कोटा की बेटी नांदिका सिंह बनीं स्टेट शूटिंग चैंपियन, जयपुर में जीता गोल्ड मेडल

0
3

सीनियर कैटेगरी ट्रैप शूटिंग में मारी बाजी, पूर्व राज्यपाल बदनोर ने किया सम्मानित

कोटा। जयपुर में आयोजित 24वीं राजस्थान स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में कोटा की होनहार शूटर नांदिका सिंह ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। प्रदेश भर के दिग्गजों को पछाड़ते हुए नांदिका ने सीनियर कैटेगरी ट्रैप शूटिंग में गोल्ड मेडल हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने ‘स्टेट शूटिंग चैंपियन’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर कोटा सहित पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
जयपुर में आयोजित समारोह के दौरान पंजाब के पूर्व राज्यपाल वीपी सिंह बदनोर ने नांदिका सिंह को गोल्ड मेडल पहनाकर और चैंपियन की ट्रॉफी सौंपकर सम्मानित किया।

साल का तीसरा गोल्ड
नांदिका के कोच और पिता अशोकपाल सिंह ने बताया कि सीनियर कैटेगरी में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले शूटर को ही स्टेट चैंपियन का अवार्ड दिया जाता है। नांदिका के सुनहरे सफर में इस वर्ष का यह तीसरा गोल्ड मेडल है। इससे पहले वह राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतिष्ठित ‘खेलो इंडिया कॉम्पिटिशन’ और ‘ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी कॉम्पिटिशन’ में भी स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।

उपलब्धियों का सफर
नांदिका सिंह अब तक पिस्टल शूटिंग और ट्रैप शूटिंग को मिलाकर 22 से अधिक पदक अपने नाम कर चुकी हैं। अपनी इसी बेहतरीन फॉर्म के बदौलत वह इस वर्ष चीन में आयोजित होने वाली ‘वर्ल्ड यूनिवर्सिटी कॉम्पिटिशन’ के लिए भारतीय टीम में चयन की प्रबल दावेदार बन गई हैं। नांदिका की इस ऐतिहासिक सफलता पर कोटा के खेल प्रेमियों, कोचों और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सफलता की कामना की है।