नई दिल्ली। Crude oil: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी बाजार पर लगातार दिख रहा है। मंगलवार को कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर तेजी आई। WTI क्रूड 79 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया, जबकि ब्रेंट क्रूड 84 डॉलर के पार कारोबार करता दिखा। वहीं, महंगाई बढ़ने की आशंका के बीच प्लैटिनम की कीमतों में कमजोरी बनी हुई है।
ताजा कारोबार में WTI क्रूड ऑयल फ्यूचर्स करीब 79.41 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहे थे, जो करीब 1.63% की बढ़त है। वहीं ब्रेंट क्रूड 84.26 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया और इसमें 1.15% की तेजी दर्ज की गई। पिछले एक हफ्ते में तेल की कीमतों में 10% से ज्यादा की तेजी आ चुकी है। इसकी बड़ी वजह होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को लेकर बढ़ा तनाव है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरानी जहाजों पर होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने पर फिर से रोक लगाने का फैसला किया है। इसके अलावा उन्होंने कहा है कि इस समुद्री रास्ते का इस्तेमाल करने वाले दूसरे देशों के मालवाहक जहाजों को मंगलवार शाम 4 बजे (ईस्टर्न टाइम) से 20% शुल्क देना होगा। ट्रंप का कहना है कि अमेरिका इस समुद्री मार्ग की सुरक्षा पर भारी खर्च करता है, इसलिए इसका फायदा उठाने वाले देशों को भी इसकी लागत में हिस्सा देना चाहिए।
रूस पर नए प्रतिबंध की तैयारी
ट्रंप ने रूस का तेल और प्राकृतिक गैस खरीदने वाले देशों पर फिर से सख्त प्रतिबंध लगाने का भी समर्थन किया है। इससे वैश्विक तेल सप्लाई को लेकर चिंता और बढ़ गई है। निवेशकों को डर है कि अगर सप्लाई प्रभावित हुई तो आने वाले दिनों में कच्चा तेल और महंगा हो सकता है।
प्लैटिनम में क्यों आई गिरावट
तेल की कीमतों में उछाल के बीच प्लैटिनम पर दबाव देखने को मिला। प्लैटिनम फ्यूचर्स करीब 1,600 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि महंगे तेल से वैश्विक महंगाई बढ़ने का खतरा पैदा होता है। ऐसे माहौल में निवेशकों का रुख बदलता है, जिससे प्लैटिनम समेत कई कीमती धातुओं की कीमतों पर दबाव आता है। हालांकि, प्लैटिनम के बुनियादी संकेतक अब भी मजबूत बने हुए हैं। केडिया एडवाइजरी का अनुमान है कि इस साल लगातार चौथे साल प्लैटिनम की सप्लाई मांग से कम रहेगी। ऊपर से बाजार में उपलब्ध स्टॉक घटकर करीब 23 लाख औंस रह सकता है, जो दुनिया की तीन महीने से भी कम मांग के बराबर है। ऐसे में लंबी अवधि में प्लैटिनम को सपोर्ट मिलने की उम्मीद बनी हुई है।

