कि नए प्रकार के ड्राइविंग लाइसेंस की कीमत परिवहन विभाग तय करेगा लेकिन यह भी हो सकता है कि इसके प्राइस में कोई बदलाव नहीं किया जाए। चिकारा ने यह भी बताया कि दिल्ली जैसे शहरों में यह लाइसेंस पहले ही आ चुका है।

दिल्ली में बनने वाले लाइसेंस में चिप है, लेकिन क्यूआर कोड नहीं है। उन्होंने बताया कि इस लाइसेंस का फायदा उन राज्यों के लोगों को मिलेगा जिनके लाइसेंस कंप्यूटर से लिंक नहीं है। क्यूआर कोड होने से ये लाइसेंस परिवहन विभाग के कंप्यूटर से जुड़ जाएंगे।

सरकार ने मांगे थे सुझाव
इस संबंध में सरकार ने पिछले साल 30 अक्टूबर को ड्राफ्ट नोटिफिकेशन जारी किया था। लोगों से इस मामले में विचार मांगे गए थे। सरकार ने इन्हीं विचारों के आधार पर नया नोटिफिकेशन जारी किया है।

माइक्रो चिप और क्यूआर कोड होने से कोई भी ड्राइवर अपनी किसी गलती को छिपा नहीं पाएगा। क्यूआर कोड से केंद्रीय डाटा बेस से ड्राइवर या वाहन के पहले के सारे रिकॉर्ड एक जगह पढ़ा जा सकेगा। क्यूआर कोड को स्कैन करते ही गाड़ी और ड्राइवर की सारी डिटेल मिल जाएंगी।

ह्युंदै ने CNG के साथ भारत में लॉन्च की Grand i10, कीमत 6.39 लाख

नई दिल्ली। दिग्गज कार निर्माता कंपनी ह्युंदै ने ग्रैंड i10 सीएनजी मॉडल को 6.39 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत के साथ लॉन्च कर दिया है। यह मॉडल सिर्फ मैग्ना वेरियंट में उपलब्ध है। मैग्ना वेरियंट की तुलना में सीएनजी वेरियंट 67,000 रुपये महंगा है। कंपनी ग्रैंड i10 के साथ पहले से ही सीएनजी का विकल्प दे रही थी पर यह सिर्फ फ्लीट बायर्स के लिए उपलब्ध थी।

ह्युंदै का Santro के बाद यह दूसरा CNG प्रॉडक्ट है। अपने सेगमेंट में CNG ऑप्शन वाला इकलौता मॉडल है। स्विफ्ट औप फीगो सिर्फ पेट्रोल और डीजल इंजन ऑप्शन में मिलती हैं। रनिंग कॉस्ट कम होने के चलते बीते कुछ समय में CNG मॉडल्स की पॉप्युलैरिटी में काफी इजाफा हुआ है। फैक्ट्री फिटेड CNG किट काफी सेफ होती हैं। हाल ही में फोर्ड ने अपनी पहली CNG कार Aspire लॉन्च की है जो फीगो का सिडैन वर्जन है।

ग्रैंड i10 CNG 1.2 लीटर फोर सिलिंडर पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन कार के रेग्युलर मॉडल में भी मौजूद है जो 67PS पावर और 98Nm टॉर्क जनरेट करता है। रेग्युलर मॉडल की अगर बात करें तो रेग्युलर मॉडल में यह इंजन 83PS पावर और 110Nm टॉर्क जनरेट करता है। CNG वेरियंट में सिर्फ मैनुअल ट्रांसमिशन दिया गया है। जबकि रेग्युलर वेरियंट में मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों गियरबॉक्स दिए गए हैं।

मैग्ना वेरियंट में हैं ये खूबियां
ग्रैंड i10 के मैग्ना वेरियंट में ब्लूटूथ ऑडियो सिस्टम, स्टियरिंग माउंटेड कंट्रोल, फोर डोर पावर विंडो, रियर AC वेंट्स, रिमोट लॉकिंग, इलेक्ट्रिसिटी अडजस्टेबल मिरर्स दिए गए हैं। सेफ्टी फीचर्स की अगर बात करें तो इसमें एयरबैग्स, ABS, रियर पार्किंग सेंसर, ड्राइवर्स सीट बेल्ट वॉर्निंग और कई फीचर्स मौजूद हैं।

टॉप वेरियंट में हैं ये फीचर्स
ग्रैंड i10 के टॉप वेरियंट में टच स्क्रीन इंफोटेंटमेंट सिस्टम, ऐंड्रॉयड ऑटो, ऐपल कार प्ले, क्लाइमेट कंट्रोल, स्टियरिंग माउंटेड कंट्रोल्स, अजस्टेबल स्टियरिंग वीइल दिए गए हैं। इस वेरियंट में 1.2 लीटर इंजन 74PS पावर और 190Nm टॉर्क और 5 स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया गया है।

Google के पांच बड़े धमाकेदार ऐलान, जानिए क्या है खास

नई दिल्ली। गूगल ने अपनी सालाना डिवेलपर कॉन्फ्रेंस Google I/O 2019 में कई बड़े ऐलान किए हैं। गूगल ने अपने नए ऑपरेटिंग सिस्टम Android Q से लेकर सर्च रिजल्ट्स, गूगल लेंस, ड्राइविंग मोड, ऑटो डिलीट कंट्रोल, प्रिवेसी, डुप्लेक्स ऑन द वेब और गूगल असिस्टेंट को लेकर घोषणाएं की हैं।

इस इवेंट में गूगल के सीईओ सुंदर पिचई ने कहा है, ‘हमारा मानना है कि प्रिवेसी और सिक्यॉरिटी सभी के लिए अहम हैं।’ गूगल ने इस कॉन्फ्रेंस में अपने लेटेस्ट स्मार्टफोन पिक्सल 3a और 3aXL भी लॉन्च किए हैं। हम आपको बता रहे हैं कि गूगल ने कौन-कौन की महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं और इनका आपके लिए क्या मायने है।

गूगल सर्च को कंप्यूटर विजन
Google अब सर्च में कंप्यूटर विजन और ऑग्मेंटेड रियलिटी लाने जा रहा है। यूजर्स को अब सर्च रिजल्ट्स में 3D इमेज या 3D मॉडल भी देखने को मिलेंगे। जैसे ही, आप 3D मॉडल पर टैप करेंगे तो ऑग्मेंटेड रियलिटी के जरिए इसे रियल वर्ल्ड के व्यू में इस्तेमाल कर सकेंगे। यानी, आप देख सकेंगे कि असल दुनिया में यह कैसी दिखेगी। गूगल सर्च को गूगल न्यूज से ‘फुल कवरेज’ फीचर भी मिल रहा है। इस फीचर को इस साल के आखिर में लाया जाएगा। इसके अलावा, पॉडकास्ट गूगल सर्च में कहीं ज्यादा आसान और उपयुक्त होंगे।

10 गुना तेज होगा गूगल असिस्टेंट
गूगल असिस्टेंट अब पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा तेज होगा। गूगल असिस्टेंट अब रियल टाइम में आपकी रिक्वेस्ट प्रोसेस करेगा और यह मौजूदा वर्जन के मुकाबले 10 गुना तेज होगा। डिवेलपर कॉन्फ्रेंस में दिए गए डेमो में गूगल असिस्टेंट हर बार बिना ‘Hey Google’ कहे महज कुछ सेकंड्स में कई टॉस्क को पूरा करता है। अपडेटेड गूगल असिस्टेंट इस साल के आखिर में नए पिक्सल स्मार्टफोन में आ जाएगा। नया गूगल असिस्टेंट अब आपके और आपकी पर्सनल लाइफ के बारे में कहीं ज्यादा चीजें जानेगा। यह आपको पॉडकास्ट से लेकर रेसिपी और इवेंट्स तक पर्सनलाइज्ड सुझाव देगा।

ऑडियो, रियल टाइम ट्रांसलेशन सपॉर्ट करेगा Google Lens
गूगल ने अपने इमेज रिकॉग्निशन सॉफ्टवेयर Google Lens में कई चीजें जोड़ने की घोषणा की है। अब आप जैसे ही अपने स्मार्टफोन के कैमरे को रेस्ट्रॉन्ट के मेन्यू पर पॉइंट करेंगे, गूगल लेंस रेस्ट्रॉन्ट के टॉप फूड को हाइलाइट कर देगा। यह आपको रेस्ट्रॉन्ट में आपके कुल बिल और टिप को कैलकुलेट करने में भी मदद करेगा। आप फूड आइटम्स की तरफ स्मार्टफोन का कैमरे करके उनका रेसिपी विडियो भी देख सकते हैं। गूगल लेंस अब ऑडियो (टेक्स्ट-टू-स्पीच) और रियल टाइम ट्रांसलेशन को भी सपॉर्ट करेगा। गूगल लेंस में ये फीचर इस महीने के आखिर तक आ जाएंगे।

नेक्स्ट जेनरेशन ऑपरेटिंग सिस्टम Android Q
गूगल ने अपनी सालाना डिवेलपर कॉन्फ्रेंस में सभी यूजर्स के लिए अपने Android Q Beta 3 की उपलब्धता की घोषणा की है। नेक्स्ट जेनरेशन ऑपरेटिंग सिस्टम Android Q से बेहतर प्रिवेसी कंट्रोल, फोल्डेबल फोन के लिए सपॉर्ट, 5G और सिस्टम-वाइड डार्क मोड जैसे कई फीचर आएंगे। Android Q का लेटेस्ट बीटा वर्जन फिलहाल 13 ब्रैंड्स के 21 डिवाइसेज के लिए उपलब्ध है, जिसमें सभी पिक्सल फोन शामिल हैं। इस लिस्ट में रियलमी, शाओमी, नोकिया और वनप्लस के स्मार्टफोन शामिल हैं। Android Q स्मार्ट रिप्लाई फीचर के साथ आएगा। यह भी मेसेजिंग एप्लीकेशंस के साथ काम करेगा। स्मार्ट रिप्लाई एक्शंस का भी सुझाव देगा। गूगल यह भी दिखाएगा कि कौन सा ऐप फोन के बैकग्राउंड में आपकी लोकेशन का इस्तेमाल कर रहा है।

मैप्स और सर्च के लिए नया Incognito mode
गूगल आपका कितना और किस तरह का डेटा स्टोर करता है, इस पर अब आपका जब कंट्रोल होगा। मैप्स और सर्च के लिए नया Incognito mode सुनिश्चित करेगा कि ये रिजल्ट्स आपके गूगल अकाउंट से ट्रेस न हों। यह मोड जल्द ही YouTube पर भी आएगा। वेब एक्टिविटी और ऐप डेटा को ऑटो डिलीट करने वाले फिल्टर्स आज से ही उपलब्ध हो जाएंगे। लोकेशन डेटा के लिए ऑटो डिलीट का ऑप्शन आने वाले हफ्तों में उपलब्ध होगा।

नेशनल टैक्स कॉन्फ्रेंस 2019 का आयोजन इस बार कोटा में होगा

कोटा। टैक्स बार एसोसिएशन कोटा और ऑल इंडिया टैक्स फेडरेशन ऑफ टैक्स प्रैक्टिशनर मुंबई के साथ मिलकर नेशनल टैक्स कॉन्फ्रेंस 2019 का कोटा में आयोजन किया जाएगा। जिसमें हाडोती के सभी टैक्स प्रोफेशनल्स समेत पूरे देश से लगभग 500 डेलिगेट्स भाग लेंगे। दो दिवसीय टैक्स कॉन्फ्रेंस में विभिन्न प्रकार के टैक्सेशन से संबंधित विभिन्न सत्रों का आयोजन होगा। कॉन्फ्रेंस में डायरेक्ट और इन डायरेक्ट टैक्सेस के बारे में विस्तार से चर्चा होगी।

यह निर्णय ऑल इंडिया टैक्स फेडरेशन ऑफ टैक्स प्रैक्टिशनर के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट एम एल पाटोदी के सानिध्य में और टैक्स बार एसोसिएशन कोटा के अध्यक्ष एडवोकेट राजकुमार विजय की अध्यक्षता में आयोजित मीटिंग में लिया गया। साथ ही निर्णय लिया गया कि टैक्स बार एसोसिएशन कोटा एक फॉरेन आरआरसी का आयोजन करेगा, जिसमें टैक्स बार एसोसिएशन के मेंबर्स भाग लेंगे।

बोर्ड मीटिंग में यह भी तय हुआ कि प्रत्येक महीने में एक एकेडमिक कार्यक्रम किया जाएगा। जिसमें सेमिनार,वर्कशॉप औरस्टडी सर्किल मीटिंग आदि आयोजित होगी। एसोसिएशन के स्थापना दिवस पर खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।

टैक्स बार एसोसिएशन का भवन बनेगा
सचिव सीए लोकेश माहेश्वरी ने बताया कि बैठक में टैक्स बार एसोसिएशन कोटा के लिए भूमि का आवंटन कराने और शीघ्र उस पर भवन निर्माण करने का निर्णय भी लिया। मीटिंग में प्रमुख रूप से सीए अरविंद गोयल, एडवोकेट गोपाल जैन, सीए एमडीसोनी, सीए आरएल विजय, एडवोकेट ओम बड़ोदिया, सीए नीरज जैन, सीए आर के बजारी, सीए देवेंद्र कटारिया, सीए विष्णु गर्ग, एडवोकेट एम एमशर्मा, एडवोकेट एसएन त्रिपाठी आदि उपस्थित थे।